Home Chhattisgarh news Bhilai news रक्षाबंधन के दिन खेलते-खेलते मासूम की कुएं में डूबकर मौत, गांव में छाया मातम

रक्षाबंधन के दिन खेलते-खेलते मासूम की कुएं में डूबकर मौत, गांव में छाया मातम

0
रक्षाबंधन के दिन खेलते-खेलते मासूम की कुएं में डूबकर मौत, गांव में छाया मातम

भिलाई। रक्षाबंधन जैसे खुशियों भरे दिन को भिलाई जिले के उमरावनगर गांव में एक दर्दनाक हादसे ने मातम में बदल दिया। शनिवार शाम करीब 7 बजे 6 वर्षीय तिलक साहू, पिता दुलेश्वर साहू, अपने घर के सामने दोस्तों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अचानक लापता हो गया। परिजनों ने पहले गांव में खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

जब काफी देर तक तिलक नहीं मिला, तो ग्रामीणों को संदेह हुआ कि वह घर के सामने स्थित निरंजन कुएं में गिर गया होगा। तुरंत लोगों ने कुएं में कांटा डालकर तलाश शुरू की। कुछ ही देर में कांटे में फंसकर बच्चे का शव बाहर आ गया। यह देखते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी और गम का माहौल फैल गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल थानखहरिया भेजा। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।

ग्रामीणों के अनुसार, घर के सामने स्थित कुएं में एक पाइप निकला हुआ है, जिस पर बच्चे अक्सर खेलते हुए चलते थे। आशंका जताई जा रही है कि हादसे के दिन भी तिलक पाइप पर चल रहा था और फिसलकर कुएं में गिर गया, जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई।

त्यौहार के दिन हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। परिजन सदमे में हैं और इलाके में गहरी शोक की लहर है। पुलिस ने प्रार्थी दुलेश्वर साहू की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।