रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रफ ड्राइविंग और रसूख दिखाने का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शहर के व्यस्त कोतवाली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार थार कार चलाकर दहशत पैदा करने वाले एक होटल कारोबारी के बेटे की बीच सड़क पर लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। घटना का एक लाइव वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें गुस्साए राहगीर युवक को सबक सिखाते नजर आ रहे हैं।

यह भी पढ़ें : छत्तीसगढ़: एक ही गांव में 8 रहस्यमयी मौतें , कब्र से निकाले गए शव, रायपुर के मेकाहारा में पोस्टमार्टम शुरू , देखें तस्वीरें

तेज रफ्तार थार ने बाइक सवारों को मारी टक्कर

चश्मदीदों से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद मोतीबाग के सामने मुख्य मार्ग पर हुआ। आरोपी युवक आर्यन पुरोहित—जो कि चर्चित शराब घोटाले के आरोपी नितेश पुरोहित और गिरिराज होटल के संचालक का बेटा बताया जा रहा है—अपनी थार गाड़ी (CG13 AT 7722) को बेहद लापरवाही से दौड़ा रहा था। चश्मदीदों का आरोप है कि उसने सड़क पर जा रहे कई बाइक सवारों को खतरनाक कट मारे, जिससे एक बाइक चालक संतुलन खो बैठा और थार की चपेट में आ गया।

आर्यन पुरोहित ने कहा कि, पुलिस बुलाओ।
आर्यन पुरोहित ने कहा कि, पुलिस बुलाओ।

‘पुलिस बुला लो…’ रसूख दिखाने पर भड़के लोग

टक्कर लगने के बाद जब स्थानीय लोगों और राहगीरों ने गाड़ी को घेरकर रोकने की कोशिश की, तो आरोपी युवक उल्टा लोगों पर ही भड़क गया। विवाद बढ़ने पर मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। आरोप है कि आर्यन पुरोहित ने अपनी गलती मानने के बजाय अपने पारिवारिक रसूख का धौंस दिखाना शुरू कर दिया। उसने खुद को शहर के प्रभावशाली ‘ढेबर परिवार’ का करीबी बताते हुए लोगों को सीधे पुलिस बुलाने की चुनौती दे डाली। वहीं, युवक का दावा था कि भीड़ में शामिल कुछ लोग उसके साथ गाली-गलौज कर रहे थे।

इस दौरान राहगीरों से बहस भी हुई।
इस दौरान राहगीरों से बहस भी हुई।

बीच सड़क पर जड़ा थप्पड़, पुलिस को शिकायत का इंतजार

वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बहसबाजी किस तरह हिंसक झड़प में बदल गई। तीखी नोकझोंक के बीच गुस्साए एक राहगीर ने आर्यन को एक जोरदार थप्पड़ जड़ दिया, जिसके बाद वहां मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया।

यह भी पढ़ें : हेल्थ टीप : आम खाने का सही तरीका क्या है? दूध-दही या चाय-कॉफी के साथ खाना सही है ? इस हेल्थ कंडीशन में न खाएं

इस हाई-प्रोफाइल ड्रामे के बाद भी मामला अब तक थाने नहीं पहुंच सका है। कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह ने मीडिया को बताया कि फिलहाल इस संबंध में किसी भी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।