छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में त्यौहारी सीजन के बीच घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का बड़ा खुलासा हुआ है। खाद्य विभाग की टीम ने गुरुवार को शहर की चार दुकानों पर दबिश दी, जहां से 41 अवैध घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इस कार्रवाई के बाद संचालकों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

शहर में लंबे समय से गैस एजेंसी संचालक और उनके कर्मचारी प्राइवेट दुकानदारों को घरेलू सिलेंडर सप्लाई कर रहे थे। दुकानदार इन्हें ऊंचे दामों पर बेचने के साथ ही गैस की रिफलिंग करके व्यावसायिक इस्तेमाल में भी लगा रहे थे।
किन-किन दुकानों से मिले सिलेंडर?
छापेमारी के दौरान पुराना बस स्टैंड स्थित आशीष ट्रेडर्स से 10 सिलेंडर, कोनी इलाके के शुभम किचन केयर गैस रिपेयर से 13 सिलेंडर, और आर्य फ्रिज व गैस चूल्हा रिपेयर शॉप से 16 सिलेंडर जब्त किए गए। इसके अलावा 2 नाप-तौल मशीन भी कब्जे में ली गईं।
त्यौहार में बढ़ी कालाबाजारी
त्यौहारी मौसम में जहां खाद्य सामग्री में मिलावट की शिकायतें बढ़ रही हैं, वहीं घरेलू गैस की अवैध बिक्री भी तेज हो गई है। होटलों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक घरेलू गैस पहुंचाने का काम बड़े पैमाने पर एजेंसियों की मिलीभगत से चल रहा है।
लोगों का कहना है कि विभागीय कार्रवाई अक्सर दिखावे तक सीमित रहती है, जिसके चलते यह अवैध कारोबार लगातार फल-फूल रहा है।