अनुकंपा नियुक्ति की मांग पर शिक्षाकर्मी संघ का प्रदर्शन, बेटी बोली – सरकार वादा भूल गई
रायपुर में शुक्रवार दोपहर बड़ा हंगामा हुआ। दिवंगत पंचायत शिक्षाकर्मी की पत्नी और अनुकंपा संघ की जिला अध्यक्ष अश्वनी सोनवानी ने डिप्टी सीएम विजय शर्मा के घर के बाहर फिनाइल पी लिया। उन्हें तुरंत मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
धरने पर बैठीं महिलाएं, पुलिस ने हटाया
जानकारी के मुताबिक, दिवंगत पंचायत शिक्षाकर्मी अनुकंपा संघ बीते दो दिनों से रायपुर में आंदोलन कर रहा है। शुक्रवार को महिलाएं अपने बच्चों के साथ डिप्टी सीएम और पंचायत मंत्री विजय शर्मा के निवास पर पहुंचीं और धरने पर बैठ गईं। इसी दौरान जब पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों को हटाने पहुंचे, तभी अश्वनी सोनवानी ने फिनाइल पीने की कोशिश की।

बेटी बोली – 2017 से परिवार संकट में
अश्वनी की बेटी ने बताया कि 2017 में पिता की मृत्यु के बाद से ही परिवार आर्थिक तंगी झेल रहा है। मां लगातार न्याय की मांग कर रही हैं, लेकिन सरकार ने अब तक वादा पूरा नहीं किया। “सरकार ने चुनाव में आश्वासन दिया था, लेकिन अब भूल गई,” बेटी ने कहा।
कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने
इस घटना को लेकर राजनीति भी तेज हो गई है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार की असंवेदनशीलता और खुफिया तंत्र की नाकामी के कारण महिला को ऐसा कदम उठाना पड़ा।
वहीं, भाजपा ने कहा कि किसी ने आंदोलनकारियों को भड़काया है और इस मामले की जांच की जानी चाहिए। भाजपा प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने बताया कि यूनियन पदाधिकारियों से चर्चा हो चुकी है और रोजगार देने पर सहमति बनी है।
वर्षों से जारी संघर्ष
अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर यह आंदोलन कई सालों से जारी है। पहले भाजपा शासनकाल में भी आश्वासन मिला, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। कांग्रेस सरकार के दौरान भी हालात नहीं बदले। अब मौजूदा सरकार बनने के दो साल बाद भी परिवारों को नियुक्ति नहीं मिली है, जिससे उनका गुस्सा और विरोध जारी है।