Home Blog Page 163

मानसून ने पकड़ी रफ्तार, दुर्ग में दी दस्तक – दो दिन में छत्तीसगढ़ होगा बारिश से सराबोर

छत्तीसगढ़ में मानसून ने आखिरकार तेजी पकड़ ली है। 28 मई से दंतेवाड़ा में रुका हुआ मानसून 17 जून, सोमवार को दुर्ग पहुंच गया है। करीब 20 दिनों की देरी के बाद मानसून ने दुर्ग में जोरदार शुरुआत की। अब अनुमान है कि मंगलवार को राजधानी रायपुर में भी मानसून दस्तक दे देगा।

आने वाले दिनों में झमाझम बारिश के आसार

मौसम विभाग की मानें तो आने वाले तीन दिनों के भीतर प्रदेश के मध्य और उत्तरी हिस्सों में तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने की आशंका है। खासकर 17 और 18 जून को उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। बंगाल की खाड़ी में बने ऊपरी हवा के चक्रवात के कारण मानसून के पूरे प्रदेश में फैलने की अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं।

दुर्ग में मानसून की एंट्री के साथ ही तेज बारिश

जब मानसून दंतेवाड़ा पहुंचा था तब वहां बारिश नहीं हुई थी, लेकिन दुर्ग में उसकी एंट्री के साथ ही झमाझम बारिश देखने को मिली। पिछले 24 घंटे में दुर्ग में 6 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। गीदम में 5 सेमी, कवर्धा, पिपरिया और गुंडरदेही में 4-4 सेमी पानी गिरा। घुमका, पुसौर, जांजगीर, नया बाराद्वार, बिलासपुर, अहिवारा, भिलाई, अर्जुंदा, गुरुर, छुरा में 3-3 सेमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, राजनांदगांव, गंडई, पिथौरा, सारागांव, खैरागढ़ और अन्य इलाकों में 2 सेमी या इससे कम वर्षा दर्ज की गई।

गर्मी से राहत, पर उमस ने बढ़ाई परेशानी

बारिश और बादल छाए रहने के कारण गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन बढ़ती उमस ने लोगों को परेशान किया। रायपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.2 डिग्री ज्यादा रहा। हालांकि, सबसे ज्यादा गर्मी दुर्ग में रही, जहां पारा 36.2 डिग्री तक पहुंच गया।

अचानकमार टाइगर रिजर्व के गांवों में फैलेगा उजाला, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दिखाई बैटरियों को हरी झंडी

छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के सुदूरवर्ती और वनवासी क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में एक और ठोस कदम उठाया है। मुंगेली जिले के अचानकमार टाइगर रिजर्व (एटीआर) अंतर्गत स्थित दुर्गम वनग्रामों में रात्रिकालीन सौर प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुराने और क्षमता खो चुके सोलर बैटरियों को बदला जा रहा है।

शनिवार को उप मुख्यमंत्री एवं लोरमी विधायक अरुण साव ने लोरमी से 13 बसाहटों के लिए नई सोलर बैटरियां लेकर जा रहे वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बैटरियों की आपूर्ति क्रेडा (CREDA) के माध्यम से की जा रही है, जो महामाई, डंगनिया, तिलईडबरा, लमनी, छपरवा, अचानकमार, मंजूरहा, कटामी, अतरिया, बम्हनी, राजक और सुरही सहित 12 गांवों की बसाहटों में लगाई जाएंगी।

उल्लेखनीय है कि इन क्षेत्रों में पहले से स्थापित सोलर यूनिट्स की बैटरियां पुरानी हो चुकी थीं, जिससे रात में घरों और गलियों में रोशनी की कमी हो रही थी। अंधेरे की वजह से स्थानीय लोग असुरक्षित महसूस कर रहे थे और जंगली जानवरों का खतरा भी बना रहता था।

इस समस्या को ग्रामीणों ने 19 मई को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में बिजराकछार में आयोजित समाधान शिविर में प्रमुखता से उठाया था। तत्पश्चात उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इस दिशा में तुरंत कार्रवाई करते हुए बैटरियों को बदलने के निर्देश दिए।

अब इन 13 बसाहटों में नई बैटरियों की स्थापना के बाद 322 घरों और गलियों में पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित की जा सकेगी। पूरे अचानकमार क्षेत्र में पहले ही 25 गांवों में 112 सोलर पॉवर यूनिट्स लगाई जा चुकी हैं, जिनमें से यह कार्य 12 गांवों को कवर करता है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात के मौसम में भी अब ये गांव अंधेरे में नहीं डूबेंगे। सरकार की प्राथमिकता है कि दूरस्थ और वनवासी गांवों तक सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर पहुंचें। यह प्रयास ग्रामीणों के जीवन को सुरक्षित और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

