Home Blog Page 210

प्रतियोगी परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा: एक ने दी परीक्षा, नौकरी करने पहुंचा दूसरा

रायपुर/मुंबई।

प्रतियोगी परीक्षाओं में फर्जीवाड़े का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब आईबीपीएस (IBPS) द्वारा आयोजित परीक्षा में एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। भारत सरकार के अधीन ECGC कंपनी में चयन के लिए हुई परीक्षा एक व्यक्ति ने दी और इंटरव्यू भी उसी ने दिया, लेकिन नौकरी करने कोई और पहुंच गया।

दो महीने तक की नौकरी, फिर फरार

जानकारी के अनुसार, ECGC कंपनी में 70 पदों के लिए 2022 में भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। परीक्षा आईबीपीएस के माध्यम से रायपुर के सरोना स्थित ऑनलाइन सेंटर में आयोजित हुई थी। इसमें राजस्थान के भरतपुर निवासी विनीत कुमार रामदयाल मीणा का चयन हुआ। 20 जनवरी 2023 को उसे ऑफर लेटर जारी कर दिया गया और उसने मुंबई स्थित ECGC कार्यालय में नौकरी ज्वाइन कर ली।

अंग्रेजी में कमजोर, हुआ शक

नौकरी के दौरान विनीत को अंग्रेजी में दस्तावेज़ पढ़ने, लिखने और बोलने में दिक्कतें होने लगीं। इससे अधिकारियों को शक हुआ। जांच शुरू की गई तो सामने आया कि जिसने परीक्षा दी थी, वह व्यक्ति कुछ और था और जो नौकरी कर रहा था, वह कोई दूसरा।

बीमार बताकर ली छुट्टी, फिर लापता

जैसे ही जांच शुरू हुई, विनीत कुमार ने खुद को बीमार बताया और छुट्टी पर चला गया। इसके बाद वह फरार हो गया। आईबीपीएस की जांच में स्पष्ट हुआ कि परीक्षा और इंटरव्यू किसी और ने दिया था और नौकरी कोई और कर रहा था।

मुंबई में एफआईआर, रायपुर पुलिस को जांच

ECGC ने इस फर्जीवाड़े की एफआईआर मुंबई में दर्ज कराई है। लेकिन चूंकि परीक्षा रायपुर में हुई थी, इसलिए यह केस रायपुर के डीडी नगर थाना भेजा गया है। पुलिस ने धोखाधड़ी व अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।

बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्र भी निशाने पर

इस बीच, माध्यमिक शिक्षा मंडल ने भी बोर्ड परीक्षार्थियों और उनके पालकों को अलर्ट किया है। धमतरी में फर्जी कॉल के माध्यम से पैसे की मांग की जा रही है। मंडल ने इस तरह की ठगी से सतर्क रहने की अपील की है।

रायपुर में बनेंगी दो नई हाईटेक लाइब्रेरियां, युवाओं को मिलेगा बेहतर अध्ययन और स्टार्टअप का अवसर

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और स्टार्टअप में रुचि रखने वालों के लिए एक अच्छी खबर है। नगर निगम रायपुर ने दो और हाईटेक लाइब्रेरी खोलने का निर्णय लिया है। नालंदा परिसर और मोतीबाग रीडिंग जोन की तर्ज पर यह नई लाइब्रेरी दलदल सिवनी और नालंदा परिसर के पीछे स्थापित की जाएगी। दोनों स्थानों पर 500-500 सीटों की सुविधा होगी।

युवाओं को प्रतियोगी परीक्षा और स्टार्टअप में मिलेगा सहारा

नगर निगम का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक युवाओं को पढ़ाई और रोजगार के अवसर दिए जाएं। इसी को ध्यान में रखते हुए रायपुर के जयस्तंभ चौक मल्टीलेवल पार्किंग बिल्डिंग, कलेक्ट्रेट पार्किंग बिल्डिंग और नए बस टर्मिनल में चल रहे को-वर्किंग सेंटरों की क्षमता भी बढ़ाई जाएगी। इन केंद्रों के जरिए युवाओं को स्टार्टअप का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकें

नए बस स्टैंड सेंटर में बनेंगे मीटिंग हॉल

स्टार्टअप और कॉर्पोरेट संवाद को बढ़ावा देने के लिए नए बस स्टैंड सेंटर में एक मीटिंग हॉल भी प्रस्तावित है। इसमें कंपनियों के प्रतिनिधि और युवा एक साथ बैठकर चर्चा कर सकेंगे और उन्हें विभिन्न सेक्टरों में ट्रेनिंग भी दी जाएगी।

