Home Chhattisgarh news रेलवे पटरी पार करने की आदत बनी खतरा, 6 महीने में 800 यात्रियों पर हुई कार्रवाई

रेलवे पटरी पार करने की आदत बनी खतरा, 6 महीने में 800 यात्रियों पर हुई कार्रवाई

0
रेलवे पटरी पार करने की आदत बनी खतरा, 6 महीने में 800 यात्रियों पर हुई कार्रवाई

रायपुर। रेलवे की लगातार सख्ती और जागरूकता अभियान के बावजूद लोग अपनी जान को जोखिम में डालकर रेलवे पटरी पार करने से बाज नहीं आ रहे हैं। रायपुर रेलवे स्टेशन पर यह नजारा आम हो गया है, जहां यात्री प्लेटफॉर्म बदलने के लिए फुट ओवरब्रिज की बजाय सीधे पटरी को पार कर रहे हैं।

हालांकि रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए स्टेशन पर चार फुट ओवरब्रिज बनाए हैं, लेकिन इसके बावजूद नियमों की अनदेखी कर लोग पटरी पार करना ही आसान रास्ता मानते हैं। हैरानी की बात यह है कि कई लोग तो अपने छोटे बच्चों और बुजुर्गों के साथ भी ऐसा कर रहे हैं।

रेलवे के नियमों के अनुसार, पटरी पार करना एक दंडनीय अपराध है, जिसके लिए ₹500 जुर्माना या जेल की सजा हो सकती है। फिर भी इस नियम को लेकर यात्रियों में कोई डर नहीं दिखता। ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर सामान बेचने वाले वेंडर भी बिना हिचक पटरी पार करते नजर आते हैं।

बीते छह महीनों में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने करीब 800 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। इन्हें न्यायालय में पेश किया गया और कई मामलों में जुर्माना भी वसूला गया। इसके अलावा आरपीएफ द्वारा समय-समय पर समझाइश और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। रेलवे स्टेशन पर चेतावनी पोस्टर भी लगाए गए हैं, फिर भी हालात में सुधार नजर नहीं आ रहा।

हर दिन रायपुर स्टेशन से करीब 200 यात्री गाड़ियां गुजरती हैं, साथ ही मालगाड़ियों की आवाजाही भी लगातार बनी रहती है। ऐसे में पटरी पार करना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। खासकर प्लेटफॉर्म-1 के दुर्ग छोर की ओर यात्री सबसे ज्यादा पटरी पार करते नजर आते हैं।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि लोगों की लापरवाही खुद उनके लिए जानलेवा बन सकती है। यदि यह रवैया नहीं बदला गया तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। यात्रियों से अपील की गई है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और केवल निर्धारित रास्तों से ही प्लेटफॉर्म बदलें।