Home Political news BJP news रायपुर: पत्रकार को सड़क निर्माण की रिपोर्टिंग पर ठेकेदार ने धमकाया, FIR दर्ज

रायपुर: पत्रकार को सड़क निर्माण की रिपोर्टिंग पर ठेकेदार ने धमकाया, FIR दर्ज

0
रायपुर: पत्रकार को सड़क निर्माण की रिपोर्टिंग पर ठेकेदार ने धमकाया, FIR दर्ज

रायपुर जिले के गोबरा नवापारा में खराब सड़क निर्माण की खबर दिखाना एक पत्रकार को भारी पड़ गया। ठेकेदार ने फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने आरोपी ठेकेदार रजत बंगानी के खिलाफ FIR दर्ज की है।

सड़क की गुणवत्ता पर रिपोर्ट, ठेकेदार भड़क उठा

पत्रकार नागेंद्र निषाद ने 18 अगस्त को अपने यूट्यूब चैनल पर वार्ड-3 में बनी नई सड़क की खराब गुणवत्ता को लेकर रिपोर्टिंग की थी। इस रिपोर्ट में स्थानीय लोगों ने भी सड़क की शिकायत की थी। इसके बाद ठेकेदार रजत बंगानी ने फोन कर पत्रकार से बदसलूकी की और खबर हटाने के लिए दबाव बनाया।

“कैमरे के सामने 10 लोगों के साथ पिटाई करूंगा”

फोन कॉल में ठेकेदार ने पत्रकार को जमकर गाली दी और धमकी देते हुए कहा कि वह कैमरे के सामने 8-10 लोगों के साथ मिलकर उसकी पिटाई करेगा, ताकि पूरी घटना रिकॉर्ड हो सके। यह धमकी का ऑडियो पत्रकार ने सुरक्षित कर लिया और पुलिस को सबूत के तौर पर सौंपा।

पत्रकारों ने दी शिकायत, FIR दर्ज

इस घटना के बाद पत्रकारों ने सामूहिक रूप से थाने, गृहमंत्री और DGP से शिकायत की। इसके बाद गोबरा नवापारा थाने ने रजत बंगानी के खिलाफ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है।

नगर पालिका अध्यक्ष ने भी ठेकेदार पर सवाल उठाए

गोबरा नवापारा नगर पालिका अध्यक्ष ओम कुमारी साहू ने भी सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि काम बेहद खराब हुआ है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने का प्रस्ताव रखा जाएगा।

ठेकेदार ने माना गाली दी, लेकिन काम को सही बताया

रजत बंगानी ने स्वीकार किया कि उसने गुस्से में पत्रकार से गाली-गलौज की, हालांकि उसने सड़क की गुणवत्ता में किसी तरह की खामी से इनकार किया।

कांग्रेस का सवाल – पत्रकारों की सुरक्षा कब होगी?

इस घटना पर कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा। पार्टी ने सोशल मीडिया पर लिखा – “छत्तीसगढ़ में पत्रकारों की जान की कोई कीमत है या नहीं? कब तक पत्रकार केवल सच्चाई दिखाने के लिए धमकियां झेलते रहेंगे?”