आउटर एरिया के युवाओं को भी मिलेगा लाभ

अब तक लाइब्रेरी की सुविधाएं मुख्य रूप से जीई रोड और मोतीबाग तक सीमित थीं, जिससे आउटर इलाकों के छात्रों को परेशानी होती थी। लेकिन अब दलदल सिवनी क्षेत्र में बनने वाली नगर निगम की पहली हाईटेक लाइब्रेरी इस कमी को दूर करेगी

महापौर मीनल चौबे की पहल

इस योजना को नगर निगम के बजट में शामिल किया गया है। महापौर मीनल चौबे ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों की संख्या लगातार बढ़ रही है, और नालंदा परिसर की वर्तमान क्षमता अब पर्याप्त नहीं रह गई है। इसलिए उसी क्षेत्र में एक और आधुनिक लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा।

 

 

छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला, गरज-चमक और बारिश के साथ तापमान में उतार-चढ़ाव की संभावना

छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज

छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। अगले कुछ दिनों में प्रदेश में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम वर्षा की गतिविधियों में वृद्धि देखी जा सकती है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 14 अप्रैल से मौसम अधिक सक्रिय रहेगा और कई स्थानों पर वज्रपात व अंधड़ की संभावना भी जताई गई है।

तापमान में उतार-चढ़ाव के संकेत

राज्य में आगामी 48 घंटों के भीतर अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि संभावित है। हालांकि, अगले पांच दिनों में तापमान में बहुत अधिक परिवर्तन की संभावना नहीं है, लेकिन कुछ क्षेत्रों में हल्की गिरावट देखी जा सकती है।

बारिश और गरज-चमक के आसार

मौसम विभाग ने बताया है कि आने वाले पांच दिनों तक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर मेघ गर्जन, तेज हवाएं और हल्की वर्षा हो सकती है। विशेष रूप से 14 अप्रैल से गरज-चमक की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में वज्रपात और अंधड़ चलने की भी चेतावनी दी गई है।

बीते 24 घंटों का मौसम हाल

पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। प्रमुख आंकड़ों के अनुसार लोहंडीगुडा और देवभोग में 1 सेमी वर्षा हुई है।

तापमान के ताज़ा आंकड़े

राजनांदगांव में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा।

राजधानी रायपुर के लिए विशेष पूर्वानुमान

रायपुर में 14 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

सक्रिय वायुमंडलीय प्रणालियाँ

मौसम में यह परिवर्तन कई सक्रिय वायुमंडलीय प्रणालियों के कारण हो रहा है। इनमें 5.8 किमी की ऊंचाई तक सक्रिय एक पश्चिमी विक्षोभ, 0.9 किमी की ऊंचाई पर दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश के ऊपर स्थित एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण, और तेलंगाना तक विस्तारित एक द्रोणिका शामिल है। साथ ही, बिहार से उड़ीसा तक फैली एक अन्य द्रोणिका भी सक्रिय है।

जनजीवन पर असर और सतर्कता की आवश्यकता

इन सभी मौसमीय गतिविधियों के कारण प्रदेश में जनजीवन प्रभावित हो सकता है। ऐसे में नागरिकों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।

Chhattisgarh News: आधार सेवाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर छत्तीसगढ़ को मिला राष्ट्रीय सम्मान

रायपुर, 13 अप्रैल 2025 — डिजिटल इंडिया के विजन को साकार करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य को आधार सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। यह सम्मान नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित “आधार संवाद कार्यक्रम” में प्रदान किया गया।

राज्य की ओर से यह सम्मान छत्तीसगढ़ सदन के मनीष जोशी ने ग्रहण किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव भी उपस्थित रहे।

बच्चों के बायोमैट्रिक अपडेट में मिली उपलब्धि

छत्तीसगढ़ को यह सम्मान 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के बायोमैट्रिक अपडेट में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने के लिए मिला है। चिप्स (CHiPS), जो राज्य की नामांकन एजेंसी के रूप में कार्य कर रही है, ने इस पहल में अहम भूमिका निभाई है।

चिप्स के सीईओ प्रभात मलिक ने बताया कि 5 से 7 और 15 से 17 वर्ष के बच्चों के अनिवार्य बायोमैट्रिक अपडेट को लेकर राज्य भर में विशेष अभियान चलाया गया।

