Home Blog Page 207

छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा: परिणाम से पहले छात्रों के मानसिक तनाव को दूर करने के लिए हेल्पलाइन सेवा शुरू

रायपुर। बोर्ड परीक्षा परिणामों के चलते छात्रों में बढ़ते मानसिक तनाव को देखते हुए छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने एक विशेष हेल्पलाइन सेवा शुरू की है। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को तनाव मुक्त करना, सही करियर मार्गदर्शन देना और पुनर्मूल्यांकन से संबंधित सवालों का समाधान प्रदान करना है।

मंडल सचिव पुष्पा साहू के निर्देश पर शुरू की गई यह सेवा 29 अप्रैल से टोल फ्री नंबर 18002334363 पर उपलब्ध है। हेल्पलाइन के जरिए छात्रों को क्लीनिकल मनोवैज्ञानिक, काउंसलर और करियर गाइडेंस विशेषज्ञ प्रतिदिन दो सत्रों में मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। सेवा का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक और दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक तय किया गया है।

आज पहले दिन हेल्पलाइन सेवा के तहत क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. प्रीति कुमारी साहू, अरुणा जैन और सहायक प्राध्यापक मनीषी सिंह ने छात्रों को मानसिक तनाव से निपटने और करियर से जुड़े निर्णय लेने में मदद दी।

इस हेल्पलाइन के माध्यम से छात्र न केवल मानसिक दबाव कम कर सकते हैं, बल्कि वे करियर के विकल्प, पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया और आगे की पढ़ाई से संबंधित अपने संदेह भी दूर कर सकते हैं। माध्यमिक शिक्षा मंडल का यह प्रयास छात्रों के लिए एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है, जिससे परीक्षा परिणाम की चिंता से बाहर आकर वे आत्मविश्वास से आगे बढ़ सकें।

छत्तीसगढ़: सरकारी अधिकारी बनकर ग्रामीणों से लाखों की ठगी, जागरूकता से हुआ भंडाफोड़

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक शातिर ठग ने खुद को सरकारी अधिकारी बताकर ग्रामीणों से लाखों रुपये की ठगी कर डाली। आरोपी सुमित कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना और पशुधन विभाग की सब्सिडी दिलाने का झांसा देकर 107 ग्रामीणों से 1.07 लाख रुपये वसूल लिए।

यह मामला ओडगी ब्लॉक के चांदनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहरसोप चौकी का है। आरोपी ने खुद को श्रम विभाग का प्रतिनिधि बताते हुए पंचायत भवन में सरपंच और पंचों की मौजूदगी में ग्रामीणों से फॉर्म भरवाए और प्रति ग्रामीण 500 से 1000 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर वसूले।

ठग ने विश्वास बढ़ाने के लिए सरकारी वाहन जैसी नंबर प्लेट (CG16 CS 0226) लगी गाड़ी का भी इस्तेमाल किया। आरोपी कोरिया जिले के टेंगनी गिरजापुर का निवासी है।

हालांकि कुछ जागरूक ग्रामीणों ने ठगी की आशंका पर श्रम विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया, जिससे पूरे मामले का खुलासा हो गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सुमित कुमार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ठगी में इस्तेमाल अन्य दस्तावेजों व साधनों की भी जांच की जा रही है।

छत्तीसगढ़ कैबिनेट बैठक: ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सुविधा योजना शुरू, तकनीकी शिक्षा और कृषक हितों पर भी अहम फैसले

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में प्रदेश के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में ‘मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सुविधा योजना’ शुरू करने का बड़ा फैसला लिया गया। इस योजना के तहत उन सुदूर ग्रामीण व अनुसूचित क्षेत्रों में, जहां यात्री परिवहन की सुविधा सीमित है, वहां सुलभ परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। योजना के तहत 18 से 42 सीटों की क्षमता वाले हल्के व मध्यम मोटरयान को अनुज्ञा पत्र दिया जाएगा और राज्य एवं जिला स्तर पर मार्ग निर्धारण के लिए समितियां गठित की जाएंगी। स्थानीय निवासियों, विशेष रूप से अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, महिलाओं और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों को प्राथमिकता दी जाएगी।

