Home Blog Page 200

कोरिया में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के लिए विशेष शिविर, 10 से 12 मई तक होगी सुविधा

कोरिया जिले में अप्रैल 2019 से पहले रजिस्टर्ड वाहनों के लिए हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (HSRP) अनिवार्य कर दी गई है। इसी के तहत आरटीओ कार्यालय में 10 से 12 मई तक एक विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर में वाहन मालिकों को आरसी, आधार कार्ड और मोबाइल नंबर अपडेट करने की सुविधा के साथ ही निर्धारित शुल्क का डिजिटल माध्यम से भुगतान कर HSRP लगवाने की सुविधा मिलेगी। साथ ही वाहन की आरसी से मोबाइल नंबर लिंक करने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।

परिवहन विभाग ने जानकारी दी है कि यह प्लेट सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसमें क्रोमियम आधारित होलोग्राम, लेजर ब्रांडेड कोड और टेम्पर प्रूफ लॉक होता है। ये नंबर प्लेट बिना नुकसान किए नहीं हटाई जा सकतीं और दोबारा इस्तेमाल भी नहीं की जा सकतीं।

नंबर प्लेट की बुकिंग के लिए वाहन मालिक स्वयं परिवहन वेबसाइट, सुविधा केंद्र या चॉइस सेंटर के जरिए आवेदन कर सकते हैं। HSRP नहीं लगवाने वाले वाहनों पर भविष्य में जुर्माना और कार्रवाई की जाएगी।

कोरिया जिले में कुल 1.27 लाख वाहन पंजीकृत हैं, जिनमें से अधिकतर दोपहिया वाहन हैं। इस कार्य के लिए मेसर्स रोसमर्टा सेटी सिस्टम लिमिटेड को जिम्मेदारी दी गई है। यह कंपनी दोपहिया, तिपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों पर HSRP लगाएगी।

वाहन श्रेणियों के अनुसार शुल्क इस प्रकार है:

दोपहिया वाहन: ₹365.80

तीनपहिया वाहन: ₹427.16

हल्के मोटर वाहन: ₹656.80

भारी वाहन: ₹705.64

(जीएसटी अतिरिक्त देना होगा)

पंजीकृत वाहनों की संख्या:

दोपहिया वाहन: 1,01,249

मोटर कार: 7,298

ट्रैक्टर: 3,810

कंस्ट्रक्शन वाहन: 30

ओमनी बस: 1,050

एक्सकेवेटर: 209

कृषि ट्रेलर: 136

तिपहिया यात्री वाहन: 105

गुड्स कैरियर: 1,120

कमर्शियल ट्रैक्टर: 346

मैक्सी कैब: 67

मोटर कैब: 78

बस: 48

एजुकेशनल बस: 44

कमर्शियल ट्रेलर: 55

कुल वाहन: 1,27,000

जिला परिवहन अधिकारी अनिल भगत ने बताया कि सभी वाहन मालिकों से आग्रह है कि वे निर्धारित तिथियों में शिविर में पहुंचकर अपने वाहनों में HSRP लगवाएं।

छत्तीसगढ़ से देश के पहले हाइड्रोजन फ्यूल ट्रक की शुरुआत, मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास से देश के पहले हाइड्रोजन ईंधन चालित लॉजिस्टिक ट्रक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने ट्रक चालक को चाबी सौंपते हुए अडानी नेचरल रिसोर्सेस और सीएसपीजीसीएल को इस अभिनव प्रयास के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ट्रक न केवल छत्तीसगढ़ के सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह ग्रीन एनर्जी की ओर भारत की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है और यह पहल उस यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ती है।

अडानी एंटरप्राइजेज के नेचरल रिसोर्सेस विभाग के सीईओ डॉ. विनय प्रकाश ने इस अवसर पर कहा कि खनन और लॉजिस्टिक क्षेत्र में हाइड्रोजन फ्यूल ट्रक का उपयोग पर्यावरण के अनुकूल और स्थायी विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2070 तक भारत को शून्य कार्बन उत्सर्जन वाला देश बनाने के संकल्प की दिशा में एक मजबूत कदम के रूप में देखी जा रही है।

जम्मू-कश्मीर: सीमा पर तनाव बढ़ा, उरी के सीमावर्ती गांवों से लोगों को हटाकर श्रीनगर भेजा गया

0

भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर बढ़ते तनाव के चलते जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने एहतियात के तौर पर बड़ा कदम उठाया है। उरी जिले के सभी सीमावर्ती गांवों को खाली करा लिया गया है और वहां रहने वाले लोगों को बसों के जरिए श्रीनगर सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।

यह कदम भारत द्वारा पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) में स्थित आतंकी ठिकानों पर की गई एयर स्ट्राइक के बाद उठाया गया है। इसके बाद पाकिस्तान की ओर से सीमा पर हमले और गोलीबारी की घटनाएं लगातार बढ़ गई हैं।

ड्रोन और मिसाइल से हमले की कोशिश नाकाम

8 और 9 मई की दरम्यानी रात पाकिस्तान ने भारत की ओर कई ड्रोन और मिसाइल दागे, जिन्हें भारतीय सेना ने हवा में ही नष्ट कर दिया। इसके अलावा, उरी सेक्टर के लगमा गांव को भी निशाना बनाया गया, जहां एक बम एक दुकान के पास गिरा और उसमें आग लगने से पूरी दुकान खाक हो गई।

जानमाल का नुकसान और महिला की मौत

लगातार हो रही गोलीबारी में जानमाल को भारी नुकसान हुआ है। हाल ही में बारामुला जिले के उरी सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से की गई भारी मोर्टार गोलाबारी में एक महिला की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हुआ।

बीएसएफ ने सात आतंकवादियों को किया ढेर

सांबा जिले में बीएसएफ ने एक और घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए सात heavily armed आतंकवादियों को मार गिराया। यह घुसपैठ पाकिस्तानी रेंजर्स के सहयोग से की जा रही थी। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।

IPL 2025 स्थगित: युद्ध जैसे हालातों के चलते BCCI ने लिया बड़ा फैसला

भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया है। यह निर्णय केंद्र सरकार से विचार-विमर्श के बाद लिया गया, जिसमें खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा को सर्वोपरि माना गया।

गुरुवार को धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच चल रहे मैच को उस वक्त रोकना पड़ा, जब पाकिस्तान की ओर से हवाई और ड्रोन हमले किए गए। यह हमला मैच के 10.1 ओवर के बाद हुआ, जिससे धर्मशाला के समीपवर्ती क्षेत्रों – जम्मू, पठानकोट और उधमपुर – में ब्लैकआउट की स्थिति बन गई। इस घटना के बाद टूर्नामेंट को लेकर असमंजस और चिंता का माहौल बन गया।

लखनऊ से मिल रही जानकारी के अनुसार, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच आज होने वाला मैच भी रद्द कर दिया गया है। टिकट धारकों को पैसे लौटाए जा रहे हैं और स्टेडियम को पूरी तरह बंद कर दिया गया है।

हालांकि बीसीसीआई की तरफ से कोई आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं हुई है, लेकिन सभी फ्रेंचाइजी और अन्य महत्वपूर्ण हितधारकों को इस फैसले की जानकारी दे दी गई है। एक बोर्ड अधिकारी ने बताया, “वर्तमान हालात में देश के साथ एकजुटता दिखाने और खिलाड़ियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए IPL को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। आगे कब टूर्नामेंट फिर से शुरू होगा, यह अभी तय नहीं है। संभव है कि साल के अंत में कोई विकल्प निकले।”

मोबाइल चोरी कर PhonePe से निकाले 17 हजार, आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा मोबाइल चोरी कर PhonePe के जरिए 17 हजार रुपए निकालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पामगढ़ थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा ने बताया कि पीड़ित रामसत्ता, जो कि पामगढ़ थाना क्षेत्र के मेंउ गांव का निवासी है, ने 2 मार्च 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह सुबह 9 बजे अपने दोस्त संजीव उर्फ संजू भास्कर के साथ मारुति चौक, मेंउ में बैठा था। कुछ देर बाद दोनों अपने घर चले गए।

