सिटी न्यूज़ रायपुर। राजिम। छत्तीसगढ़ के प्रयागराज के नाम से प्रसद्धि राजिम के त्रिवेणी संगम के तट पर आयोजित राजिम माघी पुन्नी मेला में संत समागम समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भगवान राजीवलोचन की प्रतिमा में दीप प्रज्वलित और पूजा अर्चना कर किया। इस अवसर पर धर्मस्व एवं पर्यटन मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू, राजिम विधायक श्री अमितेश शुक्ल, अभनपुर विधायक श्री धनेन्द्र साहू, सिहावा विधायक डॉ. लक्ष्मी धु्रव, राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष महंत रामसुंदर दास जी महाराज उपस्थित थे।
उन्होंने कहा कि राजिम यह मध्य भारत का सबसे बड़ा तीर्थ रहा है। छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र के लोग बड़ी संख्या में आते थे। धीरे-धीरे मेला का स्वरूप मड़ई से भी छोटा हो गया था, हमारी सरकार ने उसे गौरवमयी स्थान प्रदान किया। श्रद्धा, भक्ति का केन्द्र बिन्दू है। त्रिवेणी संगम में डूबकी लगाने से ऊर्जा प्राप्त होता है। भगवान श्रीराम ने छत्तीसगढ़ में बहुत अधिक समय बिताया है, जिसके कारण 75 स्थानों को राम वनगमन पथ के रूप में चिन्हांकित कर विकास किया जाएगा।
विधायक अमितेष शुक्ल ने कहा कि महंत जी विधानसभा अध्यक्ष ही नहीं हमारे परिवार के सदस्य भी है, जिससे परिवार स्नेह चला आ रहा है। उन्होंने कहा कि त्रिवेणी संगम में ईश्वर का वास है। साथ ही साधु संतों का वास है। राजिम आराध्य क्षेत्र है। श्री शुक्ल ने कहा कि कई दशकों से पुन्नी मेला का महत्व रहा है। पिताजी ने बताया कि बैलगाड़ी से मेले आते थे। लंबे समय से शराब बंदी की मांग की जा रही थी, जिसका समर्थन शंकराचार्य ने भी किया था। हमारी सरकार आते ही 15 दिनों तक शराब बंदी किया गया।
महंत रामसुंदर दास ने कहा कि सनानत काल से राजिम माघी पुन्नी मेला हमारे पूर्वजों को आशीर्वाद है। भूपेश बघेल ने राजिम को संवारने और सजाने का बीड़ा उठाया है। उन्होंने रामवन गमन परिपथ को विकसित कर रहे हैं। हमारी ऋषि और कृषि की संस्कृति है। पंचगव्य गाय से ही मिल सकती है। हमारे पूर्वज खेती किसानी करते थे। गौ माता की कृपा से हम समृद्ध हो रहे है। छत्तीसगढ़ एक ऐसा राज्य है, जहां दो रूपए में गोबर खरीदा जाता है। गोबर से पेंट बनाया जाता है। पिछले चार साल पहले से ही गाय को गले लगाने के नाम से छत्तीसगढ़ सरकार ने शुरूआत कर दी थी। जिसे आज के दिन घोषित कर दी गई।
कार्यक्रम को सिहावा विधायक लक्ष्मी ध्रुव ने सम्बोधित करते हुए कहा कि आज यहां धर्म क्षेत्र में आकर ऊर्जा प्रदान होता प्राप्त होता है। छत्तीसगढ़ का तेजी से विकास हो रहा है। कलेक्टर श्री प्रभात मलिक ने राजिम माघी पुन्नी मेला के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मूल स्वरूप को बरकरार रखते हुए राजिम मेले का आयोजन किया जा रहा है। राजिम में राम वनगमन परिपथ का मूर्त रूप लेने से राजिम की गरिमा और बढ़ गई है। घाटों को लाल पत्थर से सौंदर्यीकरण किया गया है। पुरातात्विक महत्व के स्थल सीताबाड़ी में इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए विषेष लाईटिंग की गई है।