भाजपा का चुनावी प्लान: रूठों को मनाने घर-घर जाएंगे, वोटर के यहां जाकर करवाना होगा मिस्ड कॉल…

46
Lotus dental clinic Birgaon

भारतीय जनता पार्टी चुनावी मोड पर आ चुकी है। न सिर्फ विधानसभा चुनाव, बल्कि लोकसभा चुनावों के लिए भी रणनीति बननी शुरू हो चुकी है। जहां जहां इस साल विधानसभा के चुनाव होने हैं, वहां दोगुनी ताकत के साथ तैयारी की जा रही है।

मोदी सरकार के 9 साल के कामकाज को बताने के लिए 30 मई से 30 जून तक विशेष अभियान चलेगा। इसमें नाराज पदाधिकारियों को मनाने की कोशिश भी होगी, कार्यकर्ताओं का सम्मेलन भी होगा। लोकसभा से लेकर बूथ स्तर तक आयोजन होंगे। और तो और घर घर संपर्क अभियान के तहत जब नेता वोटरों के घर पहुंचेंगे, तो उन्हें मिस्ड कॉल भी करवाना होगा, ताकि ये पता चल सके कि कार्यकर्ता वोटर के घर तक पहुंचे थे।

इस रणनीति को लेकर राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह का पत्र सभी प्रदेशों में पहुंच चुका है और इसे लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इस साल छत्तीसगढ़ में भी विधानसभा के चुनाव हैं, लिहाजा यहां विधानसभा की दृष्टि से भी इस अभियान पर काम किया जाएगा। घर घर संपर्क अभियान सात दिन का होगा।20 से 23 जून के बीच शुरू हो सकता है। इसमें घर घर जाकर भाजपा के लोग संपर्क करेंगे और उनसे मिस्ड कॉल करवाएंगे।

25 जून को इमरजेंसी की याद दिलाएंगे
इस बीच 25 जून को भारतीय जनता पार्टी आपातकाल की याद दिलाएगी। इसके लिए विशेष आयोजन की तैयारी है। इस दिन प्रबुद्ध सम्मेलन होगा। इसमें बुद्धिजीवियों को बुलाया जाएगा। बताया जाएगा कि कांग्रेस ने लोकतंत्र को कैसे नष्ट किया। इस पर डा्क्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। यह लोकसभा क्षेत्र के मुख्य विधानसभा में आयोजित होगा। इसमें केंद्रीय टोली का एक सदस्य अनिवार्य रूप से रहेगा।

व्यापारी सम्मेलन, विकास तीर्थ शामिल
इस अभियान के तहत व्यापारी सम्मेलन भी किया जाना है। लोकसभा के व्यापारिक केंद्रों पर व्यापारिक सम्मेलन आयोजित होंगे। इसके साथ ही विकास तीर्थ होगा, जिसमें विधानसभा के विकास के स्थान पर लेकर जाएंगे। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक और सम्मेलन भी होगा, ताकि नाराजगी हो तो दूर कर सकें।

योग दिवस पर आयोजन, 23 को मोदी की वीसी
योग दिवस 21 जून को मनाया जाएगा। हर स्थान पर इस दौरान मोदी सरकार की 9 साल की उपलब्धि को दर्शाया जाएगा। यह विधानसभा के स्तर पर होगा। वहीं 23 जून को मोदी के साथ बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं की वीडियो कांफ्रेंसिंग होगी। डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्य तिथि पर 10 लाख बूथों पर यह कार्यक्रम होगा।

सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स की लिस्ट मांगी, इन सभी के साथ भोजन होगा
भारतीय जनता पार्टी इस बार सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स पर नजर रख रही है। इसके लिए बाकायदा एक प्रोफार्मा भरा जाएगा। ये देखा जाएगा कि कौन से लोग हैं, जिनकी पोस्ट पर ज्यादा प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। किस तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। 29 मई को राजधानी में प्रेस कांफ्रेंस हो सकती है, जिसमें केंद्रीय मंत्री या राष्ट्रीय पदाधिकारी के साथ सोशल मीडिया इंन्फ्लुएंसर भोजन करेंगे। इसमें उन्हें विकास की पीपीटी दिखाई जाएगी।

अभियान समिति में ये लोग
इसके लिए जो लोकसभा की दृष्टि से दो सदस्यों की टोली बनेगी। इसमें केंद्रीय मंत्री या पूर्व केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय पदाधिकारी, सदस्य या वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी मिलेगी। वहीं, केंद्र व प्रदेश में 7 सदस्यों की, जिले में 6, मंडल में 4 सदस्यों की समिति बनेगी।

हर लोकसभा में 250 परिवारों तक जाएंगे
प्रदेश स्तर के बड़े नेताओं की जिम्मेदारी होगी कि हर लोकसभा के 250 प्रतिष्ठित और प्रभावशाली लोगों की लिस्ट बनाए। हर लोकसभा से 10 लोग तय किए जाएंगे, जो इन 250 लोगों से संपर्क करेंगे। इसका रिकार्ड बनाएंगे। इसके अलावा कलाकार, खिलाड़ी, उद्योगपति, शहीद व प्रसिद्ध परिवारों से भी संपर्क होगा, जिन्हें भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता घर घर जाकर सम्मानित करेंगे।