Home Chhattisgarh news आर्थिक रूप से कमजोर और बेरोजगार युवाओं को निशाना बनाने वाला एक ठगी

आर्थिक रूप से कमजोर और बेरोजगार युवाओं को निशाना बनाने वाला एक ठगी

0
आर्थिक रूप से कमजोर और बेरोजगार युवाओं को निशाना बनाने वाला एक ठगी

जशपुर/हजारीबाग।
आर्थिक रूप से कमजोर और बेरोजगार युवाओं को निशाना बनाने वाला एक ठगी रैकेट सक्रिय है, जिसकी जड़ें झारखंड के हजारीबाग से जुड़ी बताई जा रही हैं। यह गिरोह फोन कॉल के जरिए पहले पीड़ित से भावनात्मक तौर पर जुड़ता है, परिवार की स्थिति की जानकारी लेता है और फिर 10वीं-12वीं पास सदस्य को 17 से 18 हजार रुपए की नौकरी का लालच देता है।

कॉल करने वाले लोग “सीट लिमिटेड” होने की बात कहकर दबाव बनाते हैं और आखिर में कहते हैं कि चयन हो गया है, अब हजारीबाग आना होगा। वहीं, खाने-रहने के नाम पर लगभग 16 हजार रुपए एडवांस मांगे जाते हैं। महीनेभर तक बातचीत चलती है, जब तक शिकार पूरी तरह फंस न जाए।

गिरोह पीड़ितों से 100 नए लोगों के कॉन्टैक्ट नंबर भी जुटाता है और उन्हें भी ठगी के जाल में फंसा लेता है। जशपुर जिले के सेंड्रीमुंडा, कर्मा और बड़गड़ गांव के कई युवक-युवतियां इस जाल में फंस चुके हैं।


केस-1: 39 दिन तक बंधक रही तिरेसा

सेंड्रीमुंडा गांव की 32 वर्षीय तिरेसा एक्का 39 दिनों तक रैकेट के कब्जे में रही। उसे बताया गया कि ट्रांसपोर्ट कंपनी में बिलिंग का काम करना होगा और 18 हजार रुपये वेतन मिलेगा। लेकिन वहां उसे हॉस्टल में रखा गया, फोन दिन में केवल एक बार ही इस्तेमाल करने दिया गया। रात को फोन जब्त कर लिए जाते और उसके नंबर से ही अन्य लोगों को कॉल करके नौकरी का झांसा दिया जाता।

तिरेसा ने बताया कि वहां लड़कियों से कहा जाता था कि हर हाल में दो लोगों को जोड़ो, नहीं तो घर से 5 हजार रुपए मंगवाओ। उससे कुल 48 हजार रुपए वसूले गए।


केस-2: मौसी के बहकावे में आई अंशू, 15 माह से लापता

कर्मा गांव की 19 वर्षीय अंशू खलखो को उसकी मौसी नौकरी दिलाने के बहाने हजारीबाग ले गई थी। 25 मई 2024 को वह घर से निकली और फिर वापस नहीं लौटी। चार महीने बाद भी परिवार का उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया है।


केस-3: अंकिता की मां अब भी अनजान

तेजपुर की अंकिता खलखो 12वीं की परीक्षा देने के बाद चाची की बेटी अनिशा के कहने पर हजारीबाग गई थी। परिवार को उसके काम और रहन-सहन के बारे में कुछ नहीं पता। अंकिता की मां का कहना है कि गांव में कई परिवारों को ऐसे कॉल आए हैं, लेकिन असलियत का पता नहीं चल रहा।


पुलिस की चेतावनी

जशपुर एसपी शशिमोहन सिंह ने कहा है कि यह ठगी का नया तरीका है। कई पीड़ित सामने आ रहे हैं। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अनजान कॉल या नौकरी के लालच में न आएं और तुरंत पुलिस को सूचना दें।

हजारीबाग एएसपी अमित कुमार का कहना है कि अब तक ऐसी शिकायत आधिकारिक तौर पर दर्ज नहीं हुई थी। लेकिन अगर जशपुर से जुड़े मामले सामने आ रहे हैं तो इस पर सख्त जांच की जाएगी।