944 विशेष शिविरों का आयोजन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर दूरस्थ और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 944 विशेष आधार शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में कुल 38,762 नागरिकों का आधार पंजीयन एवं अपडेट किया गया।

डिजिटल सेवाओं को जनसुलभ बनाने की दिशा में सराहनीय पहल

ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में शिविर लगाकर आमजन तक आधार सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करना, राज्य सरकार की डिजिटल इंडिया अभियान के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Raipur News: GST चोरी का बड़ा खुलासा, दो फर्मों के संचालक गिरफ्तार, 24 करोड़ का फर्जी ITC क्लेम

रायपुर, 13 अप्रैल 2025 — छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में GST विभाग की इंटेलिजेंस यूनिट ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी का भंडाफोड़ किया है। डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI), रायपुर जोनल यूनिट ने अजय ट्रेडर्स और शुभम सेल्स नामक दो फर्मों के संचालकों को गिरफ्तार किया है।

94 करोड़ और 41 करोड़ की फर्जी खरीद का मामला

जांच में सामने आया कि इन दोनों फर्मों ने दिल्ली की विभिन्न बोगस कंपनियों से फर्जी बिलिंग कर क्रमश: 94 करोड़ और 41 करोड़ रुपये की खरीद दिखाई। इस फर्जी बिलिंग के आधार पर दोनों फर्मों ने लगभग 24 करोड़ रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) क्लेम किया।

सामान के परिवहन या वितरण के नहीं मिले साक्ष्य

DGGI की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि फर्मों द्वारा दिखाई गई खरीद के वास्तविक परिवहन या वितरण के कोई प्रमाण मौजूद नहीं थे। इस आधार पर यह सिद्ध हुआ कि यह पूरा मामला केवल कागज़ी लेन-देन और फर्जी बिलिंग के ज़रिए कर चोरी का है।

दोनों संचालकों की गिरफ्तारी, आगे की जांच जारी

GST विभाग ने दोनों फर्मों के संचालकों को गिरफ्तार कर लिया है। विभाग अब इस मामले से जुड़ी अन्य बोगस कंपनियों और संभावित नेटवर्क की जांच में जुटा है। आशंका जताई जा रही है कि इस गिरोह के तार देश के अन्य हिस्सों से भी जुड़े हो सकते हैं।

मेटल पार्क, बिरगांव: गोमाताओं की दर्दनाक मौत ने मचाई सनसनी!

13 अप्रैल की सुबह 7 से 8 बजे के बीच बिरगांव के मेटल पार्क नाले के पास एक हृदय विदारक घटना सामने आई। यहां छह गोमाताओं के शव मिले, जिनकी हालत बेहद चिंताजनक थी। पास ही में फैला मिला यूरिया युक्त भूसा, जो इन गोमाताओं के लिए जानलेवा साबित हुआ।

जैसे-जैसे दिन चढ़ा, धूप तेज़ होती गई और मृत गोमाताओं की संख्या भी बढ़ती गई। इस दुखद घटना की सूचना तुरंत बजरंग दल (बिरगांव, बनजारी प्रखंड) के सक्रिय कार्यकर्ता विरेंद्र विश्वकर्मा एवं उनके सहयोगियों द्वारा स्थानीय पुलिस प्रशासन को दी गई।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है,
बजरंग दल के अनुसार, इस हादसे के पीछे एक नाम प्रमुख रूप से सामने आया है – पूजा पशु आहार। कहा जा रहा है कि इन्हीं के द्वारा विषाक्त पदार्थों को उस स्थान पर डंप किया गया, जो इस हृदय विदारक घटना का मुख्य कारण बना।

बजरंग दल ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है और यह संकल्प लिया है कि गोमाताओं की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले – श्रमिक कल्याण और ऊर्जा के क्षेत्र में विकास को लेकर राज्य सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी में आयोजित अखिल भारतीय विद्युत मजदूर महासंघ के 18वें त्रैवार्षिक अधिवेशन में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने देशभर से आए 21 राज्यों के श्रमवीरों का स्वागत किया और उन्हें हनुमान जयंती की शुभकामनाएँ दीं।

मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा, “श्रमवीरों की यह उपस्थिति एकता और सामंजस्य का बड़ा संदेश देती है।” उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली सरकार बनी थी, तब उन्होंने श्रम राज्य मंत्री के रूप में श्रमिक हितों में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए थे, जिनमें न्यूनतम पेंशन निर्धारण और पीएफ की अनक्लेम राशि को श्रमिकों के हित में उपयोग करने जैसे फैसले शामिल हैं।

