Home Chhattisgarh news रायपुर का मेटल पार्क रोड बना हादसों का अड्डा, बंद स्ट्रीट लाइट और टूटी सड़क से बढ़ रहा खतरा

रायपुर का मेटल पार्क रोड बना हादसों का अड्डा, बंद स्ट्रीट लाइट और टूटी सड़क से बढ़ रहा खतरा

0
रायपुर का मेटल पार्क रोड बना हादसों का अड्डा, बंद स्ट्रीट लाइट और टूटी सड़क से बढ़ रहा खतरा

रायपुर। राजधानी का मेटल पार्क रोड इन दिनों लोगों के लिए खतरे का सबब बन गया है। यह सड़क बिलासपुर हाइवे को उरला औद्योगिक क्षेत्र से जोड़ती है और रावाभाठा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है। खराब सड़क और अंधेरे के कारण यह इलाका लगातार हादसों का गढ़ बनता जा रहा है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं और मुरुम की धूल के कारण खासकर दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर गिर जाते हैं। स्थिति इतनी गंभीर है कि राहगीरों ने इसे ‘दुर्घटनाओं का जोन’ कहना शुरू कर दिया है।

लोगों का कहना है कि कई वर्षों से इस मार्ग पर स्ट्रीट लाइट बंद हैं, जिसके चलते रात को यहां घना अंधेरा छा जाता है। स्थानीय बाशिंदों का कहना है कि अंधेरे की वजह से यह सड़क किसी सुनसान जंगल जैसी लगती है। भारी वाहनों और ट्रकों की लगातार आवाजाही के बीच छोटी गाड़ियों और बाइक सवारों के लिए सफर बेहद जोखिमभरा हो जाता है।

राहगीरों का आरोप है कि रात के समय रोशनी न होने के कारण अब तक कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोगों की जान भी गई है। इसके बावजूद स्थानीय विधायक मोतीलाल साहू और प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

निवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं की गई, तो मेटल पार्क रोड हादसों का स्थायी केंद्र बना रहेगा।