

सिटी न्यूज़ रायपुर। रायपुर। आम आदमी पार्टी (आप) ने छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव में 90 सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान किया है। शनिवार को राजधानी के शहीद स्मारक भवन में प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेशभर से पदाधिकारी व कार्यकर्ता जुटे। यहां लगभग एक हजार पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डा. संदीप पाठक ने कहा कि सरकार बदलने के लिए पांच वर्ष नहीं बल्कि पांच महीना ही काफी है। छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में आप 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
नवनियुक्त पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए डा. संदीप पाठक ने कहा कि हमारा लक्ष्य सिर्फ सरकार बनाना है। हम 10-20 सीट वाले नहीं हैं। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने दंतेवाड़ा में हुए नक्सली हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि हमारी सरकार बलिदानियों को एक करोड़ रुपये दे रही है, लेकिन राज्य में बलिदानियों को वह सम्मान नहीं मिल पा रहा है।
राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने कहा कि 20 दिन बाद आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल डेढ़ लाख पदाधिकारियों को शपथ दिलाएंगे। डा. पाठक ने कहा कि दिल्ली में संगठन नहीं था। यहां तक कि वहां बूथ में बैठने वाले भी नहीं थे, लेेकिन दिल्ली में सरकार बनी। पंजाब में भी सरकार बनी। गुजराज में लोग कहते थे जीरो सीट, जमानत जब्त होगी, लेकिन रिजल्ट सबके सामने है।
बता दें की छत्तीसगढ़ में इसी साल विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। जिसे लेकर सभी पार्टियां अपने स्तर पर आम जनता को अपनी ओर करने के लिए हर स्तर पर प्रयास कर रही है। लगातार जनता के बीच जा कर लोगों की असुविधाओं को सुन रहे है और उससे पूरा करने अपने वादों से जनता को लुभा रहे हैं।

