रामायण महोत्सव पर सियासत: धर्मलाल कौशिक ने कहा रामायण महोत्सव कांग्रेस का चुनावी स्टंट, कांग्रेस बोली- BJP वोट के लिए लेती है राम नाम

37
Lotus dental clinic Birgaon

छत्तीसगढ़ भाजपा और कांग्रेस के बीच भगवान राम को लेकर विवाद की स्थिति बन रही है। दोनों एक दूसरे पर चुनावी समय में भगवान को याद करने वोटर्स को लुभाने की बात कर रहे हैं। वजह है 1 जून से रायगढ़ में होने जा रहा रामायण महोत्सव। इस दौरान, प्रदेश के अलावा देश की कई टीमें आकर रामायण का मंचन करेंगी, बाली जैसी विदेशी टीमों के भी इस कार्यक्रम में आने पर चर्चा जारी है। कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ सरकार का संस्कृति विभाग कर रहा है।

इस आयोजन पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने बयान दिया है, ‘हमनें पहले भी कहा जो राम को छोड़ दिया उसे कोई नहीं बचा सकता है। अब चुनाव हैं तो इनको लग रहा है कि रामायण से जुड़े आयोजन करना है, राम का गुणगाण होना चाहिए। लेकिन केवल कार्यक्रम का दिखावा करने से कुछ नहीं होगा, भगवान के प्रति भक्ति भाव भी होना चाहिए। नजदीक में चुनाव है और चुनाव में इसका फायदा मिले इसलिए ये आयोजन हो रहा है।’

कांग्रेस का जवाब
कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने इस मामले में कहा – छत्तीसगढ़ के भांचा मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम जी की जीवनी उनके कार्य पर आधारित अंर्तराष्ट्रीय रामायण महोत्सव का आयोजन करवा रही है जिसमें देश विदेश से रामकथा वाचक रामायण मंडली रामलीला मण्डलियों का दल शामिल होने आ रहे है तो भाजपा के पेट मे दर्द क्यों हो रहा है? भाजपा ने अंर्तराष्ट्रीय रामायण महोत्सव के आयोजन का विरोध कर अपने कालनेमि चरित्र को जनता के आगे प्रदर्शित किया है। भाजपा सिर्फ वोट लेने और चंदा लेने के तक ही जय श्री राम का नारा लगाती है कभी रामकाज नहीं करती है।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि 15 साल तक छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार थी उन्हें किसी ने मना नहीं किया था की रामायण कथा मत करवाये? राम वन गमन पथ एवं विश्व की एकलौती मंदिर माता कौशल्या की मंदिर को विकसित मत करिये? श्री राम जी के नाम से वोट लेने के बाद भाजपा के नेता सत्ता सुख भोगने में जुट गए कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार करने में रमे रहे है। रमन सरकार के दौरान भाजपा के नेता पंडाल लगाकर दीनदयाल की कथा सुनते थे। वह कभी रामायण कथा नहीं सुने। कभी राम वन गमन और माता कौशल्या का मंदिर, रामायण कथा कराने की सुध नहीं ली। आज जब छत्तीसगढ़ की संस्कृति परंपरा और हमारे पौराणिक महत्व के अनुसार जब अंर्तराष्ट्रीय रामायण पाठ हो रहा हैं तब भाजपा विरोध करके अपने काले कारनामे में पर्दा करना चाहती है।

ये है कार्यक्रम
रायगढ़ में आयोजित होने जा रहे राष्ट्रीय रामायण महोत्सव में छत्तीसगढ़ के लोगों को थ्रीडी एनिमेशन सहित हाईटेक तकनीकों से सुसज्जित रामायण की गाथा देखने को मिलेगी। राष्ट्रीय रामायण महोत्सव का आयोजन 01 से 03 जून तक रायगढ़ के राम लीला मैदान में होगा। महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों के रामायण मण्डली सहित विदेशी मानस मण्डली कलाकार भी शिरकत करेंगे।

मानस मंडली के कलाकार दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक और विदेशों से आने वाले मानस मंडली के द्वारा रात्रि 8 बजे से रात 10 बजे तक प्रस्तुति दी जाएगी। इस भव्य आयोजन में अरण्यकांड पर केंद्रित प्रसंगों पर विभिन्न राज्यों से आए मानस दलों के साथ ही विदेशी दलों के द्वारा रामायण की प्रस्तुति की जाएगी। राष्ट्रीय रामायण महोत्सव में सामूहिक हनुमान चालीसा एवं भव्य केलो आरती का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें हजारों की संख्या में दीपदान किया जाएगा।

प्रदेश में पहली बार संस्कृति विभाग द्वारा राष्ट्रीय रामायण महोत्सव का आयोजन रायगढ़ के राम लीला मैदान में किया जाएगा। इस महोत्सव में शामिल होने वाली मानस मंडलियों के पुरस्कृत किया जाएगा। जिसमें प्रथम पुरस्कार 5 लाख रुपए, द्वितीय पुरस्कार 3 लाख रुपए और तृतीय पुरस्कार की राशि 2 लाख रुपए तय की गई है।