छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में राजस्थान के BJP सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौर सहित पांच नेताओं के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज की है। यहां कांग्रेस नेताओं ने देश की जनता के बीच भ्रम फैलाकर राहुल गांधी की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के एक बयान को उदयपुर हत्याकांड से जोड़कर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में केस दर्ज कराया है।

कांग्रेस नेताओं ने सिविल लाइन TI को ज्ञापन सौंपकर FIR दर्ज करने की मांग की।
सिविल लाइन थाने पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने BJP के सांसद राज्यवर्धन राठौर, सुब्रत पाठक, भोला सिंह, कमलेश सैनी एवं सुरेन्द्र पुनिया के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। उन्होंने पुलिस को बताया कि इन पांच BJP नेताओं ने सोशल मीडिया के हवाले वायनाड में दिए गए वायनाड केस से संबंधित कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी के बयान को उदयपुर की घटना से जोड़कर प्रचारित एवं प्रसारित किया।
इस खबर के साथ देश की जनता के बीच BJP नेताओं ने भ्रम फैलाया है और राहुल गांधी की छवि धूमिल की है। इस घटना से पूरे देश के कांग्रेस नेता आहत हैं और गुस्से में हैं। जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष व जिला शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद नायक ने बताया कि इस घटना को लेकर देश भर में FIR दर्ज कराई जा रही है। इसी के तहत बिलासपुर कांग्रेस की ओर से मैंने सिविल लाइन थाने में केस दर्ज कराया है।
पर्यटन मंडल के अध्यक्ष बोले- लगातार झूठ फैला रही भाजपा
पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव और रामशरण यादव ने कहा कि भाजपा लगातार झूठ और भ्रम फैलाने का काम करती आ रही है। उदयपुर की घटना के साथ ही जितनी घटनाएं देश में हुई है। उसकी जिम्मेदारी भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता नूपुर शर्मा की है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने नूपुर शर्मा की याचिका पर उसके ही खिलाफ टिप्पणी की है।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि हैदराबाद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ना तो नूपुर शर्मा के बयान पर खेद प्रकट किया और ना ही देश में घट रही घटनाओं पर कोई दुख जताया। बल्कि, भाजपा उदयपुर के स्व.कन्हैया के नाम पर राजनीति कर रही है। भाजपा को नफरत की राजनीति बंद करनी चाहिए।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान को दुष्प्रचारित करने का कांग्रेसियों ने विरोध शुरू कर दिया है।
TI बोले- भ्रामक खबर फैलाने पर दर्ज हुआ केस
इधर, सिविल लाइन TI परिवेश तिवारी ने बताया कि भ्रामक खबर शेयर कर जनता में प्रचारित करने के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। प्रमोद नायक ने पोस्ट शेयर करने वालों के विरुद्ध नामजद शिकायत की है, जिस पर पुलिस ने राज्यवर्धन सिंह राठौर, सुब्रत पाठक, डॉ. भोला सिंह, कमलेश सैनी व मेजर सुरेंद्र पुनिया के खिलाफ धारा 505 के तहत FIR दर्ज की है।
राहुल गांधी का फेक वीडियो किया था शेयर
BJP सांसद राज्यवर्धन राठौर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के वायनाड कार्यालय में हुई तोड़फोड़ के मामले पर दिए गए बयान को उदयपुर हिंसा से जोड़ते हुए VIDEO शेयर किया था। इस VIDEOको शेयर करते हुए BJP सांसद ने लिखा था कि- उदयपुर हो या वायनाड, JNU में ‘अफजल हम शर्मिंदा हैं’ और ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे’ गैंग के साथ खड़ी रहने वाली कांग्रेस का चरित्र वही रहता है। जिहादी आतंक की विषबेल का बीज किसने बोया, किसने सींचा, खुद सोचिए, जिसके बाद कांग्रेस नेताओं में आक्रोश भड़क गया है।