छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने 25 साल पुराने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। मृतक धनेश ठाकुर (45) बेरोजगार था और शराब का आदी भी। अक्सर घर पर ही रहता था, जिससे पत्नी और उसके प्रेमी की मुलाकात में बाधा आ रही थी। इसी वजह से महिला ने पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

ऐसे रची गई साजिश
22 अगस्त को महिला का प्रेमी हरपाल सिंह उर्फ छोटू (45) धनेश को शराब पिलाने के बहाने एक्टिवा स्कूटर से 15 किलोमीटर दूर नगपुरा इलाके के एक बगीचे में ले गया। वहां उसे शराब पिलाई और नशे में धुत होने के बाद पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद हरपाल ने फोन पर अपनी प्रेमिका अंजनी ठाकुर (44) को बताया – “काम हो गया।”
ऐसे खुला राज़
24 अगस्त को आंवला बाड़ी इलाके में एक अज्ञात शव मिला। पहचान न होने पर पुलिस ने शव की तस्वीरें वायरल कीं। थोड़ी देर बाद अंजनी ने पुलिस के पास पहुंचकर शव को अपने पति धनेश का बताया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर पर भारी वस्तु से वार करने की पुष्टि हुई, जिसके बाद हत्या का मामला दर्ज हुआ।

अफेयर ने खोला राज़
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अंजनी और हरपाल के बीच 25 साल से संबंध थे। संदेह के आधार पर पुलिस ने हरपाल से पूछताछ की, जिसमें उसने पूरे अपराध की कबूलनामा कर दिया। उसने बताया कि धनेश बेरोजगार और शराबी था, आए दिन पत्नी से पैसे मांगकर झगड़ा करता था। उसकी मौजूदगी से दोनों की मुलाकात मुश्किल हो रही थी, इसलिए उसकी हत्या की योजना बनाई गई।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी अंजनी ठाकुर और उसके प्रेमी हरपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल दोनों से आगे की पूछताछ जारी है।