प्रवेश उत्सव से पहले ही संकट: अनिश्चितकालीन हड़ताल पर स्कूल सफाई कर्मचारी, गंदगी से सने रहेंगे स्कूल

जिले में ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद 17 जून, सोमवार से नए शिक्षा सत्र की शुरुआत हो रही है, लेकिन इस बार स्कूल खुलते ही एक बड़ी समस्या सामने आ गई है। जिले के सभी 1350 स्कूल सफाई कर्मचारी 16 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं, जिससे स्कूलों की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। ऐसे में बच्चों को पहले ही दिन गंदगी में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ सकती है, या फिर वे खुद ही झाड़ू उठाकर स्कूल साफ करते नजर आएंगे।

शिक्षा विभाग की वैकल्पिक व्यवस्था नदारद

स्कूलों में साफ-सफाई को लेकर पहले से ही कोई तैयारी नहीं की गई थी और अब जब सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं, तब भी शिक्षा विभाग ने किसी तरह की वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की है। स्कूल लंबे अवकाश के बाद खुल रहे हैं और ऐसे में कक्षाएं धूल-मिट्टी और गंदगी से भरी पड़ी हैं। कई स्कूलों में रंग-रोगन तक नहीं हुआ है।

ये हैं कर्मचारियों की मांगें

स्कूल सफाई कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष राकेश कलिहारी ने बताया कि उनकी वर्षों से चली आ रही मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। वे चाहते हैं कि अंशकालीन सफाई कर्मियों को पूर्णकालिक किया जाए, कलेक्टर दर पर वेतन दिया जाए और युक्तियुक्तकरण के चलते मर्ज हुए स्कूलों में कर्मचारियों को समायोजित किया जाए।

संघ का कहना है कि इस बार आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी क्योंकि अब सिर्फ आश्वासन नहीं, अधिकार चाहिए।

354 स्कूलों का हुआ है मर्जर, लेकिन समायोजन अधर में

जिले में हाल ही में 354 स्कूलों को युक्तियुक्तकरण योजना के तहत मर्ज किया गया है, जिससे कई सफाई कर्मचारी प्रभावित हुए हैं। लेकिन प्रशासन की ओर से उनके समायोजन को लेकर अब तक कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी नहीं किया गया है।

पहले ही दिन गंदगी के बीच बैठेेंगे छात्र

साफ है कि यदि जल्द कोई समाधान नहीं निकला, तो स्कूल खुलने के दिन बच्चों को गंदगी के बीच बैठना होगा। यह न सिर्फ छात्रों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है बल्कि स्कूल के प्रवेश उत्सव जैसे महत्वपूर्ण दिन की गरिमा भी धूमिल हो रही है।

अब सवाल ये है कि शिक्षा व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारी इस संकट का समाधान कब और कैसे निकालेंगे?

हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं से जुड़ा बड़ा खुलासा, फाइनेंस कंपनी का मैनेजर गिरफ्तार

रायपुर: परदेशिया हिस्ट्रीशीटर रोहित सिंह तोमर और वीरेंद्र सिंह तोमर से जुड़े मामले में पुलिस को एक अहम सफलता मिली है। पुलिस ने दोनों भाइयों के फाइनेंस कारोबार से जुड़े मैनेजर बंटी सहारे को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंटी सहारे परदेशिया तोमर बंधुओं का बेहद करीबी सहयोगी है और उनकी फाइनेंस कंपनी का संचालन देखता था। वह पिछले कई वर्षों से तोमर बंधुओं के साथ मिलकर अवैध रूप से सूद पर कर्ज देने का कारोबार चला रहा था।

पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद बंटी के पास से करोड़ों रुपये के लेन-देन से संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए हैं। गौरतलब है कि 3 जून को पुलिस ने भाठागांव स्थित परदेशिया तोमर बंधुओं के आवास पर छापा मारा था, जिसके बाद जांच में यह बड़ी कार्रवाई सामने आई है।

इस खुलासे से परदेशिया तोमर गिरोह के अवैध आर्थिक नेटवर्क की परतें खुलती जा रही हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।

छत्तीसगढ़ की बेटी ने बढ़ाया मान: भाटापारा की दामिनी देवांगन बनीं मिस इंडिया यूनिवर्स 2025

