Home Chhattisgarh news रायपुर नवोदय में छात्रों से मारपीट, आरोपी शिक्षक को भोपाल भेजा गया – अधिकारियों ने की जांच

रायपुर नवोदय में छात्रों से मारपीट, आरोपी शिक्षक को भोपाल भेजा गया – अधिकारियों ने की जांच

0
रायपुर नवोदय में छात्रों से मारपीट, आरोपी शिक्षक को भोपाल भेजा गया – अधिकारियों ने की जांच

रायपुर। राजधानी रायपुर के माना स्थित नवोदय विद्यालय में छात्रों से मारपीट का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। इस घटना में आरोपी शिक्षक डी.के. सिंह को तत्काल रायपुर से हटाकर भोपाल भेज दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारती ने बताया कि कलेक्टर गौरव सिंह के निर्देश पर कार्रवाई की गई है और जांच अभी जारी है।

दरअसल, कक्षा 10वीं के चार छात्र एक ही मोबाइल पर देर रात वीडियो देख रहे थे। इसी दौरान हाउस मास्टर डी.के. सिंह और हॉस्टल केयर टेकर वहां पहुंचे और चारों छात्रों को पीटा। छात्रों का आरोप है कि शिक्षक ने रॉड और डंडे से प्राइवेट पार्ट पर हमला करने की भी कोशिश की।

छात्रों ने दावा किया कि शिक्षक हमेशा बच्चों को मारते हैं, यहां तक कि छठवीं कक्षा के छोटे बच्चों को भी छड़ी से पीटते हैं। वहीं, एक छात्र ने बताया कि सर ने पीटने के बाद उनकी फोटो भी खींची और स्कूल से निकालने की धमकी दी।

स्कूल की प्रिंसिपल लक्ष्मी सिंह ने कहा कि बच्चे ऐडल्ट कंटेंट देख रहे थे, जिस पर रोक थी। हालांकि उन्होंने माना कि “किसी भी स्थिति में बच्चों को पीटना गलत है।”

पीड़ित छात्र के पिता एओ लारी ने कहा कि बच्चे ने गलती की थी तो अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती थी, लेकिन इस तरह से मारने का अधिकार किसी को नहीं है। उनके मुताबिक, मारपीट में बच्चे के हाथ-पैर तक टूट गए।

वहीं, आरोपी शिक्षक डी.के. सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि वह वार्डन के कहने पर मौके पर पहुंचे थे। बच्चों ने उन्हें देखते ही मोबाइल फेंक दिया और भागने लगे। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने एक छात्र को छड़ी से मारा, लेकिन रॉड से पिटाई या हड्डी तोड़ने के आरोप गलत हैं। सिंह ने अपनी गलती मानते हुए माफी भी मांगी।

इस पूरे मामले की रिपोर्ट दैनिक भास्कर द्वारा प्रकाशित होने के बाद बाल आयोग ने भी संज्ञान लिया था। अब आगे की कार्रवाई जिला प्रशासन की जांच रिपोर्ट पर निर्भर करेगी।