Home Chhattisgarh news छत्तीसगढ़ में खुलेंगे 9 नए साइबर थाने, हर जिले में साइबर क्राइम से निपटने की तैयारी

छत्तीसगढ़ में खुलेंगे 9 नए साइबर थाने, हर जिले में साइबर क्राइम से निपटने की तैयारी

0
छत्तीसगढ़ में खुलेंगे 9 नए साइबर थाने, हर जिले में साइबर क्राइम से निपटने की तैयारी

प्रदेश में तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। इस वर्ष राज्य के 9 नए जिलों में साइबर थाना खोले जाएंगे। इनमें महासमुंद, धमतरी, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, जशपुर, रायगढ़, कोरबा, कवर्धा और राजनांदगांव शामिल हैं। इन सभी थानों को शासन की मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही इनका संचालन शुरू हो जाएगा।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, आने वाले पांच वर्षों में छत्तीसगढ़ के हर जिले में एक साइबर थाना स्थापित करने की योजना है। अभी तक राज्य में कुल 6 साइबर थाने संचालित हो रहे हैं, नए थानों के जुड़ने से इनकी संख्या बढ़कर 15 हो जाएगी।

रायपुर में वर्तमान में रेंज साइबर थाना संचालित है, जिसे अब रायपुर जिले के साइबर थाने में परिवर्तित किया जाएगा। वहीं रायपुर रेंज के अंतर्गत आने वाले गरियाबंद जिले को फिलहाल रायपुर थाना ही कवर करेगा, लेकिन भविष्य में वहां भी साइबर थाना खोले जाने की योजना है।

प्रत्येक साइबर थाने में 10 कर्मचारियों की तैनाती
गृह विभाग ने प्रत्येक नए साइबर थाने में 10 कर्मचारियों की नियुक्ति को स्वीकृति दी है, जिसमें 1 निरीक्षक (टीआई), 2 उप निरीक्षक (एसआई), 2 हेड कांस्टेबल और 5 कांस्टेबल शामिल होंगे। भविष्य में इस टीम को और मजबूत किया जाएगा। इसके अलावा रेंज स्तर पर डीएसपी रैंक के अधिकारी की भी पोस्टिंग की जाएगी।

100 नए एसआई की होगी पोस्टिंग
फिलहाल राज्य में 975 नए एसआई की भर्ती हुई है और उनकी ट्रेनिंग जारी है। इनमें से 100 एसआई को विभिन्न साइबर थानों में नियुक्त किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इन थानों में साइबर कैडर से पोस्टिंग दी जाएगी।

25 वर्षों में साइबर कैडर में सिर्फ तीन नियुक्तियां
राज्य बनने के बाद से अब तक साइबर कैडर में केवल तीन लोगों की भर्ती हुई है। कई मामलों में कंप्यूटर कैडर वाले कर्मचारियों को गलत तरीके से प्रमोट कर साइबर कैडर में शामिल किया गया। अब नए एसआई और प्रमोटेड डीएसपी को ही साइबर कैडर में तैनात किया जाएगा।

तकनीकी सेवा एडीजी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि शासन से 9 नए साइबर थानों की मंजूरी मिल चुकी है और सेटअप भी स्वीकृत हो गया है। जल्द ही इनकी शुरुआत कर दी जाएगी।