स्वास्थ्य मंत्री फिर हुए पॉजिटिव; दिल्ली के आंदोलन में शामिल रहे थे टीएस सिंहदेव

419

रायपुर, छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण का फिर से खौफ बढ़ता जा रहा है। आम नागरिकों के बाद अब एक बार फिर से मंत्री टीएस सिंहदेव कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मंत्री सिंहदेव ने इसकी जानकारी अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल के माध्यम से दी है।

मंत्री ने ट्वीट कर लिखा है… दिल्ली प्रवास से लौटकर मैंने अपनी कोविड की जांच कराई, जिसमें मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अभी मेरा स्वास्थ्य ठीक है एवं चिकित्सक के परामर्श अनुसार मैं होम आइसोलेशन का पालन कर रहा हूं…

टीएस सिंहदेव 12 जून से दिल्ली में थे। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी की ED के सामने पेशी के दौरान कांग्रेस के प्रदर्शनों में भाग लिया। इस दौरान वे दिल्ली पुलिस की ओर से बार-बार गिरफ्तार किए और छोड़े जाते रहे। पूछताछ के दूसरे दौर में भी सिंहदेव अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ दिल्ली पहुंच गए थे। उन्होंने लगातार बैठकों, सभाओं और राजनीतिक प्रदर्शनों में भाग लिया। गिरफ्तारी दी। सिंहदेव शुक्रवार को रायपुर पहुंचे थे। यहां से उन्हें अंबिकापुर जाकर पिता की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना था। आयोजन शुक्रवार को ही था, लेकिन एहतियातन वे नहीं गए।

हर लहर में संक्रमित हुए सिंहदेव

स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव कोरोना की हर लहर में संक्रमित हुए हैं। अभी दो जनवरी को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। ठीक होने के बाद पता चला कि उनको नए वेरिएंट ओमिक्रान से यह संक्रमण हुआ था। उससे पहले वे दो बार कोरोना की चपेट में आ चुके थे।