दुर्ग पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो नाबालिग और एक युवक को वाहन चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से कुल 19 चोरी की बाइक और स्कूटी बरामद की, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने जानकारी दी कि जिले में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की वारदातों पर निगरानी के लिए पुलिस “सशक्त ऐप” का उपयोग कर रही थी। इसी दौरान सूचना के आधार पर ग्रीन चौक से तीनों आरोपियों को दबोच लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पिछले चार महीनों से लगातार वाहन चोरी कर रहे थे।
जांच में सामने आया कि दोनों नाबालिग आरोपी शौक पूरा करने के लिए बाइक और स्कूटी चुराते थे, जबकि आरोपी वाहन को सस्ते दामों पर परिचितों को बेच देते थे। आश्चर्यजनक रूप से खरीददार भी जानते थे कि ये वाहन चोरी के हैं, जिनके पास न नंबर प्लेट होती थी और न ही कोई कागजात।
पुलिस ने ऐसे 14 खरीददारों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू की है। बरामद वाहनों में 10 स्कूटी और 9 मोटरसाइकिल शामिल हैं। आरोपी अलग-अलग थाना क्षेत्रों से वाहन चोरी कर उन्हें छिपाकर रखते और बाद में बेचकर पैसे उड़ा देते थे।