Treatments of lotus dental clinic birgaon

विधानसभा चुनाव 2023 में सभी वर्गों को साधने के लिए छत्तीसगढ़ भाजपा के सात प्रमुख मोर्चा ने ताकत झोंक दी है। पार्टी ने इन मोर्चा के कार्यकर्ताओं को चुनावी प्रशिक्षण देकर मैदान में उतारा गया है।

HIGHLIGHTS

  1. कार्यकर्ताओं को चुनावी प्रशिक्षण देकर मैदान में उतारा
  2. छत्तीसगढ़ भाजपा के सात प्रमुख मोर्चा ने झोंकी ताकत
  3. करीब दो लाख कार्यकर्ताओं ने चुनावी मोर्चा संभाल लिया

विधानसभा चुनाव 2023 में सभी वर्गों को साधने के लिए छत्तीसगढ़ भाजपा के सात प्रमुख मोर्चा ने ताकत झोंक दी है। प्रदेश भाजपा प्रभारी ओम माथुर, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल के नेतृत्व में इन मोर्चा के कार्यकर्ताओं को चुनावी प्रशिक्षण देकर मैदान में उतारा गया है।

भाजपा का दावा है कि करीब दो लाख कार्यकर्ताओं ने चुनावी मोर्चा संभाल लिया है। किसान मोर्चा जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के किसान संबंधित योजनाओं के सहारे जनता के बीच पहुंच रहा है तो वहीं महिला मोर्चा महिला स्व -सहायता समूह की कर्जामाफी, रेडी टू ईट योजना से महिलाओं के बाहर होने के कारण बेरोजगारी, शराबबंदी जैसे मामलों को लेकर महिलाओं के बीच सक्रिय है।

भाजयुमो: नव मतदाताओं से संपर्क

भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने मंडल स्तर पर युवा मतदाता सम्मेलन और घर-घर संपर्क का अभियान तेज कर दिया है। सितंबर में नव मतदाता सम्मेलन कर करीब पांच लाख नव मतदाताओं तक पहुंचने का लक्ष्य है।

महिला मोर्चा: महिलाओं के साथ चौपाल

प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा ने नव मतदाताओं से संपर्क के साथ महिला स्व-सहायता समूहों को भी अपने पाले में करने के लिए मोर्चा ने उनसे संपर्क का अभियान चला रखा है। उनके साथ चौपाल लगाया जा रहा है। मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत के मुताबिक शराबबंदी को लेकर जनजागरण कार्यक्रम करेंगे।

ओबीसी मोर्चा: पहुंचेंगे पान ठेला, गुमटियाें तक

प्रदेश भाजपा अन्य पिछड़ा वर्ग(ओबीसी) मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भरत वर्मा ने बताया कि हम समाज प्रमुखों के साथ बैठक और सम्मेलन कर रहे हैं। सितंबर में पान ठेला, गुमटियों तक पहुंचकर केंद्र सरकार की सफलता और राज्य सरकार की विफलता को बताएंगे।

एससी-एसटी मोर्चा: समाज प्रमुखों का सम्मेलन

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा (एससी) समाज से जुड़े मतदाता वाले विधानसभा क्षेत्रों में सम्मेलन कराएगा। एक से 15 सितंबर तक त्रि- स्तरीय पंचायत और नगरीय निकाय जन प्रतिनिधि सम्मेलन होगा। इसके अलावा युवा मतदाताओं तक संपर्क करने के लिए युवा संवाद कार्यक्रम होंगे। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा (एसटी) सितंबर के पहले सप्ताह में विधानसभा स्तर पर आदिवासी जनप्रतिनिधि सम्मेलन का आयोजित करेगा।

अल्पसंख्यक मोर्चा: बूथों को तीन श्रेणी में बांटा

प्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने चुनाव के लिए जनाधार बढ़ाने का संकल्प लिया है। इसके लिए प्रदेश के अल्पसंख्यक वाले बूथों का तीन श्रेणी में वर्गीकरण किया गया है। ऐसे बूथ जहां पर शत-प्रतिशत अल्पसंख्यक हैं और जहां 50 और 75 प्रतिशत अल्पसंख्यक है उनकी श्रेणी बनाकर चुनाव की रणनीति के तहत प्रचार-प्रचार किया जा रहा है।

किसान मोर्चा: किसानों को साधने पर जोर

किसानों के साथ चौपाल और उन्हें किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना समेत अन्य किसान से संबंधित केंद्रीय योजनाओं से अवगत कराया जा रहा है। सितंबर में किसान सम्मान निधि के किसानों के लिए सम्मान समारोह किया जाएगा।

हर मोर्चा के काम की मानिटरिंग

पार्टी ने हर माेर्चा को उनके लक्षित समूह (टारगेट ग्रुप) के हिसाब से काम दिया है। सभी मोर्चा ने बूथ स्तर से लेकर ऊपर तक समितियां बनाई हैं जो मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें सरकार की उपलब्धियां बता रही हैं। इसके लिए इंटरनेट मीडिया पर हर स्तर पर वाट्सएप ग्रुप के साथ योजनाओं को साझा कर रहे हैं।