घर पहुंचने पर रामसत्ता ने पाया कि उसका मोबाइल गायब है। अगली सुबह जब उसने मोबाइल नंबर को फिर से चालू करवाया, तो पता चला कि उसके खाते से PhonePe के जरिए 16,700 रुपए निकाले जा चुके हैं।

जब वह इस निकासी की जानकारी लेने ग्राहक सेवा केंद्र शिवरीनारायण पहुंचा, तो वहां यह साफ हो गया कि पैसे उसी के दोस्त संजीव उर्फ संजू भास्कर ने निकाले हैं।

रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि चोरी किया गया मोबाइल उसने नदी में फेंक दिया और अधिकतर रकम खाने-पीने में खर्च कर दी। पुलिस ने उसके पास से 1,000 रुपए की नकदी बरामद की है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 303-2, 318, और 238 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की है। इस पूरे मामले में थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।

बैलगाड़ी से निकली अनोखी बारात, गांववालों को दिलाई पुराने दिनों की यादें

बलौदाबाजार, पलारी। आधुनिकता के इस दौर में जहां शादियां महंगी कारों और बैंड-बाजों के शोर-शराबे के साथ होती हैं, वहीं बलौदाबाजार जिले के ग्राम भवानीपुर में एक अनूठी मिसाल पेश की गई। यहां बुधवार को एक ऐसी बारात निकली जिसने न केवल लोगों को अचरज में डाल दिया, बल्कि दिल को भी छू गया।

गांव के फत्ते साहू के पुत्र उत्तम साहू ने अपनी शादी में न घोड़ा गाड़ी का सहारा लिया, न ही किसी महंगी कार का। बल्कि उन्होंने अपनी दुल्हन रमा साहू को लेने के लिए पारंपरिक बैलगाड़ी का चयन किया। उनका यह फैसला केवल एक साधारण चयन नहीं, बल्कि उनके स्वर्गीय दादा घासू राम साहू की अंतिम इच्छा को सम्मान देने का एक भावनात्मक निर्णय था।

बारात जैसे ही बैलगाड़ियों के काफिले के साथ गांव की गलियों से निकली, चारों ओर उत्सव जैसा माहौल बन गया। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी इस नज़ारे को देखने उमड़ पड़े। गढ़वा बाजा, ढोल और मांदर की थाप पर बाराती झूमते नज़र आए। बैलगाड़ियों को पारंपरिक तरीके से सजाया गया था, जिसने पूरे गांव में एक अलग ही रौनक भर दी।

ग्रामीणों का कहना था कि इस विवाह समारोह ने उन्हें पुराने जमाने की याद दिला दी, जब शादियां इसी सादगी और सांस्कृतिक रंग में रंगी होती थीं। राह चलते लोग भी बैलगाड़ी में सवार दूल्हे को देखने के लिए रुक गए। इस ऐतिहासिक बारात ने समाज को यह संदेश दिया कि शादी को दिखावे से नहीं, भावनाओं और परंपराओं से खास बनाया जा सकता है।

यह अनोखी बारात अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है और लोग इसे छत्तीसगढ़ की संस्कृति और जड़ों से जुड़ने की एक सुंदर मिसाल मान रहे हैं।

धमतरी जिले के गिरौद में रेत खदान को बंद कराने ग्रामीणों का प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के ग्राम गिरौद में रेत खदान बंद कराने को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बीते दिनों ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए खदान बंद करने की मांग की थी और कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी। गुरुवार को इसी मुद्दे को लेकर ग्रामीण गांव के चौक में एकत्र हुए और मुख्यमंत्री निवास तक मार्च करने का निर्णय लिया।

