रायपुर के तेलीबांधा इलाके में जमीन बेचने के नाम पर 62 लाख रुपए की ठगी करने वाले पिता-बेटी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जमीन का सौदा करने के बाद रकम तो ले गए, लेकिन रजिस्ट्री से बचने के लिए बार-बार बहाने बनाते रहे और आखिरकार फरार हो गए।
83 लाख का सौदा, 62 लाख एडवांस
शिकायतकर्ता अख्तर अली (बिहार निवासी) ने पुलिस को बताया कि उसने आरोपी असरफ अली उर्फ शेख असरफ अली से 1500 वर्ग फीट मकान का सौदा 83 लाख रुपए में किया था। इसके लिए गवाहों के सामने एक एग्रीमेंट भी हुआ, जिसके तहत 11 महीने के भीतर रजिस्ट्री कराना तय था। डील के समय अख्तर अली ने 62 लाख 20 हजार रुपए एडवांस दिए थे।
रजिस्ट्री से बचता रहा आरोपी
समय आने पर जब अख्तर अली ने रजिस्ट्री की मांग की, तो असरफ अली बार-बार टालता रहा। बाद में गिरफ्तारी के डर से वह बेटी फिरोजा अली के साथ रकम लेकर फरार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
शिकायत दर्ज होने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए असरफ अली और उसकी बेटी फिरोजा अली को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, इस ठगी में शामिल आरोपी का बेटा असलम अली अब भी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।