राजधानी रायपुर में ठगों ने एक युवक को एटीएम कार्ड बदलकर 81 हजार रुपए का चूना लगा दिया। कबीर नगर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में दो शातिर बदमाशों ने युवक को एटीएम मशीन में कार्ड फंसने की कहानी सुनाकर झांसे में लिया और उसका कार्ड बदल दिया।
पीड़ित कुशमेंद्र बघेल ने पुलिस को बताया कि 2 सितंबर की दोपहर करीब 1 बजे वह कंचन गंगा परिसर स्थित एटीएम से 9 हजार रुपए निकालकर बाहर निकल रहा था। तभी एक युवक एटीएम बूथ में घुसा और बोला कि मशीन में पर्ची फंसी है और कैश नहीं निकल रहा। इसी दौरान दूसरा युवक भी वहां आ गया और कुशमेंद्र से दोबारा कार्ड डालकर ट्रांजैक्शन करने को कहा।
चालाकी से कार्ड बदलकर उड़ाए पैसे
आरोपियों ने मौका पाकर उसका असली कार्ड बदल दिया और नकली कार्ड थमा दिया। थोड़ी देर बाद पीड़ित के मोबाइल पर लगातार मैसेज आने लगे, जिसमें खाते से कुल 80 हजार 500 रुपए निकाले जाने की जानकारी थी। इसके बाद कुशमेंद्र तुरंत बैंक पहुंचा और अपना कार्ड ब्लॉक करवाया।
फिलहाल, कबीर नगर पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और दोनों ठगों की तलाश शुरू कर दी है।