बिहार में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में निकाली जा रही ‘वोटर अधिकार यात्रा’ एक नए विवाद में घिर गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया है कि इस यात्रा के दौरान मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। भाजपा ने इसे “राजनीति का स्तर गिराने वाला कदम” बताया है।

सीएम विष्णुदेव साय की कड़ी प्रतिक्रिया
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस मामले पर कहा कि, “पीएम की माताजी पर टिप्पणी करना कांग्रेस और आरजेडी की ओछी राजनीति का उदाहरण है। कांग्रेस की संस्कृति हमेशा ओबीसी और आदिवासी समाज का अपमान करने की रही है, और यह बयान उसी सोच को दर्शाता है।”
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के 140 करोड़ लोगों के लिए काम करते हैं और जनता इस अपमान को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।

डिप्टी सीएम अरुण साव ने भी जताई नाराजगी
छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव ने भी कड़ा विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा, “मंच से गालियों और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना बेहद निंदनीय और अशोभनीय है। यह सिर्फ पीएम की मां का नहीं, बल्कि पूरे देश की हर मां का अपमान है।”
उन्होंने आगे कहा कि सत्ता के लिए कांग्रेस और आरजेडी नेताओं का इस तरह की हरकतें करना हैरान करने वाला है। देश की जनता कभी भी राहुल गांधी और उनके सहयोगियों को माफ नहीं करेगी।