Home Chhattisgarh news रायपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट रद्द होने से हंगामा, यात्रियों ने जताई नाराजगी

रायपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट रद्द होने से हंगामा, यात्रियों ने जताई नाराजगी

0
रायपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट रद्द होने से हंगामा, यात्रियों ने जताई नाराजगी

रायपुर: स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर उस वक्त हंगामे की स्थिति बन गई जब विशाखापट्टनम जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट अचानक रद्द कर दी गई। इस अनपेक्षित निर्णय से नाराज़ यात्रियों ने एयरपोर्ट अथॉरिटी और विमानन कंपनी के खिलाफ जमकर विरोध जताया। उनका आरोप था कि न तो उन्हें समय पर कोई सूचना दी गई और न ही सही जानकारी उपलब्ध कराई गई।

इंडिगो की यह फ्लाइट (6E-7295) इंदौर से रायपुर होते हुए विशाखापट्टनम जाती है। सुबह इंदौर से उड़ान भरते समय तकनीकी खराबी के कारण उसमें फॉल्स अलार्म की स्थिति बनी, जिससे पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया। इंदौर एटीसी को सूचना देने के बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। इसके बाद उड़ान को रद्द कर दिया गया और यात्रियों को टिकट की पूरी राशि लौटा दी गई।

रायपुर एयरपोर्ट पर 48 यात्री विशाखापट्टनम जाने के लिए तैयार थे। वे बोर्डिंग से पहले सभी औपचारिकताएं पूरी कर चुके थे और फ्लाइट का इंतजार कर रहे थे। लेकिन जब उन्हें फ्लाइट के रद्द होने की जानकारी मिली, तो उन्होंने आक्रोश जताया और एयरपोर्ट अधिकारियों पर सही समय पर सूचना न देने का आरोप लगाया।

बाद में स्थिति को संभालते हुए एयरलाइन ने यात्रियों को हैदराबाद के रास्ते विशाखापट्टनम भेजने की व्यवस्था की। साथ ही जिन यात्रियों ने टिकट कैंसिल करने का विकल्प चुना, उन्हें या तो रिफंड दिया गया या शेड्यूल बदलने का प्रस्ताव रखा गया।

हालांकि, इस पूरी घटना ने एयरपोर्ट प्रबंधन और एयरलाइन की सूचनात्मक प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिस पर सुधार की आवश्यकता महसूस की जा रही है।