पुलिस और प्रशासन ने रोका मार्च

जैसे ही ग्रामीण सीएम हाउस की ओर पैदल रवाना हुए, पुलिस और प्रशासन की टीम ने उन्हें गांव से कुछ ही दूरी पर रोक लिया। इसके बाद प्रशासन ने समझाइश दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने विरोध बंद कर दिया और वापस लौट गए। हालांकि, इस दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नाराज़गी जाहिर करते हुए जमकर हंगामा किया।

ठेकेदार पर मनमाने खनन का आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि महानदी में रेत खनन के लिए खनिज विभाग ने एक ठेकेदार को अनुमति दी है, लेकिन ठेकेदार द्वारा नियमों का उल्लंघन कर मनमाने ढंग से खनन किया जा रहा है। इसके चलते नदी में बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे किसानों और मवेशियों को खतरा बढ़ गया है। बारिश के मौसम में इन गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटनाएं होने की आशंका है।

ग्रामीणों की समस्याएं और मांगें

गांव के किसानों को खेतों तक जाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मवेशियों के लिए चारे का इंतजाम भी चुनौती बन गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि अवैध रेत खनन पर रोक नहीं लगाई गई तो इससे क्षेत्र के जलस्तर में भारी गिरावट आएगी और स्थानीय निवासियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।

ग्रामीणों की मुख्य मांग है कि रेत खदान को तत्काल बंद किया जाए और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। प्रशासन की ओर से फिलहाल इस मामले में कोई ठोस कदम उठाए जाने की जानकारी नहीं दी गई है।

धान की नीलामी में भारी नुकसान की आशंका: बस्तर संभाग में खुले में पड़ा 20 लाख क्विंटल धान

छत्तीसगढ़ सरकार को खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान की नीलामी में भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा और बीजापुर से खरीदे गए करीब 20 लाख क्विंटल धान अभी भी बस्तर जिले के प्रमुख संग्रहण केंद्रों में खुले आसमान के नीचे रखा हुआ है, जो गुणवत्ता पर भी असर डाल रहा है।

सरकार ने किसानों से यह धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदा था, जिसकी कुल कीमत लगभग 620 करोड़ रुपए है। लेकिन वर्तमान समय में नीलामी दरें काफी कम होने के कारण अगर यह धान 1900 रुपए प्रति क्विंटल की दर पर बेचा जाता है, तो सरकार को अनुमानित रूप से 440 करोड़ रुपए का नुकसान झेलना पड़ सकता है।

तीन महीने बीत जाने के बावजूद धान अब तक संग्रहण केंद्रों में पड़ा हुआ है। बारिश और नमी के कारण इसके खराब होने का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि उठाव की प्रक्रिया जारी है, लेकिन जमीनी हालात इससे अलग तस्वीर पेश कर रहे हैं।

इस बीच मार्कफेड द्वारा नीलामी के लिए जारी किए गए पहले टेंडर में कई राज्य जैसे हरियाणा और ओडिशा के मिलर्स ने भाग लिया, लेकिन उन्होंने प्रति क्विंटल महज 1500-1600 रुपये की दर से ही बोली लगाई। यह दर सरकार की खरीदी कीमत से काफी कम थी, जिससे टेंडर को रद्द कर दिया गया।

अब नए री-टेंडर में न्यूनतम दर 1950 और अधिकतम दर 2150 रुपए प्रति क्विंटल तय की गई है। उम्मीद की जा रही है कि 13 मई तक नीलामी की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

जिला विपणन अधिकारी राजेंद्र कुमार ध्रुव ने कहा है कि संग्रहण केंद्रों से धीरे-धीरे धान का उठाव हो रहा है और जल्द ही शेष धान भी उठवा लिया जाएगा। 

