रायपुर। खरोरा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में तीन युवकों ने शराब पीने के लिए पैसों की मांग की, इनकार करने पर उन्होंने मारपीट कर दी। वहीं दूसरे मामले में पुलिस ने दो युवकों को 80 हजार रुपए के गांजे के साथ दबोचा।

केस-1: शराब के लिए पैसे मांगे, नहीं मिले तो हमला
20 अगस्त की शाम सारागांव स्थित बालाजी पेट्रोल पंप पर एक युवक पेट्रोल भरवा रहा था। इसी दौरान मनीष वर्मा (20), भूपेश धीवर (20) और मासूम वर्मा (21) वहां पहुंचे। तीनों ने युवक से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। इनकार करने पर उन्होंने गाली-गलौज की और पेट्रोल पंप कर्मचारी से भी पैसों की मांग की।
कर्मचारी के मना करने पर आरोपियों ने चाकू दिखाकर धमकाया और पीड़ित की पिटाई की। घटना की शिकायत पर पुलिस ने 21 अगस्त को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से बाइक और बटनदार चाकू भी बरामद किया गया।
आरोपियों पर आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
केस-2: 4.5 किलो गांजे के साथ दो गिरफ्तार
इसी बीच खरोरा थाना पुलिस ने 20 अगस्त को मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए हनुमान मंदिर के पास से दो युवकों को पकड़ा। आरोपियों की पहचान विनोद सुनमोंगरी (29) और सुशील श्रीवास (35) के रूप में हुई है।
पुलिस ने तलाशी के दौरान उनके पास से चैन वाला भूरे रंग का बैग जब्त किया। इसमें भूरे टेप में पैक किए दो पैकेट गांजा मिला, जिनका वजन 4.494 किलोग्राम था। बरामद माल की कीमत करीब 80 हजार रुपए आंकी गई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।