बलौदाबाजार , छत्तीसगढ़ के भाटापारा क्षेत्र की रहने वाली दामिनी देवांगन ने मिस इंडिया यूनिवर्स 2025 का प्रतिष्ठित खिताब जीतकर पूरे प्रदेश को गौरवान्वित कर दिया है। यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता गोवा के कैडोलिम बीच स्थित होटल सोनैस्टा इन में आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर की प्रतिभाओं को पीछे छोड़ते हुए दामिनी ने यह मुकाम हासिल किया।

ग्राम करही बाजार निवासी दामिनी का ताल्लुक एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से है। उनके पिता नारायण देवांगन एक छोटी दुकान चलाते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। दामिनी फिलहाल एमबीए के अंतिम वर्ष की छात्रा हैं और फार्मासिस्ट होने के साथ-साथ मेकअप आर्टिस्ट भी हैं। मॉडलिंग को उन्होंने अपने जुनून के रूप में अपनाया और जनवरी 2025 से प्रोफेशनल मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा।

दामिनी की इस शानदार उपलब्धि पर क्षेत्रीय विधायक इन्द्र साव ने उनके घर पहुंचकर उन्हें और उनके परिवार को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दामिनी को हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया। विधायक ने कहा कि एक सामान्य परिवार की बेटी का इस मुकाम तक पहुंचना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।

मिस छत्तीसगढ़ का खिताब जीतने के बाद अब दामिनी का अगला लक्ष्य मिस वर्ल्ड का खिताब है। उनका सपना है कि वे एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रोफेशनल रनवे मॉडल बनें, एड और ब्रांड शूट्स करें और किसी नामी ब्रांड की ब्रांड एंबेसडर बनें।

परिवार और क्षेत्रवासियों के सहयोग से दामिनी आज सफलता की ऊंचाइयों को छू रही हैं और छत्तीसगढ़ की पहचान को राष्ट्रीय पटल पर सशक्त रूप से स्थापित कर रही हैं।

रायपुर: हर्ष प्राइड में आबकारी विभाग की छापेमारी, 105 लीटर विदेशी शराब जब्त

राजधानी रायपुर में आबकारी विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग की टीम ने दलदल सिवनी क्षेत्र स्थित हर्ष प्राइड नामक परिसर में छापेमारी कर 105 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। बताया जा रहा है कि यह शराब मध्यप्रदेश से तस्करी कर लाई गई थी और इसमें कई नामी ब्रांड शामिल हैं।

छापेमारी के दौरान मौके से संजय दासवानी नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जो अवैध रूप से शराब रखने और बेचने का आरोप झेल रहा है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक जब्त की गई शराब की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 59 हजार रुपये आंकी गई है।

आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। विभाग का कहना है कि ऐसे अवैध कारोबार पर कड़ी नजर रखी जा रही है और आगे भी इस तरह की कार्रवाइयाँ जारी रहेंगी। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

अग्रवाल सभा अध्यक्ष पद को लेकर सहमति नहीं बनी, 17 जून से शुरू होगी चुनाव प्रक्रिया

अग्रवाल सभा रायपुर में अध्यक्ष पद को लेकर साधारण सभा में सर्वसम्मति नहीं बन पाने के चलते अब चुनाव के माध्यम से नए अध्यक्ष का चयन किया जाएगा। इसके लिए 17 जून से चुनावी प्रक्रिया की शुरुआत होगी और 29 जून को मतदान के साथ ही नए अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी।

इस बार अध्यक्ष पद के लिए तीन नाम सामने आए हैं – वर्तमान अध्यक्ष विजय अग्रवाल, सुरेश गोयल और रमेश अग्रवाल। सभा में कोशिश की गई कि विजय अग्रवाल को एक बार फिर अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी जाए, लेकिन अन्य दो उम्मीदवारों की दावेदारी के चलते सर्वसम्मति नहीं बन पाई। इसी कारण से आम सहमति के बजाय अब लोकतांत्रिक प्रक्रिया से अध्यक्ष चुना जाएगा।

रविवार को श्री अग्रसेन धाम, छोकरानाला में आयोजित आमसभा में यह निर्णय लिया गया। चुनाव अधिकारी रमेश चंद्र अग्रवाल, सह प्रभारी विनय बजाज, प्रमोद जैन और गोपाल अग्रवाल ने बताया कि यह चुनाव तीन वर्षों (2025–2028) की अवधि के लिए होगा।

