रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में डीजल चोरी करने वाले गिरोह को पुलिस ने पकड़ लिया है। यह गैंग मध्यप्रदेश के आरोपियों का है, जो मिलकर ट्रकों और मालवाहक वाहनों से डीजल चोरी करते थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों – राजाराम फुलेरिया (41), रोहित फुलेरिया (25) और अर्जुन कुमार (27) – को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

शिकायत पर हुई कार्रवाई
मां नर्मदा ट्रांसपोर्ट के मुंशी वेदप्रकाश साहू ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 26 अगस्त की रात ग्राम छतौना में खड़े उनके वाहन से 157 लीटर डीजल चोरी हो गया। अज्ञात चोरों ने टंकी का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।
सीसीटीवी और मुखबिर से मिली अहम जानकारी
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें चोरों की हरकतें कैद हो गई थीं। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर कबीर नगर निवासी राजाराम फुलेरिया को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के नाम बताए। इसके बाद रोहित और अर्जुन को भी हिरासत में ले लिया गया, जबकि एक नाबालिग आरोपी फरार है।

बरामदगी
आरोपियों के पास से मध्यप्रदेश नंबर की कार, 15 लीटर डीजल, बिक्री से मिली रकम और एक लोहे की रॉड जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 4.5 लाख रुपए आंकी गई है।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
मंदिर हसौद लंबे समय से डीजल चोरी और तेल माफियाओं का गढ़ रहा है। अप्रैल 2025 में नए रायपुर एएसपी विवेक शुक्ला ने यहां बड़ी कार्रवाई की थी, जिसके बाद गिरोह कमजोर पड़ गया था। लेकिन अब फिर से चोरी की घटनाएं बढ़ने लगी हैं, जिससे पुलिस की सतर्कता और बढ़ा दी गई है।