

छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा ने कांग्रेस को घेरने चलबो गौठान, खोलबो पोल अभियान शुरू किया है। इसके पहले ही दिन भाजपा नेताओं ने राज्यभर में अलग-अलग जगहों का दौरा किया। इनमें भाजपा के सांसद, विधायक, प्रदेश प्रवक्ता और संगठन के बड़े नेता शामिल थे। दावा किया गया कि भाजपा नेताओं को कई गौठानों में एक भी गाय नहीं मिली।


न चारे का इंतजाम दिखा, न गोठानों के रिकॉर्ड में उस बड़े पैमाने पर गोबर की बिक्री दर्ज है, जिस बड़े पैमाने पर सरकारी रिकॉर्ड में खरीदी और भुगतान हो रहा है। भाजपा का दावा है कि कहीं कम गोबर खरीदी को बढ़ा चढ़ाकर बोगस भुगतान कर सरकार के खजाने को लूटा जा रहा है। यदि गोठान समितियों के रिकॉृर्ड और सरकार के भुगतान के रिकॉर्ड का मिलान कर लिया जाए तो हजारों करोड़ का गौठान और गोबर घोटालेबाजी सामने आ जायेगी।
जांजगीर का हाल
नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने जांजगीर चांपा जिले के नैला गौठान का निरीक्षण किया। गौठान में एक भी गाय नहीं मिली। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि गौठानों में गोबर ख़रीदी के नाम पर धांधली चल रही है।
बस्तर में क्या हुआ
प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने भानपुरी मंडल के घोटिया,सुदापाल, पाथरी,मुरकुची के गोठन में जाकर अवलोकन किया। केदार ने बताया कि पंचायत के ऊपर कर्ज बढ़ गया है, लोगों को कोई फायदा नहीं मिल रहा है।


रायगढ़ का हाल
भाजपा प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी रायगढ़ के पुसौर मंडल के गोतमा छिछोरे उमरिया गोठान गए,वहां अव्यवस्था के अलावा कुछ नही मिला।ओपी चौधरी ने कहा राज्य की कांग्रेस सरकार ने जनता के साथ धोखा करके झूठ बोलने का ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया है जो कोई नही तोड़ पाएगा।


राजधानी के इलाकों में क्या मिला
रायपुर सांसद सुनील सोनी, पूर्व मंत्री भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजेश मूणत ,भाजपा शहर जिलाध्यक्ष जयंती पटेल, श्रीचंद सुंदरानी, नंदकुमार साहू, जितेंद्र धुरंदर मंडल आदि ने धनेली भटगांव, दतरेंगा व कांदुल गौठान का निरीक्षण कर गांव के लोगों से चर्चा की। न तो गौठानों में गौ माता के दर्शन हुए, न गोबर दिखाई दिया, न ही चारे का इंतजाम नजर आया। सांसद सुनील सोनी ने कहा घोटालों के लिए कांग्रेस ने गौमाता को भी नहीं बख्शा।
कांग्रेस का दावा- भाजपाई दुष्प्रचार कर रहे
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में गांव, गरीब, किसानों और गोपालको की समृद्धि को भाजपाई पचा नहीं पा रहे हैं। गरीब और कृषि श्रमिकों सहित ग्रामीणों के अतिरिक्त आमदनी का जरिया बने गोधन न्याय योजना का विरोध कर भाजपाई अपने सामंतवादी चरित्र को एक बार फिर प्रमाणित कर रहे हैं। भूपेश सरकार ने छत्तीसगढ़ में विगत साढ़े तीन साल में 10624 गौठान बनाए हैं जिनमें से 5709 गौठान अब स्वावलंबी बन चुके हैं। योजना के अंतर्गत कोई भी राशि का भुगतान नगद रूप में नहीं होता है। प्रत्येक 15 दिन में हितग्राहियों के बैंक खाते में राशि का अंतरण होता है, पूरी पारदर्शिता है।
गोबर खरीदी के नाम पर भारी हेराफेरी की मिली शिकायत : सोनी
रायपुर सांसद सुनील सोनी ने कहा, गोठानों में हर जगह धांधली पाई गई। न तो गौ माता के दर्शन हुए, न गोबर और चारे का इंतजाम नजर आया। गोबर खरीदी के नाम पर भारी हेराफेरी की शिकायत ग्रामीणों ने की। कांग्रेस सरकार द्वारा नरवा गरवा घुरवा बाड़ी के नाम पर जो घोटाला हुआ है, वह गांव की जनता देख रही है। राजेश मूणत ने कहा, गौ मां को पीड़ित कर भूपेश सरकार ने अपराध किया है।
गोठान – धनेली, भटगांव, दतरेंगा व कांदुल (रायपुर)
निरीक्षणकर्ता – सांसद सुनील सोनी, राजेश मूणत, जयंती पटेल, श्रीचंद सुंदरानी, नंदकुमार साहू, जितेंद्र धुरंदर।
इन गौठानों में पहुंचे भाजपाई
गोठान – निरीक्षणकर्ता
नैला (जांजगीर चांपा) – नारायण चंदेल
भानपुरी मंडल के 4 गोठान – केदार कश्यप
अर्जुनी (धमतरी) – रंजना साहू
चौबेबांधा बरौंडा (राजिम) – संदीप शर्मा
अभियान का प्लान
- जमीनी हाल पता करने ग्रामीणों के साथ कर रहे गोठान का गोठ
- जनता का पंचनामा नाम से फीडबैक फार्म भी भरवा रहे
- हर जगह गोठानों से संबंधित 10 सवाल भी पूछ रहे।
भाजपा का आरोप
- राज्य में 9790 गोठान कार्यशील, आदर्श गोठानों को छोड़कर कहीं व्यवस्था नहीं।
- हर गोठान में 8-19 लाख खर्च, अधिकांश में भ्रष्टाचार।
- गोठान समिति का चुनाव नहीं, सत्ता के करीबी बिना चुनाव के काबिज। मनरेगा, रूर्बन, डीएमएफ आदि के पैसों को डायवर्ट कर भ्रष्टाचार किया गया।
– पैसों को डायवर्ट करने के कारण गांवों में रोड, नालियां आदि नहीं बन रही हैं। – प्रत्येक गोठान में 300 गाय रखने का नियम है। शायद ही किसी में इतनी गायें हैं। – गोबर के मद में 1976 लोगों के नाम पर 1 लाख से अधिक का भुगतान, जांच का विषय है। – अनेक जगह गोठानों को नियम विरुद्ध अभयारण्यों में बनाना बताया गया है।
कांग्रेस का पलटवार
भाजपा के आरोपों का पलटवार करते हुए कांग्रेस के प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में गांव, गरीब, किसानों और गोपालकों की समृद्धि को भाजपाई पचा नहीं पा रही है। भूपेश सरकार ने छत्तीसगढ़ में साढ़े तीन साल में 10624 गोठान बनाए हैं, जिनमें से 5709 गोठान अब स्वावलंबी बन चुके हैं। वहीं रमन सरकार में आरएसएस, भाजपा नेताओं के द्वारा संचालित फर्जी गौशालाओं को हर साल करोड़ों का अनुदान दिया जाता था, जहां चारा-पानी के बिना गाएं मार दी जाती थी। सेठ फूलचंद गौशाला, शगुन गौशाला, मयूरी गौशाला जैसे अनेकों उदाहरण हैं।