इस चुनाव में अग्रवाल सभा रायपुर के कुल 14,499 सदस्य अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। मतदान 29 जून को श्री अग्रसेन धाम में किया जाएगा और उसी दिन परिणाम की घोषणा कर दी जाएगी।

चुनाव कार्यक्रम संक्षेप में:

चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत: 17 जून

मतदान तिथि: 29 जून

स्थल: श्री अग्रसेन धाम, छोकरानाला

मतदाता संख्या: 14,499

इस घटनाक्रम के बाद अग्रवाल समाज में चुनावी उत्साह और चर्चाएं तेज हो गई हैं।

स्कूलों के समय में बदलाव, अब सुबह 7 से 11 बजे तक लगेंगी कक्षाएं, शिक्षा विभाग का आदेश जारी

छत्तीसगढ़ में 16 जून से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो गई है। इसी के साथ राज्य सरकार ने स्कूलों के संचालन समय में बड़ा बदलाव करते हुए नया आदेश जारी किया है। भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने यह फैसला लिया है, ताकि बच्चों को दोपहर की तपती धूप से बचाया जा सके।

नए आदेश के मुताबिक, 17 जून से 21 जून 2025 तक प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ाई का समय सुबह 7 बजे से 11 बजे तक निर्धारित किया गया है। यह व्यवस्था विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई है।

इधर, शिक्षक संगठनों ने भीषण गर्मी को लेकर स्कूलों की छुट्टियां एक हफ्ते और बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन इस संबंध में सरकार की ओर से अभी तक कोई फैसला नहीं लिया गया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए लिखा,

> “प्यारे बच्चों, आज से स्कूल की घंटी फिर से बजने लगी है। नई किताबों की खुशबू, नई कक्षा का उत्साह और नए सपनों के साथ एक नई शुरुआत हो रही है। पूरी लगन से पढ़ाई करें, सवाल पूछें, जवाब खोजें और निरंतर आगे बढ़ते रहें।”

यह बदलाव विद्यार्थियों के हित में लिया गया एक महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।

छत्तीसगढ़ के ग्रामीण इलाकों में पहली बार दौड़ेंगी यात्री बसें: 587 किमी के 13 नए रूट तय

0

छत्तीसगढ़ के बस्तर और सरगुजा संभाग के दूरस्थ और अंदरूनी इलाकों के लिए एक बड़ी सौगात सामने आई है। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत इन क्षेत्रों में पहली बार यात्री बसों का संचालन किया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत 9 जिलों में 13 नए मार्गों पर कुल 587 किलोमीटर तक बसें चलाई जाएंगी।

परिवहन विभाग ने इन बस मार्गों का रूटमैप तैयार कर लिया है। सड़क मार्गों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही बस परमिट जारी कर दिए जाएंगे।

यह है बस रूटों का विस्तृत विवरण:

बस्तर संभाग:

दंतेवाड़ा: कटेकल्याण से नकुलनार तक – तुमकापाल, गड़से, तेलम, टेटम, ऐटेपाल होते हुए (42 किमी)

सुकमा: कोन्टा से मरईगुड़ा (वन क्षेत्र) तक – मुरलीगुड़ा, दुबामरका, पुसगुड़ा, किस्टाराम सहित (68 किमी)

जगदलपुर: दरभा से कामानार तक और वापसी – नेतानार, बोदेल, केशपुर, लेण्ड्रा चौक जैसे गांवों से होते हुए (94 किमी)

बीजापुर:

जिला मुख्यालय से कान्दुलनार तक – चिन्नाकोड़ेपाल, आदेड़ होकर (25 किमी)

भोपालपट्नम से कांदलापर्ती तक – उल्लूर, चिल्लामरका से होकर (22 किमी)

भोपालपट्नम से मट्टीमरका तक – बरदली, पोल्लेम जैसे ग्रामीण क्षेत्रों से (19 किमी)

अन्य संभाग:

नारायणपुर: जिला मुख्यालय से नलंगुर तक – कुकड़ाझोर, मोहंदी, कुतुल जैसे गांवों से (63 किमी)

कोण्डागांव: जिला मुख्यालय से रानापाल तक – बयानार, चेमा, मलनार, नवागांव सहित (70 किमी)

जशपुर: दुलदुला से दुलदुला (राउंड रूट) – मन्जूरचूंदी, बाकुना, सिरिमकेला (27 किमी)

बलरामपुर :राजपुर से नरसिंहपुर तक – परसागुड़ी, चिलमाकला से होकर (20 किमी)

