Home Chhattisgarh news रायपुर जिले में नैनो उर्वरक और ड्रोन से आधुनिक खेती को बढ़ावा

रायपुर जिले में नैनो उर्वरक और ड्रोन से आधुनिक खेती को बढ़ावा

0
रायपुर जिले में नैनो उर्वरक और ड्रोन से आधुनिक खेती को बढ़ावा

रायपुर जिले में किसानों के लिए आधुनिक खेती का मजबूत आधार तैयार हो रहा है। जिले में नैनो डीएपी और नैनो यूरिया के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस पहल के तहत जिला प्रशासन और कृषि विभाग मिलकर प्रोजेक्ट नैनो के अंतर्गत किसानों को नैनो उर्वरक और ड्रोन तकनीक से अवगत करा रहे हैं।

जिला कृषि अधिकारी सतीश अवस्थी ने बताया कि वर्तमान में जिले में ड्रोन का अधिकतम उपयोग हो रहा है। कृषि कार्य समय के अनुसार होना आवश्यक है, लेकिन श्रमिकों की कमी के कारण उर्वरक और पौध संरक्षण रसायनों का सही समय पर उपयोग चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ऐसे में ड्रोन तकनीक इसका कारगर विकल्प साबित हो रही है। वर्तमान में जिले में तीन ड्रोन हैं, जिन्हें आगे बढ़ाकर और अधिक किसानों को इसका लाभ दिलाया जाएगा।

नैनो उर्वरक से मजबूत जड़ें और बेहतर मृदा स्वास्थ्य
अवस्थी ने बताया कि किसानों में नैनो उर्वरकों के प्रति रुचि दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। इसका मुख्य कारण नैनो उर्वरकों का स्पष्ट और प्रभावी प्रदर्शन है। जहां पारंपरिक रासायनिक उर्वरक केवल औसत जड़ विकास करते हैं, वहीं नैनो उपचारित पौधों की जड़ें मजबूत और स्वस्थ होती हैं। इसके अलावा नैनो उर्वरकों के उपयोग से मृदा का स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है, लागत कम होती है और पर्यावरण पर नकारात्मक प्रभाव कम पड़ता है।

उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण और वितरण
अवस्थी ने कहा कि जिले की सहकारी समितियों में नैनो यूरिया और नैनो डीएपी का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है और इसे किसानों में वितरित किया जा रहा है। पहले निर्धारित लक्ष्य के तहत नैनो यूरिया (10-12 प्रतिशत) की 6000 बॉटल और नैनो डीएपी की 4000 बॉटल वितरण की योजना थी। इसके अतिरिक्त किसानों की मांग के आधार पर नैनो यूरिया की 2000 बॉटल और उपलब्ध कराई गई हैं।