रायगढ़ जिले में गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के तीन सदस्य अभी फरार बताए जा रहे हैं। यह मामला जोबी चौकी क्षेत्र से जुड़ा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर जोबी चौकी प्रभारी लक्ष्मी राठौर और उनकी टीम ने ग्राम कुर्रू की रहने वाली अनिता बाई अगरिया (30) के घर छापा मारा। जांच के दौरान पुलिस को वहां से 62 पैकेट में रखा कुल 64 किलो 360 ग्राम गांजा मिला, जिसकी बाजार कीमत करीब 6 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है।
ओडिशा से लाकर यूपी में होती थी सप्लाई
पूछताछ में अनिता ने खुलासा किया कि यह गांजा ओडिशा से मंगवाया जाता था और घर में छिपाकर रखा जाता था। मौका मिलने पर इसे ट्रेन के जरिए उत्तर प्रदेश भेजा जाता था। इस नेटवर्क में रायगढ़ की सरस्वती साहू (31), उसका भाई मनोज उर्फ छोटू साहू, उत्तर प्रदेश निवासी लवकेश पांडे और उसका एक अन्य साथी शामिल हैं।
दूसरी महिला भी पुलिस की गिरफ्त में
अनिता की जानकारी पर पुलिस ने रायगढ़ शहर में दबिश देकर सरस्वती साहू को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को उसके मोबाइल से गिरोह के बाकी सदस्यों से बातचीत के कई सबूत मिले हैं।
तीन आरोपी अब भी फरार
गिरफ्तार दोनों महिलाओं को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, गिरोह के तीन अन्य सदस्य—मनोज साहू, लवकेश पांडे और उसका साथी—अभी तक फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।