रायपुर। पत्नी के चरित्र पर शक करते हुए एक पति ने अपने ही घर में खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। अभनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात आरोपी पति ने अपने बच्चों के सामने पत्नी के सिर पर रॉड से वार किया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

तीजा से लौटने के बाद हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, 27 अगस्त की शाम प्रियंका सेन तीजा मनाकर मायके से वापस ससुराल लौटी थी। रात करीब 10 बजे पति मुकेश सेन ने पत्नी से झगड़ा शुरू कर दिया। इसी दौरान प्रियंका अपने बच्चों को खाना परोस रही थी। अचानक गुस्से में आकर मुकेश ने रॉड उठाया और पत्नी के सिर पर वार कर दिया।
बच्चों के सामने मां की मौत
हमले के बाद प्रियंका खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ी। बच्चों ने मां को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह असहाय रोते रह गए। शोर सुनकर घर के बुजुर्ग कृष्ण कुमार सेन कमरे में पहुंचे तो बेटे ने उन पर भी हमला कर दिया। इस दौरान उन्हें हाथ और आंख के पास चोटें आईं।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
परिवार के लोगों ने घायल प्रियंका को तत्काल अभनपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर चोटों के कारण 28 अगस्त को उसकी मौत हो गई।
आरोपी ने थाने में किया सरेंडर
घटना के बाद आरोपी मुकेश खुद थाने पहुंचा और वारदात में इस्तेमाल रॉड पुलिस को सौंप दी। पहले इस मामले में पुलिस ने हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया था, लेकिन महिला की मौत के बाद इसे हत्या की धारा में बदल दिया गया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा।