हवाई यात्रियों की आवाजाही में अब लगातार बढ़ोतरी होती जा रही है। इस वर्ष बीते नौ माह में स्वामी विवेकानंद विमानतल से 18 लाख से ज्यादा हवाई यात्रियों की आवाजाही हुई।
हवाई यात्रियों की आवाजाही में अब लगातार बढ़ोतरी होती जा रही है। इस वर्ष बीते नौ माह में स्वामी विवेकानंद विमानतल से 18 लाख से ज्यादा हवाई यात्रियों की आवाजाही हुई।
इस प्रकार हर माह दो लाख से ज्यादा हवाई यात्रियों की आवाजाही हुई है। पिछले वर्ष नौ माह की तुलना में इस वर्ष नौ महीने में 3 लाख 41 हजार 242 यात्रियों की आवाजाही ज्यादा हुई।
विमानन अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार इस वर्ष जनवरी से लेकर सितंबर तक रायपुर विमानतल से कुल 18 लाख 26 हजार 786 यात्रियों की आवाजाही हुई। वहीं वर्ष 2022 में जनवरी से सितंबर तक कुल 14 लाख 85 हजार 554 हवाई यात्रियों की आवाजाही हुई थी। हालांकि उड़ानों के संचालन में पिछले वर्ष की तुलना में कमी रही।
वर्ष 2022 में नौ माह में 13,950 उड़ानें संचालित हुईं, वहीं इस वर्ष नौ माह में 13,614 उड़ानें संचालित हुईं।विमानतल के निदेशक प्रवीण जैन ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विमानतल में नई सुविधाएं भी आ रही हैं।
जैसलमेर की सैर करना होगा आसान
अक्टूबर माह के आखिर में रायपुर से जैसलमेर की सैर करना आसान होगा। बताया जा रहा है कि इंडिगो एयरलाइंस द्वारा 29 अक्टूबर से जैसलमेर और दुर्गापुर के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट शुरू कर रही है। इसके साथ ही रायपुर से भुवनेश्वर के लिए भी कनेक्टिंग फ्लाइट शुरू हो रही है।
जानकारी के अनुसार रायपुर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट क्रमांक 2191 सुबह 9.20 बजे रायपुर से दिल्ली उड़ान भरेगी। इसके बाद दिल्ली से जैसलमेर के लिए फ्लाइट क्रमांक 2101 दोपहर 12.45 बजे उड़ान भरेगी और 14.25 बजे जैसलमेर पहुंचेगी।
फ्लाइट क्रमांक 2102 जैसलमेर से दिल्ली के लिए दोपहर 14.55 बजे उड़ान भरेगी और शाम 16.15 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इसके बाद फ्लाइट क्रमांक 859 दिल्ली से रायपुर के लिए शाम 19.00 बजे उड़ान भरेगी और रात्रि 20.45 बजे रायपुर पहुंचेगी।
राजकोट और जयपुर उड़ान की भी मिल सकती है सौगात
त्योहारी सीजन में ही विमानन कंपनियों द्वारा रायपुर से राजकोट और जयपुर उड़ान की भी सौगात दी जा सकती है। बताया जा रहा है कि विंटर सीजन में इसके लिए शेड्यूल भी बनाया जा रहा है।
साथ ही संभावनाएं देखी जा रही हैं कि इन क्षेत्रों के लिए रायपुर से कितना ट्रैफिक मिलेगा। इस वर्ष के अंत तक रायपुर विमानतल में एक साथ 13 फ्लाइटें खड़ी हो सकेंगी, इसके लिए चार नए पार्किंग वे बनाए जा रहे हैं।