रायपुर, सोनिया गांधी और राहुल गांधी काे ईडी के समन पर राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा ने भाजपा और केंद्र पर तीखा हमला बोला है। राजधानी रायपुर पहुंचे राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी ईडी के समन का सामना करेंगे। कल वे ईडी आफिस जाएंगे। हालांकि सोनिया गांधी तबीयत ठीक होने के बाद जाएंगी।
राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा ने कहा कि, पानी अब सिर से ऊपर आ गया है। अब कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा, विपक्ष का सम्मान नहीं किया जाएगा तो देश कैसे चलेगा। ईडी केंद्र सरकार का पुलिस स्टेशन बन गई है, जिसे मन किया बुला लो, जिसे मन किया छोड़ दो। बीजेपी के नेता हैं तो ईडी परेशान नहीं करेगी। मैं नहीं कहता कि इमरजेंसी सही चीज थी, लेकिन वो भी कानूनी तरीके से लगाई गई थी।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक द्वेष के साथ हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व के नेताओं को परेशान किया जा रहा है। प्रजातंत्र को कटुता से चलाने की कोशिश हो रही है। झूठे केस लगवाए जा रहे हैं। क्या पूरे विपक्ष पर ही ईडी केस बनाएगी? क्या बीजेपी का कोई नेता केस बनाने लायक नहीं है? क्या देश को विभाजित करने की कोशिश की जा रही है? क्या प्रजातंत्र को पराजित करने की कोशिश हो रही है? कांग्रेस इसका विरोध करती है।
विवेक तन्खा ने कहा कि नेशनल हेराल्ड को जीवित करने का प्रयास किया गया, जो कंपनी बनाई गई उससे लाभ नहीं लिया जा सकता। इस मामले में कोई एफआईआर नहीं है। एक शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। 2015 में केस बंद भी कर दिया गया था। क्लोजर रिपोर्ट को साल 2018-19 में री-ओपन किया गया और अब समन जारी किया जा रहा है। जिसका कांग्रेस विरोध करती है।