खराब कार बेचकर पार्षद से धोखाधड़ी, नीरज मोटर्स संचालक पर FIR दर्ज

राजेंद्र नगर क्षेत्र में एक सेकंडहैंड कार डीलर के खिलाफ धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। नीरज मोटर्स के संचालक सागर वाधवानी पर आरोप है कि उन्होंने पार्षद शकुंतला धन्नू बंदे के पति को खराब इनोवा कार बेच दी और पूरी रकम लेने के बाद भी ना तो कार को दुरुस्त कराया, ना ही नाम ट्रांसफर करवाया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लालपुर इलाके में नीरज मोटर्स के नाम से सागर वाधवानी की पुरानी कारों की खरीदी-बिक्री की दुकान है। वर्ष 2023 में उरला निवासी पार्षद के पति ने उससे इनोवा (सीजी 04 एचबी 1197) खरीदी थी। इसके लिए उन्होंने 3 लाख 31 हजार रुपए का भुगतान किया। सागर ने भरोसा दिलाया कि कार पूरी तरह फिट है और जल्द ही नाम भी ट्रांसफर करवा दिया जाएगा।

हालांकि, कार घर लाने के कुछ ही दिनों बाद उसमें तकनीकी समस्याएं आने लगीं। कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो कार में सुधार हुआ और न ही दस्तावेज ट्रांसफर किए गए। परेशान होकर पीड़ित ने कार वापस लौटा दी और अपने पैसे वापस मांगे।

इस पर सागर ने 1 लाख 65 हजार रुपए का चेक दिया, जो बैंक में बाउंस हो गया। जब पीड़ित ने दोबारा पैसे मांगने की कोशिश की, तो सागर ने उन्हें धमकाया और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। आखिरकार, पीड़ित ने राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सागर वाधवानी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है और आरोपी इस समय फरार है।

सूत्रों के अनुसार, सागर पर पहले भी इस तरह की धोखाधड़ी के आरोप लग चुके हैं। बताया जा रहा है कि उसने कई ग्राहकों को कार बेचने के नाम पर ठगा है। पुलिस अब अन्य पीड़ितों से भी संपर्क कर रही है।

फर्जी डॉक्टर नरेंद्र पर शिकंजा कसने की तैयारी, कल सौंप दी जाएगी जांच रिपोर्ट

छत्तीसगढ़ के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्व. राजेंद्र प्रसाद शुक्ल की 2006 में हुई मृत्यु के मामले में नया मोड़ आया है। अपोलो हॉस्पिटल में हार्ट ट्रीटमेंट के दौरान हुई उनकी मौत की जांच अब गंभीरता से की जा रही है। इस जांच की वजह है उस समय इलाज करने वाले डॉक्टर नरेंद्र विक्रम यादव की डिग्री फर्जी साबित होना।

डॉ. नरेंद्र को हाल ही में मध्यप्रदेश के दमोह में फर्जी डिग्री के आधार पर इलाज करते हुए पकड़ा गया था, जहां उनके इलाज से सात लोगों की जान चली गई थी। इस खुलासे के बाद स्व. शुक्ल के बेटे डॉ. प्रदीप शुक्ला ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई और सीएमएचओ से इसकी विस्तृत जांच की मांग की।

स्वास्थ्य विभाग की तीन सदस्यीय टीम—जिसमें वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. बीएल बंसल, सिम्स के डॉ. नवनीत अग्रहरि और नोडल अधिकारी डॉ. विजय मिश्रा शामिल हैं—इस केस की जांच कर रही है। टीम को 10 मई तक रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

अपोलो हॉस्पिटल से आरोपी डॉक्टर के बायोडाटा, डिग्री और इलाज से संबंधित दस्तावेज मांगे गए थे। टीम ने एंजियोप्लास्टी और एंजियोग्राफी की वीडियो सीडी भी मांगी, लेकिन अस्पताल ने यह कहकर इनकार कर दिया कि उस समय कोई सीडी रिकॉर्ड नहीं की गई थी।

अब जांच दस्तावेजों के आधार पर ही आगे बढ़ रही है। रिपोर्ट तैयार होने के बाद उसे मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (MCI) को भेजा जाएगा, जहां आगे की कार्रवाई और वेरीफिकेशन की प्रक्रिया तय होगी।

– डॉ. प्रमोद तिवारी, सीएमएचओ ने पुष्टि की कि रिपोर्ट तय समय पर सौंप दी जाएगी।