Home Chhattisgarh news Bilaspur news बिलासपुर में गणेश चतुर्थी पर विवाद: गौ-मांस काटते वीडियो से मचा बवाल, हमला कर 4 युवक घायल

बिलासपुर में गणेश चतुर्थी पर विवाद: गौ-मांस काटते वीडियो से मचा बवाल, हमला कर 4 युवक घायल

0
बिलासपुर में गणेश चतुर्थी पर विवाद: गौ-मांस काटते वीडियो से मचा बवाल, हमला कर 4 युवक घायल

बिलासपुर। गणेश चतुर्थी के दिन बिल्हा थाना क्षेत्र के डोड़कीभाठा स्थित ओडिया मोहल्ले में गौ-मांस काटते एक युवती का वीडियो सामने आने के बाद हंगामा खड़ा हो गया। वीडियो वायरल होते ही गौ-रक्षकों और स्थानीय लोगों ने विरोध किया, जिस पर आरोपी पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में 4 युवक घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया।

कैसे शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर मोहल्ले की एक युवती गौ-मांस काट रही थी। इसका वीडियो कुछ युवकों ने बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। इसके बाद स्थानीय गौ-रक्षकों ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताना शुरू किया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में मोहल्ले के लोग भी जुट गए और दोनों पक्षों के बीच भिड़ंत हो गई।

हमला और तनाव

विरोध कर रहे गौ-रक्षकों पर मोहल्लेवालों ने लाठी-डंडों और हथियार से हमला कर दिया। घटना में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थिति बिगड़ते देख आसपास के लोगों की भीड़ बढ़ गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अतिरिक्त बल तैनात किया गया। पुलिस ने गौ-मांस जब्त कर युवती समेत कई लोगों को हिरासत में लिया। डीएसपी डीआर टंडन ने बताया कि गौ-रक्षकों की शिकायत पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस पर लापरवाही का आरोप

गौ-रक्षकों का आरोप है कि उन्होंने पहले ही बिल्हा पुलिस को घटना की सूचना दी थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं की गई। अगर पुलिस समय पर पहुंचती तो हमला और विवाद नहीं होता।

आरोपियों का पक्ष

वहीं, आरोपी पक्ष का कहना है कि उन्होंने गाय की हत्या नहीं की है। मवेशी पालक से पहले से मरी हुई गाय मिली थी, जिसका मांस निकाला जा रहा था। उनके अनुसार, स्थानीय युवकों ने जानबूझकर मामले को विवादित बनाया।

वर्तमान स्थिति

शहर के एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और गौ-रक्षकों को समझाइश देकर थाने लाया गया। देर शाम तक माहौल शांत कर दिया गया।