रायपुर। उरला स्वास्थ्य केंद्र के पास श्रीराम गणेश उत्सव समिति द्वारा लगाया गया पंडाल रविवार देर रात आंधी और बारिश की वजह से ढह गया। पिछले 20–25 वर्षों से यहां गणेश प्रतिमा स्थापना की परंपरा रही है, लेकिन इस बार आयोजन स्थल को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पहले से ही अस्पताल की दीवार से कुछ दूरी छोड़कर पंडाल बांधा जाता था, जिससे मजबूती मिलती थी। मगर इस बार अस्पताल प्रबंधन और पार्षद द्वारा दीवार को सड़क की ओर खिसका कर बना दिया गया, जिससे समिति को सपोर्ट के लिए जगह नहीं मिल पाई।

आयोजकों का कहना है कि अगर उन्हें अस्पताल या पार्षद की ओर से थोड़ी सी भी जगह मिल जाती, तो पंडाल मजबूती से खड़ा रहता और यह हादसा नहीं होता। उन्होंने आरोप लगाया कि सहयोग की कमी की वजह से ही मजबूरी में पंडाल सड़क पर लगाया गया और पहली बार इतने सालों में पंडाल ढह गया।

घटना में किसी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं है। समिति ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने और परंपरागत आयोजन के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराया जाए।