रायगढ़। नाबार्ड योजना के तहत 6 करोड़ का प्रोजेक्ट दिलाने के नाम पर एक महिला से 50 लाख रुपए ठगे गए। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने महिला को फर्जी टेंडर और चेक दिखाकर झांसा दिया और पैसे जमा करवा लिए।
मामला असीम-कृपा फाउंडेशन से जुड़ा
मुख्य आरोपी रंजीत चौहान (29) और सह-आरोपी सुदीप मंडल (40) असीम-कृपा फाउंडेशन चलाते थे। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।
महिला अनिता साहू (40) जांजगीर चांपा की रहने वाली और महानदी एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी की संचालक हैं। यह कंपनी किसानों को खाद, बीज और दवा प्रदान करती है।

फर्जी वादे और चेक
रंजीत ने अनिता को भरोसा दिलाया कि उसकी कंपनी को नाबार्ड योजना से 6 करोड़ का प्रोजेक्ट दिला देंगे। इसके लिए 50 लाख रुपए जमा करने को कहा। शुरू में अनिता ने पैसे जमा करने से इनकार किया, लेकिन आरोपियों ने फर्जी टेंडर और चेक दिखाकर उसे भरोसा दिलाया।
अनिता ने किश्तों में 27 लाख रुपए और 5 जनवरी को 23 लाख रुपए कैश असीम-कृपा फाउंडेशन के कार्यालय में दिए। जब उसने फर्जी चेक के जरिए पैसे निकालने की कोशिश की, तो पता चला कि खाता बंद था और पैसे नहीं थे।

आरोपी गिरफ्तार
महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। मई 2025 में पुलिस ने मुख्य आरोपी रंजीत चौहान को गिरफ्तार किया था। फरार सह-आरोपी सुदीप मंडल को पुलिस मुखबिर की मदद से रायगढ़ से पकड़कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।