Home Chhattisgarh news “छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का सीएम हाउस घेराव: बढ़ते अपराध पर हल्ला बोल, भाजपा ने किया पलटवार”

“छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का सीएम हाउस घेराव: बढ़ते अपराध पर हल्ला बोल, भाजपा ने किया पलटवार”

0
“छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का सीएम हाउस घेराव: बढ़ते अपराध पर हल्ला बोल, भाजपा ने किया पलटवार”

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रदेश कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम के सामने सभा कर सरकार पर निशाना साधा और फिर मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच किया। हालांकि, पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया, जिसके कारण पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इस प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव को छोड़कर सभी प्रमुख कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर अपराध रोकने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य की जनता भय के माहौल में जी रही है और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जनसेवक नहीं, बल्कि ‘भक्षक’ की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आत्मानंद स्कूल की छात्रा से दुष्कर्म जैसी घटनाएं यह दिखाती हैं कि प्रशासन पूरी तरह निष्क्रिय हो चुका है। बैज ने यह भी आरोप लगाया कि हर तीन घंटे में एक बलात्कार की घटना हो रही है और सरकार आंखें मूंदे बैठी है।

पूर्व पीसीसी प्रमुख धनेंद्र साहू ने छत्तीसगढ़ को ‘शांति का टापू’ बताते हुए कहा कि अब यह राज्य अपराध का गढ़ बन चुका है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही हत्या, बलात्कार और लूट की घटनाएं राज्य सरकार की नाकामी का प्रमाण हैं और आज का यह प्रदर्शन पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में एक कदम है।

वहीं भाजपा ने कांग्रेस के प्रदर्शन को ‘अपराध के खिलाफ अपराधियों का प्रदर्शन’ बताया है। भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने पलटवार करते हुए कहा कि जिन मामलों का हवाला कांग्रेस दे रही है, उनमें से 10 में से 8 मामलों में आरोपी कांग्रेस से जुड़े हुए हैं। उन्होंने पूर्ववर्ती भूपेश सरकार के समय की कई घटनाओं का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में अपराध और नशाखोरी को बढ़ावा मिला। उन्होंने सूरजपुर, बलौदाबाजार, बिलासपुर और बालोद की घटनाओं में कांग्रेस नेताओं की संलिप्तता की ओर इशारा किया और कांग्रेस पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया।