तेज आंधी से एसईसीएल क्वार्टरों पर गिरे पेड़, मकान क्षतिग्रस्त, बड़ी अनहोनी टली
बिश्रामपुर। गुरुवार देर रात तेज आंधी ने एसईसीएल की कुमदा कॉलोनी में भारी तबाही मचाई। तूफान की वजह से कॉलोनी के कई आवासीय क्वार्टरों पर पेड़ आ गिरे, जिससे मकानों की छतें क्षतिग्रस्त हो गईं और बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।
स्थानीय निवासी रात के सन्नाटे में तेज आवाज सुनकर दहशत में घरों से बाहर निकल आए। जब उन्होंने बाहर आकर देखा तो उनके क्वार्टरों पर पेड़ गिर चुके थे। डर के मारे कई परिवार रातभर खुले आसमान के नीचे बैठकर गुजारी।
कई घरों में आई दरारें, बिजली-पानी की सप्लाई ठप
बी-टाइप क्वार्टर में रहने वाले मुनेश्वर मंडल और मोहम्मद मोजीब के घर के ऊपर पेड़ गिरने से छतों को काफी नुकसान हुआ। वहीं पार्क कॉलोनी के पीछे सोनू के मकान के पास भी पेड़ गिरा, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई। बिजली के तार टूटने से कॉलोनी में पूरी रात अंधेरा छाया रहा और पानी की सप्लाई भी रुक गई।
स्थानीय महिला ने सुनाई आपबीती
एक महिला ने बताया कि अगर पेड़ कुछ इंच और इधर गिरता तो उनका पूरा परिवार खत्म हो सकता था। उन्होंने कहा कि घटना के समय केवल भगवान का ही सहारा था।
लोगों का गुस्सा—कई बार की शिकायत, नहीं हुई कोई कार्रवाई
कॉलोनीवासियों का आरोप है कि लंबे समय से पेड़ों की छंटाई की मांग की जा रही थी, लेकिन अधिकारियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। सिर्फ औपचारिकता निभाकर शिकायतों को नजरअंदाज कर दिया गया। यदि समय रहते छंटाई कर दी जाती तो ये हादसे टाले जा सकते थे।
मांग: पुराने पेड़ों की छंटाई व क्वार्टरों की मरम्मत हो
घटना के बाद रहवासी दहशत में हैं और उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पुराने व झुके हुए पेड़ों की छंटाई की जाए और क्षतिग्रस्त क्वार्टरों की मरम्मत करवाई जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।