बड़ी खबर : फिर जेल से बाहर आया डेरा प्रमुख राम रहीम, साथ में दिखी मुंहबोली बेटी

367

सिटी न्यूज़ रायपुर। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह एक बार फिर से जेल से बाहर आ गया है। शनिवार को गुरमीत राम रहीम सिंह को फिर से पैरोल मिल गई है। गुरमीत सिंह को तीन महीने में दूसरी बार पैरोल मिली है। पैरोल मिलने के बाद राम रहीम बरनावा डेरे के लिए रवाना हुआ। इस दौरान राम रहीम को लेने के लिए उसकी मुंह बोली बेटी हनीप्रीत पहुंची।

जानकारी के मुताबिक, गुरमीत राम रहीम पैरोल के लिए अर्जी लगाई थी। शाह सतनाम सिंह के जन्मदिन में शामिल होने के लिए गुरमीत राम रहीम ने 25 जनवरी को अर्जी लगाई थी। 25 जनवरी के भंडारे और सत्संग के लिए डेरामुखी ने जेल प्रशासन को आवेदन भेजा था और सिरसा आने की अनुमति मांगी थी, जिसके लिए मंजूरी दे दी गई है। राम रहीम को इस बार 40 दिन की पैरोल मिली है।

हरियाणा के जेल मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने शुक्रवार को पैरोल की पुष्टि करते हुए कहा, “डेरा प्रमुख के परिवार ने राम रहीम के लिए एक महीने की पैरोल की मांग करते हुए जेल अधिकारियों को एक आवेदन दिया है। अब यह तो अदालत और आयुक्त द्वारा तय किया जाएगा कि राम रहीम को कितने दिनों के लिए पैरोल मिलेगी और वह इस दौरान कहां रहेगा।”

बता दें, डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को अपनी दो शिष्याओं के साथ दुष्कर्म के मामले में 20 साल की सजा सुनाई गई थी। 20 साल की सजा काट रहा राम रहीम अभी हरियाणा के रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है। इससे पहले राम रहीम अक्टूबर 2022 में 40 दिन के पैरोल पर बाहर आया था।