कोरबा में बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर हुई डकैती के मामले का खुलासा हो गया है। इस कांड को किसी और ने नहीं बल्कि महिला के नाती ने अंजाम दिया था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अपनी नानी को ही बंधक बना लिया था।
फिर बहन को डरा धमका कर घर के अंदर रखे करीब डेढ़ लाख कैश और लाखों रुपए के गहने लूट लिए थे। आरोपियों ने इस वारदात को चाकू और पिस्टल के सहारे अंजाम दिया था। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
यह भी पढ़ें – Crime : युवती की मिली लाश ; कुत्ते खा गए आधा हाथ ; शरीर के घसीटने के निशान ; आस-पास खून ही खून ; जानिए कैसे हुई हत्या
एमपी नगर में राजकुमार निर्मलकर का परिवार निवास करता है। राजकुमार पत्नी, बच्चे और अपनी मां के साथ रहते हैं। 24 को राजकुमार अपनी पत्नी के साथ किसी के यहां दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।
शनिवार रात को करीब 8 बजे राजकुमार की मां और बेटी घर पर अकेली थीं। उसी दौरान 4 बदमाश घर में घुस गए और बुजुर्ग महिला को चाकू और कट्टा दिखाया। फिर टेप और रस्सी से महिला को बांध दिया। इसके बाद लड़की को लेकर कमरे में गए। उसके बाद अलमारी में रखे कैश और गहने निकलवाए और उसे लेकर भाग गए थे।
पुलिस को रिश्तेदार पर ही शक था
इसके बाद से मामले की शिकायत पुलिस से की गई थी। उधर, जब से यह वारदात हुई थी, तब से ही पुलिस को शक था कि जरूर इस वारदात को किसी पहचान वाले ने ही अंजाम दिया होगा। इस बीच पुलिस को पता चला कि राजकुमार का भांजा प्रकाश निर्मलकर कई बार उसके घर के पास देखा गया है। उसके साथ वहां पर कुछ और लोग भी देखे गए थे।
उधार चुकाना था इसलिए प्लान बनाया
इसी आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया था। उससे पूछताछ की। जिसमें पुलिस को पता चला कि आरोपी ने आईपीएल मैच में काफी सट्टा लगाया था। जिसके कारण उसके ऊपर काफी कर्ज हो गया था। इसलिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम देने का प्लान बनाया था।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी भांजे प्रकाश निर्मलकर और उसके मित्र अनिल शर्मा को गिरफ्तार किया है। वहीं उसके 4 अन्य साथी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। आरोपी भांजे ने यह भी बताया था कि उसे पता था कि मामा दशगात्र कार्यक्रम में जाने वाले हैं। इसलिए उसने पूरी प्लानिंग के तहत इस वारदात को अंजाम दिया।
पिस्टल नकली थी
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने नकली पिस्टल के सहारे इस वारदात को अंजाम दिया था। जिससे लगे कि यह पिस्टल असली है। पुलिस ने आरोपियों से करीब 20 लाख के गहने जब्त किए हैं। मामले में अभी जांच जारी है।