

रेलवे ने बिलासपुर से नागपुर जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया है। यह तब तक नहीं चलेगी, जब तक सिकंदराबाद-तिरुपति वंदे भारत एक्सप्रेस की रैक नहीं मिल जाती। वंदे भारत एक्सप्रेस को यात्री कम मिलने के कारण बंद किया गया है। अब तक इसकी औसतन 65 प्रतिशत सीटें ही भर पा रही थीं क्योंकि लोग इसकी जगह दूसरी ट्रेनों को प्राथमिकता देने लगे थे।
वंदे भारत को बंद करने के बाद रेलवे ने बिलासपुर-नागपुर तेजस एक्सप्रेस शुरु की है। हालांकि इसके टिकट का रेट भी वंदे भारत से थोड़ा ही कम है। तेजस भी शनिवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। रेलवे ने इस ट्रेन का रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव और गोंदिया स्टेशनों में स्टॉपेज दिया है।
तेजस रेक में 2 एग्जीक्यूटिव क्लास के कोच, 7 चेयर कार के कोच एवं दो पावर कार सहित 11 कोच हैं। तेजस एक्सप्रेस रविवार और सोमवार को बिलासपुर से नागपुर चलेगी। रेलवे सूत्रों की माने तो यह ट्रेन वर्तमान में मुंबई-हावड़ा मेल की रफ्तार से चल रही है। रेलवे ने वंदे भारत को 130 की रफ्तार से चलने की अनुमति दी थी, तो वहीं तेजस को 110 की स्पीड़ से चलने की अनुमति दी गई है। इसकी वजह है कि तेजस का रैक 130 की स्पीड के लायक नहीं है।
रायपुर से बिलासपुर जाने वाली ट्रेन
- दूरंतो एक्सप्रेस 4:13 घंटे
- राजधानी एक्सप्रेस 4:50 घंटे
- गीतांजली एक्सप्रेस 4:50 घंटे
- गोंडवाना एक्सप्रेस 4:55 घंटे
- भुनेश्वर कुर्ला 5:15 घंटे
हालांकि तेजस के टिकट भी महंगे
वंदे भारत और तेजस के किराए में अंतर तो है, लेकिन बहुत ज्यादा नहीं है। इसीलिए अभी इसमें भी यात्री कम ही हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस में बिलासपुर से रायपुर का एक्जीक्यूटिव किराया 890 रुपए और चेयरकार 455 रुपए है। तेजस का एक्जीक्यूटिव 835 और चेयरकार 410 रुपए की है। बिलासपुर और नागपुर की बात करें तो वंदे भारत का एक्जीक्यूटिव टिकट 1890 रुपए का तथा चेयरकार 955 रुपए है।
वहीं तेजस एक्सप्रेस का 1755, चेयरकार 830 रुपए है। ऐसे में तेजस के लिए भी यात्रियों को आकर्षित करना बड़ी चुनौती होगी। रेलवे सूत्रों की माने तो वंदे भारत एक्सप्रेस रायपुर से नागपुर 4 घंटे 12 मिनट में पहुंचाती है, वहीं दूरंतो एक्सप्रेस 4 घंटे 13 मिनट में पहुंचती है। जबकि दोनों के किराए में बहुत ज्यादा फर्क है। इसलिए वंदेभारत को यात्रियों ने पसंद नहीं किया।
बिलासपुर से नागपुर के बीच औसत स्पीड निकली 85 किमी/घंटा
वंदे भारत एक्सप्रेस को 160 किमी प्रति घंटे की स्पीड से चलाने का दावा किया गया था। इस ट्रेन में शताब्दी ट्रेनों जैसे ट्रैवल क्लासेज हैं, लेकिन बेहतर सुविधाओं के साथ। इसका उद्देश्य यात्रियों को पूरी तरह से नया यात्रा अनुभव प्रदान करना है। लेकिन रेलवे की मानें तो नागपुर से बिलासपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस की अधिकतम स्पीड 130 किमी प्रति घंटा ही दर्ज की गई है। अगर बिलासपुर से नागपुर के बीच अौसत स्पीड निकाली जाए तो यह 85 85 किमी प्रतिघंटा रही है।
पहले से टिकट लिया तो पैसे वापस
यात्रियों ने यदि वंदे भारत एक्सप्रेस की टिकट पहले से ली है, तो उसे वापस ले सकते हैं। रेलवे ने यह सुविधा दी थी कि जो वंदे भारत में जा रहे थे, उन्हें वह तेजस में शिफ्ट में कर रही थी। जो तेजस में भी नहीं जाना चाहते, वे टिकट वापस कर सकते हैं। पूरा पैसा रिफंड होगा।
5:30 घंटे में बिलासपुर से नागपुर
वंदेभारत एक्सप्रेस बिलासपुर से सुबह 6.45 बजे रवाना हो रही थी। तेजस भी इसी समय रवाना होगी। यह दोपहर 12.15 बजे नागपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन दोपहर 2.05 बजे नागपुर से रवाना होगी। शाम 7.35 बजे बिलासपुर पहुंचेगी।
वंदे भारत का किराया
- बिलासपुर से रायपुर का एक्जीक्यूटिव 890, चेयरकार 455
- बिलासपुर से दुर्ग का एक्जीक्यूटिव 1000, चेयरकार 515
- बिलासपुर राजनांदगांव एक्जीक्यूटिव 1100, चेयरकार 556
- बिलासपुर गोंदिया एक्जीक्यूटिव 1465, चेयरकार 745
- बिलासपुर नागपुर एक्जीक्यूटिव 1890, चेयरकार 955
तेजस ट्रेन का किराया
- बिलासपुर से रायपुर का एक्जीक्यूटिव 835, चेयरकार 410
- बिलासपुर से दुर्ग का एक्जीक्यूटिव 940, चेयरकार 455
- बिलासपुर राजनांदगांव एक्जीक्यूटिव 1040, चेयरकार 500
- बिलासपुर गोंदिया एक्जीक्यूटिव 1365, चेयरकार 650
- बिलासपुर नागपुर एक्जीक्यूटिव 1755, चेयरकार 830