ऊर्जा क्षेत्र में विकास पर बल

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में बिजली की महत्ता सर्वविदित है। छत्तीसगढ़ एक बिजली सरप्लस राज्य है, लेकिन भविष्य की बढ़ती मांग को देखते हुए विद्युत उत्पादन क्षमता को बढ़ाने की दिशा में कार्य जारी है। हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य को 1350 मेगावाट और 850 मेगावाट की दो विद्युत परियोजनाओं की सौगात दी है।

उन्होंने बताया कि ऊर्जा क्षेत्र में 3.5 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। साथ ही, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत राज्य में हर घर तक बिजली पहुँचाने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना के लिए राज्य सरकार ने बजट में सब्सिडी का प्रावधान भी किया है।

दत्तोपंत ठेंगड़ी को श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री साय ने श्रमिक कल्याण के लिए आजीवन समर्पित रहे दत्तोपंत ठेंगड़ी को याद करते हुए उनके योगदानों को नमन किया।

इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्युत मजदूर महासंघ के मंत्री एवं प्रभारी राधेश्याम जायसवाल, मधुसूदन जोशी, शोभा सिंहदेव सहित 21 राज्यों से आए विद्युत श्रमिक उपस्थित रहे।

भारत का सेमीकंडक्टर अभियान: छत्तीसगढ़ में गैलियम नाइट्राइड फैब की नींव रखी गई, 2026 से शुरू होगा चिप निर्माण

भारत के सेमीकंडक्टर निर्माण अभियान को नई ऊंचाई पर ले जाते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को नए रायपुर में राज्य की पहली गैलियम नाइट्राइड (GaN) आधारित सेमीकंडक्टर निर्माण इकाई की आधारशिला रखी।

इस अत्याधुनिक फैब की योजना 2026 के अप्रैल-मई तक व्यावसायिक उत्पादन शुरू करने की है। संयंत्र का लक्ष्य 2030 तक प्रति वर्ष 10 बिलियन चिप्स का उत्पादन करना है।

मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम के दौरान कहा, “यह सिर्फ एक संयंत्र नहीं, बल्कि नए छत्तीसगढ़ की पहचान है।”

गैलियम नाइट्राइड, जिसे उच्च शक्ति और उच्च आवृत्ति वाले इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए सिलिकॉन से बेहतर माना जाता है, अपने उच्च दक्षता, थर्मल परफॉर्मेंस और स्थायित्व के लिए वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय है।

बड़ी निवेश की घोषणा

पॉलीमेटेक इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक ईश्वर राव नंदम ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ में 10,000 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश की घोषणा की। कंपनी ने 1,143 करोड़ रुपये की लागत से इस सुविधा को विकसित करने का संकल्प लिया है।

एक सरकारी अधिकारी के हवाले से इंडियन एक्सप्रेस ने बताया, “यह सुविधा 5G और 6G दूरसंचार बुनियादी ढांचे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उच्च आवृत्ति वाले GaN चिप्स का उत्पादन करेगी, और यह भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मील का पत्थर होगी।”

रोजगार और नवाचार का केंद्र

परियोजना के तहत बीई, बीटेक, डिप्लोमा, पॉलिटेक्निक और आईटीआई योग्यताधारी युवाओं को संयंत्र संचालन के लिए नियुक्त किया जाएगा। इस पहल से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, साथ ही विदेशी निवेश आकर्षित होगा और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को बल मिलेगा।

इसके अतिरिक्त, रायपुर स्थित यह सुविधा रेडियो फ्रीक्वेंसी सिस्टम, रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स और हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग के लिए नवाचार केंद्र के रूप में उभरेगी। पॉलीमेटेक यहां चिप्स की एडवांस पैकेजिंग का कार्य भी संभालेगी।

डॉ. संदीप पाठक का भाजपा सरकार पर तीखा हमला: “बेरोजगारी और रिक्त पदों पर सरकार नाकाम”

0

रायपुर: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संगठन सचिव और राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक ने शनिवार को छत्तीसगढ़ में बढ़ती बेरोजगारी और सरकारी विभागों में खाली पदों को लेकर राज्य की भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला। रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, उन्होंने सरकार को “विफल शासन” करार देते हुए कई गंभीर आरोप लगाए।