इस योजना के अंतर्गत वाहन मालिकों को प्रथम परमिट से तीन वर्ष तक मासिक कर में पूरी छूट दी जाएगी। साथ ही, पहले वर्ष 26 रुपए प्रति किलोमीटर, दूसरे वर्ष 24 रुपए और तीसरे वर्ष 22 रुपए प्रति किलोमीटर की दर से वित्तीय सहायता भी दी जाएगी। योजना में दृष्टिहीन, बौद्धिक दिव्यांग, 80 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिक, एड्स पीड़ित और नक्सल प्रभावित व्यक्तियों को किराए में विशेष छूट मिलेगी।

तकनीकी शिक्षा को मिलेगा नया आयाम

राज्य सरकार ने नवा रायपुर में ‘State of Art NIELIT Centre’ स्थापित करने के लिए राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (NIELIT) को 10.023 एकड़ भूमि निःशुल्क आवंटित करने का निर्णय लिया है। इससे छत्तीसगढ़ में तकनीकी शिक्षा और डिजिटल कौशल विकास को गति मिलेगी और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व नए रोजगार अवसर मिलेंगे।

किसानों के लिए राहत के फैसले

कैबिनेट ने कृषक उन्नति योजना के दायरे का विस्तार करते हुए रेगहा, बटाई, लीज और डुबान क्षेत्र पर खेती करने वाले किसानों को भी इस योजना का लाभ देने का निर्णय लिया। जिन किसानों से सहकारी समिति या राज्य बीज निगम के माध्यम से धान खरीदी गई है, उन्हें आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

बी.एड. सहायक शिक्षकों के समायोजन पर निर्णय

कैबिनेट ने सीधी भर्ती 2023 में सेवा समाप्त किए गए 2621 बी.एड. अर्हताधारी सहायक शिक्षकों के हित में भी महत्वपूर्ण फैसला लिया। इन शिक्षकों को सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के रिक्त पदों पर समायोजित किया जाएगा। इसके लिए स्कूल शिक्षा विभाग को अधिकृत किया गया है। कला और विज्ञान संकाय के सहायक शिक्षकों को आवश्यक योग्यताएं पूरी करने के लिए 3 साल का समय और 2 महीने का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। अन्य पिछड़ा वर्ग के 355 शेष अभ्यर्थियों के लिए सांख्येत्तर पद भी सृजित किए जाएंगे।

डमी एडमिशन के खिलाफ एनएसयूआई ने सौंपा ज्ञापन, शिक्षा में पारदर्शिता की मांग

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने डमी एडमिशन के खिलाफ कड़ा मोर्चा खोलते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने अपर कलेक्टर अभिलाषा पैकरा को ज्ञापन सौंपते हुए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की मांग की।

इस अवसर पर एनएसयूआई के प्रभारी महामंत्री हेमंत पाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डमी प्रवेश प्रणाली पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने और इसके खिलाफ ठोस नियमावली तैयार करने की मांग की। हेमंत पाल ने कहा कि डमी एडमिशन शिक्षा के अधिकार की मूल भावना के विपरीत है। विद्यालय केवल नाममात्र के लिए प्रवेश ले रहे हैं, जबकि छात्र पूरे वर्ष कोचिंग संस्थानों में पढ़ाई करते हैं। यह प्रक्रिया शिक्षा के व्यवसायीकरण को बढ़ावा देती है और विशेष रूप से ग्रामीण व आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के साथ गंभीर अन्याय है।

एनएसयूआई ने प्रशासन के समक्ष निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखीं:

  • जिले में संचालित सभी विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों की सघन जांच की जाए।

  • डमी एडमिशन प्रणाली पर सख्त प्रतिबंध लगाया जाए।

  • दोषी संस्थानों की मान्यता समाप्त करने की कार्यवाही की जाए।

  • शिक्षा विभाग द्वारा एक स्पष्ट नियमावली बनाकर व्यवस्था को नियंत्रित किया जाए।

ज्ञापन सौंपने के बाद अपर कलेक्टर अभिलाषा पैकरा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस दौरान एनएसयूआई के वाइस चेयरमैन पुनेश्वर लहरे, जिला महासचिव रजत ठाकुर, विधानसभा उपाध्यक्ष अंकित बंजारे, हिमांशु तांडी, यश देवांगन, तिरुपति राव, विनय साहू, असलान शेख, लोकेश सारथी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

समाज के उत्थान के लिए शिक्षा है आधारशिला : डॉ. ओमप्रकाश देवांगन

गरियाबंद। बिंद्रानवागढ़ राज देवांगन समाज गरियाबंद के तत्वावधान में रविवार को देवांगन कोष्टा समाज का पांचवां वार्षिक अधिवेशन भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश देवांगन समाज के अध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश देवांगन ने कहा कि समाज के उत्थान के लिए शिक्षा की आधारशिला अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विशेष रूप से बेटियों की उच्च शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षित बेटियां केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को सशक्त बनाती हैं।

डॉ. देवांगन ने कहा कि एक संगठित समाज ही अपनी पहचान और शक्ति को स्थापित कर सकता है। इसके लिए हमें एकता और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना होगा। अधिवेशन में विशिष्ट अतिथि के रूप में महेश देवांगन, संरक्षक देवांगन समाज एवं चिरंजीव देवांगन, अध्यक्ष गरियाबंद उपस्थित रहे।

इस अवसर पर धनेश देवांगन, प्रदेश अध्यक्ष राजनीतिक प्रकोष्ठ, शरद देवांगन, उपाध्यक्ष समाज, और वरिष्ठ अधिवक्ता नरेंद्र देवांगन समेत समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में सामाजिक एकता और समग्र विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।

विशिष्ट अतिथि महेश देवांगन ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को विकास में सबसे बड़ी बाधा बताया। उन्होंने विशेष रूप से शराब सेवन और प्री-वेडिंग वीडियो शूट जैसी परंपराओं को संस्कृति के लिए हानिकारक करार दिया और इन्हें जड़ से समाप्त करने की आवश्यकता जताई।

समारोह में समाज सुधार, शिक्षा और संगठन की दिशा में सार्थक चर्चा हुई और भविष्य के लिए कई सकारात्मक निर्णय लिए गए।

Raipur News: हिरण के सींग और अवशेष के साथ दो शिकारी गिरफ्तार, वन विभाग की बड़ी कार्रवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिरण के सींग और अवशेषों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की गई, जिसमें वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने छापा मारकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा।

वन विभाग की टीम ने यासिर खान और फराज खान को हिरासत में लिया है। कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों ने अधिकारियों के साथ विरोध किया और विवाद करने की कोशिश भी की, लेकिन टीम ने संयम रखते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इस पूरी कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है।

घटना का विवरण: मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर उड़नदस्ता टीम ने रायपुर में एक घर में छापा मारा। छानबीन के दौरान घर से हिरण के दो से तीन अवशेष और सींग बरामद किए गए। बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और उनसे पूछताछ जारी है।

टीम में शामिल अधिकारी:

  • उड़नदस्ता अधिकारी एवं रायपुर रेंजर दीपक तिवारी

  • बीएफओ अमृत पाल सिंह

  • बीएफओ भूपेंद्र खैरवार

  • बीएफओ दीपक वर्मा

  • बीएफओ गोस्वामी

  • सहयोगी यशपाल

वन विभाग के अनुसार, आरोपियों से हिरण शिकार और अवशेषों की खरीद-बिक्री से संबंधित गहन पूछताछ की जा रही है। विभाग जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा कर सकता है।

CG Cabinet Meeting: छत्तीसगढ़ में आज कैबिनेट बैठक, बजट घोषणाओं से लेकर मजदूरों के लिए बड़े फैसलों की उम्मीद

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज बुधवार सुबह 11:30 बजे अटल नगर नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है।

बैठक में बजट 2025-26 की कुछ प्रमुख घोषणाओं को अमलीजामा पहनाने की स्वीकृति दी जा सकती है। इसके अलावा 1 मई मजदूर दिवस के अवसर पर प्रदेश के श्रमिकों के लिए बड़ी राहत भरी घोषणाएं होने की उम्मीद है। बीएड डिग्रीधारी सहायक शिक्षकों से संबंधित विषयों पर भी चर्चा कर कोई महत्वपूर्ण निर्णय लिया जा सकता है।

बैठक में छत्तीसगढ़ में ट्रांसफर पॉलिसी लागू करने पर भी विचार हो सकता है। मध्यप्रदेश में हाल ही में ट्रांसफर पॉलिसी लागू हो चुकी है, जिसे देखते हुए छत्तीसगढ़ में भी यह कदम उठाए जाने की चर्चा तेज है।

पिछली कैबिनेट बैठक के महत्वपूर्ण फैसले:

  • परीक्षा शुल्क वापसी योजना: प्रतियोगी परीक्षाओं में स्थानीय अभ्यर्थियों के परीक्षा/साक्षात्कार में शामिल होने पर शुल्क वापसी का निर्णय। इससे गंभीर परीक्षार्थियों की उपस्थिति बढ़ने और फर्जी आवेदनों में कमी आने की उम्मीद है।

  • व्यापारियों को राहत: 10 साल से अधिक पुराने लंबित वैट मामलों में 25 हजार रुपए तक की देनदारी माफ करने का निर्णय। इससे 40 हजार व्यापारियों को राहत मिलेगी और मुकदमेबाजी के 62 हजार से अधिक मामले घटेंगे।

  • एनआईएफटी (NIFT) कैंपस को मंजूरी: नवा रायपुर में राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान की स्थापना को मंजूरी। लगभग 271.18 करोड़ की लागत से यह परियोजना फैशन शिक्षा में नए अवसर सृजित करेगी।

  • बायो-सीएनजी संयंत्रों को बढ़ावा: जैविक अपशिष्ट प्रबंधन के लिए रियायती दर पर सरकारी भूमि आबंटन की सहमति दी गई।

  • सहकारी शक्कर कारखानों से शक्कर क्रय: पीडीएस के तहत राज्य सहकारी चीनी मिलों से अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक शक्कर क्रय का निर्णय।

  • BEML संयंत्र की स्थापना: भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड को राज्य में हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग संयंत्र स्थापित करने के लिए 100 एकड़ भूमि टोकन दर पर देने की सैद्धांतिक मंजूरी दी गई।

आज की बैठक से आम जनता, व्यापारियों, श्रमिकों और युवाओं के लिए कई सकारात्मक निर्णयों की उम्मीद की जा रही है।

Thagi News: घर बैठे पैसे कमाने के झांसे में मजदूर ने गंवाए 10 लाख रुपए, साइबर ठगी का शिकार

रायगढ़। घर बैठे मोटी कमाई का सपना दिखाकर साइबर ठगों ने एक मजदूर से 10 लाख रुपए की ठगी कर ली। पीड़ित युवक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बेलटुकरी निवासी उमेश मांडे मजदूरी का काम करते हैं। हाल ही में उनके वाट्सऐप पर एक ग्लोबल ई-कॉमर्स वेबसाइट के नाम से मैसेज आया, जिसमें घर बैठे ऑनलाइन निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का झांसा दिया गया था।

उमेश ने दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया, जहां इशिता नाम की एक युवती से बातचीत हुई। युवती ने उमेश से एक आईडी और पासवर्ड बनाने को कहा और शुरुआती निवेश करने को कहा। उमेश ने बताए गए बैंक खातों में रकम जमा कर दी, जिसके बदले कुछ बढ़ी हुई राशि उनके खाते में भेजी गई। इससे उमेश को ठगों पर भरोसा हो गया।

