छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 1 सितंबर से लागू होने वाला नियम कि बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं मिलेगा, पहले ही दिन असफल साबित हो गया। पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन की घोषणा के बावजूद शहर के ज्यादातर पंपों पर बेधड़क पेट्रोल दिया जा रहा है।

रियलिटी चेक में सामने आया सच
दैनिक भास्कर की पड़ताल में जयस्तंभ चौक और शहीद स्मारक के पास स्थित पेट्रोल पंपों पर नियम का पालन बिल्कुल नहीं हुआ। यहां बिना हेलमेट के वाहन चालकों को पेट्रोल आसानी से मिल रहा था। घड़ी चौक स्थित पंप पर तो लोगों ने अलग तरह का जुगाड़ लगाया। यहां मौजूद लोग दूसरों से हेलमेट लेकर पेट्रोल भरवा रहे थे। पंप कर्मचारी भी बिना किसी रोक-टोक के सभी को पेट्रोल दे रहे हैं।

विवाद पर होगी कार्रवाई
पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन ने पहले कहा था कि नियम का उल्लंघन करने वालों से विवाद की स्थिति में पुलिस सीधे कार्रवाई करेगी। किसी भी हंगामे की शिकायत पंप संचालक डायल 112 पर कर सकते हैं।

हेलमेट न पहनने का गंभीर असर
पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, रायपुर में पिछले सात महीनों में 214 लोगों की मौत हेलमेट न पहनने की वजह से हुई है। वहीं 150 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए। इसी अवधि में सीट बेल्ट न लगाने से 20 से अधिक कार चालकों ने जान गंवाई।