राजपुर से अखराखुर्द तक – डकवा, बदौली, कुन्दीकला होकर (42 किमी)

मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर:

जनकपुर से बड़वाही तक – भरतपुर, हरचौका, महदौली होते हुए (45 किमी)

जनकपुर से मलकडोल तक – मसौरा, लाखनटोला, ककलेड़ी, मन्नौढ़ सहित (50 किमी)

इस योजना से इन क्षेत्रों के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी और ग्रामीण विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

जल्द शुरू होगा बस संचालन, जिससे हजारों ग्रामीणों को आवाजाही में बड़ी राहत मिलेगी।

भारत को चाहिए 50 लाख सीए, फिलहाल सिर्फ 4-5 लाख सक्रिय: नेशनल स्टूडेंट्स कॉन्फ्रेंस में हुआ खुलासा

डीडीयू ऑडिटोरियम रविवार को चार्टर्ड अकाउंटेंसी की रोशनी से जगमगा उठा, जब देशभर से आए छात्रों ने नेशनल स्टूडेंट्स कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया। मंच पर मौजूद थे सीए जगत के दो लोकप्रिय नाम—सीए शुभम सिंघल (पुणे) और सीए भंवर बोराना (मुंबई)। इनकी एक झलक और तस्वीर के लिए युवाओं की लंबी लाइनें लगी रहीं। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी वर्चुअली अपने विचार साझा किए।

“रैंक ही सब कुछ नहीं” – शुभम सिंघल

सीए शुभम सिंघल ने अपनी बात रखते हुए बताया कि पढ़ाई के दौरान टेस्ट सीरीज बेहद अहम होती हैं। उन्होंने कहा कि कम नंबर आने पर घबराने की बजाय उसे सीखने का जरिया बनाएं। खुद को उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि भले ही उन्हें सीए फाइनल में ऑल इंडिया रैंक 4 मिली थी, लेकिन नौकरी के लिए खुद आगे बढ़कर प्रयास करना पड़ा। उन्होंने कहा, “कभी मत सोचिए कि रैंक मिलते ही बड़ी कंपनियां खुद आकर ऑफर देंगी, असल लड़ाई तो वहां से शुरू होती है।”

करियर की ऊंचाइयों के लिए जरूरी हैं चार गुण: भंवर बोराना

सीए बनने के बाद सफल करियर के लिए क्या चाहिए, इस पर भंवर बोराना ने चार अहम स्किल्स बताए—एडॉप्टिबिलिटी (अनुकूलता), कम्युनिकेशन, लीडरशिप और हार्ड वर्क। उन्होंने कहा कि हर हाल में नई चीजें सीखने की कोशिश करते रहना चाहिए, चाहे इसके लिए चैटजीपीटी जैसी तकनीक की मदद क्यों न लेनी पड़े। भंवर ने युवाओं को कंफर्ट जोन से बाहर आने की सलाह दी और कहा, “आप कहां से आए हैं, यह मायने नहीं रखता; आप कहां जाना चाहते हैं, यह जरूरी है।”

भारत को चाहिए लाखों नए सीए

 भंवर बोराना ने कहा कि वर्तमान में भारत में सिर्फ 4-5 लाख एक्टिव सीए हैं, जबकि आने वाले समय में 50 लाख सीए की जरूरत पड़ेगी। देश की बढ़ती अर्थव्यवस्था और जटिल होती टैक्स प्रणाली के चलते प्रोफेशनल सीए की मांग तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा, “हर व्यक्ति अब टैक्स रिटर्न फाइल करता है, ऐसे में विशेषज्ञों की जरूरत स्वाभाविक रूप से बढ़ेगी।”

एआई नहीं ले सकता अनुभव की जगह

भंवर बोराना से जब पूछा गया कि क्या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सीए प्रोफेशन के लिए खतरा बन सकता है, तो उन्होंने स्पष्ट जवाब दिया—एआई उत्तर दे सकता है, पर अनुभव नहीं। उन्होंने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंसी एक ऐसा पेशा है जहां अनुभव का कोई विकल्प नहीं है, इसलिए इसमें एआई की सीधी चुनौती नहीं होगी।

टेस्ला के सीएफओ वैभव तनेजा पर सबसे बड़ा पैकेज

भंवर बोराना ने इस मौके पर बताया कि 2024 में सबसे बड़ा पैकेज पाने वाले भारतीय सीए वैभव तनेजा हैं, जो टेस्ला के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर हैं। उन्होंने इसे भारतीय सीए कम्युनिटी के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।