भरोसा जमने के बाद उमेश ने अपनी जमा पूंजी और बचत से 5 लाख रुपए और फिर कर्ज लेकर अतिरिक्त 5 लाख रुपए ठगों के बताए खातों में ट्रांसफर कर दिए। इस तरह कुल 10 लाख रुपए का निवेश कर दिया।

बाद में जब उमेश ने अपनी राशि वापस मांगी, तो ठगों ने अतिरिक्त 8 लाख रुपए की मांग कर दी। तब जाकर उमेश को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर

CG News: अवैध शराब बिक्री के खिलाफ खबर छापने पर पत्रकार की बाइक चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार

गरियाबंद। अवैध शराब बिक्री के खिलाफ खबर प्रकाशित करना एक पत्रकार को महंगा पड़ गया। होली की रात पत्रिका प्रतिनिधि किरण कुमार साहू के कोपरा स्थित निवास से उनकी बाइक चोरी कर ली गई। इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, नगर के कई वार्डों में अवैध शराब बिक्री को लेकर पत्रिका ने होली से पहले स्टिंग ऑपरेशन कर कोचियों को बेनकाब किया था। खबर प्रकाशित होने के बाद तत्कालीन कलेक्टर ने जिला प्रशासन की बैठक में सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए थे।

पत्रकार किरण कुमार साहू ने चोरी की घटना के बाद पांडुका थाने में शिकायत दर्ज कराई थी और इलाके के शराब कोचियों पर संदेह जताया था। हालांकि शुरुआती दौर में पुलिस ने सीधे कोई कार्रवाई नहीं की थी।

सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की बाइक के साथ दो लोग कोपरा की गलियों में घूम रहे हैं। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने एक नाबालिग और आकाश साहू नामक युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने बाइक चोरी की बात स्वीकार की। पूछताछ के दौरान उन्होंने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ हुए स्टिंग ऑपरेशन और पत्रकार के घर की पहचान का भी जिक्र किया।

गौरतलब है कि अवैध शराब बिक्री के चलते इलाके में चोरी और अन्य अपराधों की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों में चिंता का माहौल है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

रायपुर: नकली जेवर देकर असली जेवर और नकदी लेकर फरार हुई दो महिलाएं, पुलिस जांच में जुटी

रायपुर। उरला इलाके में स्थित एक ज्वेलरी शॉप में दो महिलाओं ने ठगी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि महिलाओं ने नकली सोने के जेवरात देकर असली सोना और नकदी लेकर फरार हो गईं। इस घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, उरला मेन रोड स्थित मां बंजारी ज्वेलर्स में मंगलवार शाम दो महिलाएं पहुंचीं। इन्होंने पुराने जेवर के बदले नया जेवर खरीदने की इच्छा जताई। महिलाओं ने पुराने जेवर के तौर पर नकली आभूषण सौंपे और उसके बदले लगभग 47 ग्राम सोने के असली गहने और 80 हजार रुपए नकद ले लिए।

दुकान संचालक शांतिलाल जैन ने लेनदेन के बाद जब पुराने जेवरों की जांच कराई, तो वे नकली निकले। इसके बाद शांतिलाल जैन ने उरला थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई और दुकान में लगे CCTV फुटेज भी पुलिस को सौंपे।

पुलिस ने अज्ञात दोनों महिला आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। उरला थाना पुलिस के अनुसार, महिलाओं ने लगभग 70 ग्राम पुराने जेवर का दावा किया था और उसके बदले नए गहनों का जीएसटी सहित बिल भी बनवाया था।

उल्लेखनीय है कि इसी तरह की एक घटना हाल ही में बिलासपुर में भी सामने आई थी, जिससे ज्वेलरी व्यापारियों में सतर्कता बढ़ाने की जरूरत महसूस की जा रही है।

फिलहाल पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हुई है।