Home Chhattisgarh news चंडी मंदिर में बड़ी चोरी: देवी माँ के आभूषण और नगदी समेत 6.50 लाख पर चोरों ने किया हाथ साफ

चंडी मंदिर में बड़ी चोरी: देवी माँ के आभूषण और नगदी समेत 6.50 लाख पर चोरों ने किया हाथ साफ

0
चंडी मंदिर में बड़ी चोरी: देवी माँ के आभूषण और नगदी समेत 6.50 लाख पर चोरों ने किया हाथ साफ

धमतरी जिले में एक बार फिर मंदिर में चोरी की वारदात से सनसनी फैल गई है। कुरुद थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित चंडी मंदिर में चोरों ने 6.50 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। यह घटना सोमवार देर रात की है। बताया गया कि चोर गर्भगृह में घुसे बिना ही परिसर में पड़े एक बांस के सहारे देवी माँ के आभूषण चुरा ले गए।

पुजारी को घटना की जानकारी तब हुई जब वे सुबह मंदिर का पट खोलने पहुंचे और ताले टूटे देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर एसडीओपी रागिनी मिश्रा, एसडीएम नभसिंह कोसले, तहसीलदार दुर्गा साहू, फॉरेंसिक टीम, साइबर एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

चोरी गए सामान में सोने का मुकुट (89.8 ग्राम), मंगलसूत्र, रानीहार (122.25 ग्राम), चांदी की चरणपादुका (216.5 ग्राम), पायल, कमरबंद, कुंडल और दानपेटी की नगदी शामिल है।

पुलिस को मंदिर के पास एक सॉ मिल में सोने की बिंदिया और टूटी हुई दानपेटी मिली है, जिससे आशंका है कि चोर भागते समय कुछ सामान छोड़ गया होगा। हालांकि गर्भगृह के आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था, जिससे पहचान में मुश्किल आ रही है।

धमतरी जिले में बीते 36 दिनों में यह सातवीं मंदिर चोरी की घटना है, जिससे क्षेत्र में पुलिसिंग पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। विंध्यवासिनी मंदिर समेत अन्य धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं चंडी मंदिर के पुजारी और स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

पिछले कुछ दिनों में लगातार हो रही चोरियों से मंदिर ट्रस्ट और भक्तों में डर और आक्रोश दोनों देखा जा रहा है।