Home Chhattisgarh news फेक न्यूज से बचाव के लिए अनोखी पहल: आरंग के स्कूल में अब पढ़ाई की शुरुआत अखबार से

फेक न्यूज से बचाव के लिए अनोखी पहल: आरंग के स्कूल में अब पढ़ाई की शुरुआत अखबार से

0
फेक न्यूज से बचाव के लिए अनोखी पहल: आरंग के स्कूल में अब पढ़ाई की शुरुआत अखबार से

राजधानी रायपुर से करीब 37 किलोमीटर दूर स्थित गांधी इंग्लिश मीडियम हायर सेकंडरी स्कूल, आरंग ने छात्रों के लिए एक सराहनीय और अनोखी शुरुआत की है। स्कूल में अब हर दिन का पहला पीरियड छात्रों के लिए अखबार पढ़ने के लिए निर्धारित किया गया है। यह कदम फेक न्यूज और सोशल मीडिया की भ्रामक जानकारी से बच्चों को बचाने और उन्हें प्रामाणिक सूचना की ओर उन्मुख करने के लिए उठाया गया है।

स्कूल संचालक यशवंत चतुर्वेदी का मानना है कि समाचार पत्र पढ़ने से छात्रों का सामान्य ज्ञान बढ़ता है, भाषा और शब्दावली में सुधार होता है तथा सोचने और विश्लेषण करने की क्षमता का विकास होता है। इसके साथ ही यह आदत छात्रों को करियर से जुड़ी जानकारियों से भी जोड़ती है और आत्मविश्वास तथा प्रस्तुतीकरण में निखार लाती है।

चतुर्वेदी ने बताया कि मोबाइल और टैब जैसे डिजिटल उपकरणों पर खबरें पढ़ने में ध्यान भटकने का खतरा बना रहता है, वहीं सोशल मीडिया और कुछ वेबसाइटों पर फर्जी और भ्रामक सूचनाएं भी मिलती हैं। इसके अलावा, लगातार स्क्रीन देखने से आंखों में थकावट और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं भी हो सकती हैं।

इस पहल से छात्रों में समाचार पत्र पढ़ने की आदत विकसित हो रही है। नौवीं कक्षा की छात्रा याशिका ठाकुर ने बताया कि अब तक वह नियमित रूप से अखबार नहीं पढ़ती थीं, लेकिन अब इससे उन्हें कई नए शब्द सीखने को मिल रहे हैं। वहीं मोक्ष चंद्राकर ने कहा कि उन्हें अखबार के माध्यम से राजनीति, तकनीक और अन्य विषयों की महत्वपूर्ण खबरें पढ़ने और शिक्षकों की मदद से समझने का मौका मिला।

स्कूल के शिक्षक भी मानते हैं कि यह अभ्यास बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाएगा और उनकी तार्किक क्षमता को मजबूती देगा। नई पीढ़ी को मोबाइल की लत से हटाकर उन्हें सूचनाओं के विश्वसनीय स्रोतों से जोड़ना ही इस नवाचार का उद्देश्य है।