राजधानी की चर्चित ड्रग्स केस की आरोपी नव्या मलिक को अदालत ने 4 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। क्राइम ब्रांच की टीम लगातार उससे पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में उसने राज्य के बड़े शराब कारोबारी और उनके बेटे से अपने संबंधों की बात स्वीकार की है। नव्या ने बताया कि कारोबारी के घर का इंटीरियर डिजाइन करते समय ही उनकी दोस्ती हुई थी। इसके बाद वह उनके साथ कई बार पार्टी में शामिल हुई।
नव्या ने जांच में यह भी कबूल किया है कि वह कई बार विदेश गई है। उसके दुबई, सिंगापुर, तुर्की, थाईलैंड और मालदीव जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस अब उसकी विदेशी यात्राओं और वहां के नेटवर्क की भी जानकारी खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि वह शराब कारोबारी के साथ तुर्की में तीन दिन रुकी थी। फिलहाल पुलिस को उसका एक मोबाइल फोन मिला है, लेकिन दूसरा अब भी गायब है।
करीबी दोस्त गिरफ्तार, फोन से मिले आपत्तिजनक वीडियो
पुलिस ने नव्या के करीबी दोस्त अयान परवेज (30) को भी हिरासत में लिया है। अयान मोतीनगर का रहने वाला है और इग्स तस्करी में नव्या का पार्टनर बताया जा रहा है। जांच में उसके मोबाइल से कई आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं, जिनमें तीन वीडियो नव्या के होने का शक है। इन्हें फोरेंसिक लैब भेजा गया है। पुलिस को संदेह है कि अयान इन वीडियो के जरिए नव्या को ब्लैकमेल करता था, क्योंकि उसके बैंक अकाउंट में भारी-भरकम ट्रांजेक्शन मिले हैं। इसके अलावा उसका कनेक्शन ड्रग्स तस्कर शोएब से भी सामने आया है।
पहले पकड़ी गई युवतियों से भी जुड़ा नाम
इस केस में दुर्ग, भिलाई और रायपुर की युवतियों से भी नव्या का संपर्क सामने आया है। इनमें से एक युवती राजनीति से भी जुड़ी हुई बताई जा रही है। पुलिस जल्द ही इन सभी को पूछताछ के लिए बुलाने वाली है। वहीं, जांच में कई बड़े घरानों के युवकों का नाम भी सामने आ रहा है।
नार्को टेस्ट की तैयारी
पुलिस सूत्रों का कहना है कि नव्या पूछताछ में पूरी जानकारी नहीं दे रही है। इसलिए उसके नार्को टेस्ट कराने की तैयारी चल रही है। शक है कि उसका नेटवर्क बड़े प्रभावशाली लोगों तक जुड़ा हुआ है।
पूछताछ के दौरान कारोबारी की तबीयत बिगड़ी
इस मामले में मुंबई से पकड़े गए युवा कारोबारी पीके अग्रवाल से भी पूछताछ की जा रही थी। लेकिन सोमवार सुबह पूछताछ के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। सीने में दर्द की शिकायत पर उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।