

सिटी न्यूज़ रायपुर। रायपुर। बजरंग दल पर प्रतिबंध को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच कांग्रेस ने कर्नाटक और गोवा की भाजपा सरकार के बहाने भाजपा के केंद्रीय संगठन पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने भाजपा से पूछा कि कर्नाटक और गोवा में भाजपा सरकारों ने श्रीराम सेना पर प्रतिबंध क्यों लगाया। जो भाजपा जय श्री राम का नारा लगाती है। उनके नाम पर वोट और चंदा लेती है। लेकिन सत्ता मिलने के बाद क्या मजबूरी थी, उसे स्पष्ट करें।
मरकाम ने कहा कि वर्तमान में कहीं भी बजरंग दल पर प्रतिबंध नहीं लगा है। स्थिति और परिस्थिति के अनुसार प्रतिबंध लगाने की बातें कही गई है। लेकिन भाजपा सरकारों ने श्रीराम सेना पर प्रतिबंध लगाया है, तो क्या यह भगवान श्रीराम का अपमान नहीं है। मरकाम ने कहा कि हनुमान चालीसा का पाठ करने से भाजपा नेताओं के मन मस्तिष्क में बैठी वैमनस्यता, नफरत और कटुता के भाव का नाश होगा। आम जनता की मूल समस्या बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, देश में गिरती अर्थव्यवस्था, बिकती सरकारी कंपनियां, रसोई गैस के बढ़ते दाम जैसे विषयों पर चर्चा करने की हिम्मत जुटा पाएंगे।
भाजपा और बजरंग दल की बजरंगबली भक्ति दिखावा मात्र है, जब प्रतिबंध की बात आ रही तब हनुमान चालिसा के पाठ का ढोंग कर रहे है।
गौरतलब है कि कर्नाटक में बजरंग दल को बैन करने वाले बयान को लेकर लगातार सियासत की जा रही है। छत्तीसगढ़ में कभी कांग्रेस सुंदरकांड का पाठ कर रही है, तो भाजपा हनुमान चालिसा कर कांग्रेस पर पलटवार कर रही है। बता दें कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी करते हुए कांग्रेस ने प्रदेश में बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने का वादा किया है। वहीं छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि जरूरत पड़ी तो छत्तीसगढ़ में भी बजरंग दल पर बैन लगाने की सोचेंगे। इस बयान के बाद इसे भगवान हनुमान से जोड़ कर लगातार कांग्रेस की आलोचना की जा रही है।

