Home Chhattisgarh news रायपुर में हेरोइन सप्लाई का बड़ा खुलासा: चॉकलेट-गुटखे की पाउच से होती थी डिलीवरी, 6 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर में हेरोइन सप्लाई का बड़ा खुलासा: चॉकलेट-गुटखे की पाउच से होती थी डिलीवरी, 6 आरोपी गिरफ्तार

0
रायपुर में हेरोइन सप्लाई का बड़ा खुलासा: चॉकलेट-गुटखे की पाउच से होती थी डिलीवरी, 6 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी पुलिस ने चॉकलेट, गुटखे के पाउच और माचिस की डिब्बियों के जरिए हो रही नशीले पदार्थों की सप्लाई का बड़ा नेटवर्क पकड़ा है। क्राइम ब्रांच और कबीर नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 57 लाख की हेरोइन जब्त हुई है। इस दौरान एक CA छात्रा समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें पति-पत्नी भी शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से 273.19 ग्राम हेरोइन, एक दुपहिया वाहन और 5 मोबाइल फोन जब्त किए गए। सभी आरोपियों की उम्र 19 से 30 साल के बीच है।


पाकिस्तान से पंजाब, फिर रायपुर तक का नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया कि ड्रग्स की खेप पाकिस्तान से पंजाब लाई जाती थी और वहां से ट्रेन, बस और ट्रक के जरिए रायपुर पहुंचती थी। पंजाब से जुड़े दो पैडलर्स नियमित रूप से यहां माल छोड़ते थे।

मुख्य आरोपी मनमोहन सिंह संधू उर्फ जग्गू का पंजाब और हरियाणा के ड्रग तस्करों से सीधा कनेक्शन है। वह अपने ट्रक में माल छिपाकर भी रायपुर लाता था।


ढाई साल में 2 करोड़ का धंधा

पुलिस के मुताबिक, मनमोहन सिंह संधू ने पिछले ढाई साल में करीब 2 करोड़ रुपये की हेरोइन बेची है। उसके करीब 200 ग्राहक हैं और उसके बैंक खाते में 250 से ज्यादा संदिग्ध ट्रांजेक्शन मिले हैं।


वीडियो-लोकेशन से होती थी सप्लाई

आरोपियों का डिलीवरी पैटर्न बेहद चौंकाने वाला था। वे नशीला पदार्थ किसी जगह छोड़ देते और फिर वीडियो व लोकेशन ग्राहक को भेज देते थे। इस तरह सामने-से-सामने मिलने से बचते थे।


घरों पर छापेमारी और गिरफ्तारी

पुलिस ने हीरापुर, वीर सावरकर नगर और आरडीए कॉलोनी में दबिश देकर मनमोहन की पत्नी जसप्रीत कौर, विजय मोटवानी, नितिन पटेल और दिव्या जैन को पकड़ा।
जांच में खुलासा हुआ कि विजय मोटवानी स्कूटी पर घूम-घूमकर हेरोइन बेचने का काम करता था।


SSP का बयान

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि इस नेटवर्क में शामिल युवाओं में दो कॉलेज स्टूडेंट भी हैं। एक युवती CA की पढ़ाई कर रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21B, 21C, 29 और 111 BNS के तहत केस दर्ज किया गया है।