डॉ. पाठक ने कहा कि वर्तमान में राज्य में 16.92 लाख से अधिक लोग बेरोजगार हैं और शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में हजारों पद रिक्त हैं। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि वह योजनाएं तो बना रही है, लेकिन उनका ज़मीनी स्तर पर कोई असर नहीं दिख रहा।

शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल

उन्होंने बताया कि राज्य में 63,000 से अधिक शिक्षक पद खाली हैं और 5,500 स्कूल बिना शिक्षकों के चल रहे हैं। रायपुर जैसे शहरी क्षेत्रों में भी शिक्षकों की भारी कमी देखी जा रही है। उन्होंने 11 साल से लंबित शिक्षकों की वरिष्ठता सूची और बीएड सहायक शिक्षकों की बर्खास्तगी पर भी सवाल उठाए।

पाठक ने आरोप लगाया, “कक्षा 8 तक छात्रों को ग्रेस मार्क्स देकर पास किया जाता है, जबकि कक्षा 9 से प्रिंसिपलों पर 90% रिजल्ट लाने का दबाव डाला जाता है। इससे शिक्षा एक मज़ाक बन गई है।”

स्वास्थ्य सेवा और कर्मचारियों की स्थिति

उन्होंने बताया कि राज्य के 10 मेडिकल कॉलेजों में 642 सहायक प्रोफेसर पद रिक्त हैं। साथ ही 6 लाख से अधिक अस्थायी कर्मचारी ईपीएफ जैसे लाभों से वंचित हैं।

पीएससी में भ्रष्टाचार और रोजगार का मुद्दा

डॉ. पाठक ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (PSC) में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार को पिछले 18 महीनों में सृजित नौकरियों की संख्या, स्थानीय लोगों को आवंटित प्रतिशत, और बाहरी व्यक्तियों को दी गई नौकरियों का खुलासा करना चाहिए।

उन्होंने बस्तर क्षेत्र में कारखानों और कौशल विकास केंद्रों के बावजूद स्थानीय युवाओं को रोजगार न मिलने पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा, “खनन उद्योग से केवल सरकार और उद्योगपति लाभान्वित हो रहे हैं, जबकि स्थानीय जनता को रोजगार नहीं मिल पा रहा।”

आप की प्रतिबद्धता

डॉ. पाठक ने कहा, “जब तक बेरोजगारी दूर नहीं होती, छत्तीसगढ़ का विकास संभव नहीं। आम आदमी पार्टी शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा जैसे मूलभूत क्षेत्रों पर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है और हम हर नागरिक को रोजगार दिलाने का प्रयास करेंगे।”

छत्तीसगढ़ में ग्रामीणों की क्रूरता: भालू को प्रताड़ित कर मार डाला

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से पशु क्रूरता की एक बेहद भयावह घटना सामने आई है, जहां ग्रामीणों ने एक काले भालू को बर्बर तरीके से प्रताड़ित किया और अंततः उसकी मौत हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भालू की हालत देखकर किसी का भी दिल दहल सकता है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि भालू का एक हाथ स्टील के तार से लकड़ी के तख्ते से बांध दिया गया था। उसके पास खड़ा एक व्यक्ति लगातार उसके कान खींच रहा था, जबकि दूसरा व्यक्ति उसके सिर पर जोर-जोर से वार कर रहा था। वीडियो में यह भी देखा गया कि एक ग्रामीण भालू के नाखून उखाड़ता हुआ नजर आ रहा है, जिससे भालू दर्द से चीखने लगता है। बताया गया है कि इसी दौरान ग्रामीणों ने भालू के मुंह पर भी हमला किया, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया और अंततः उसकी मौत हो गई।

वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय वन विभाग ने मामले का संज्ञान लिया और तुरंत जांच के आदेश दिए। विभाग ने आरोपियों की पहचान के लिए ₹10,000 का इनाम घोषित किया है और उनकी तस्वीरें भी सार्वजनिक की गई हैं। मुख्य वन संरक्षक आर.सी. दुग्गा ने कहा कि इस मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

उन्होंने आगे बताया कि यह घटना वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 का गंभीर उल्लंघन है, जिसमें दोषियों को दो साल की सजा से लेकर आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि कानून के अनुसार हर वह व्यक्ति जो संरक्षित प्रजातियों को नुकसान पहुंचाता है, उसे कठोर दंड का सामना करना पड़ता है।

इस दर्दनाक घटना ने वन्यजीवों की सुरक्षा और इंसानों की संवेदनहीनता पर एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर भी लोग इस घटना की कड़ी निंदा कर रहे हैं और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं।