Home Chhattisgarh news कैबिनेट विस्तार: तीन नए मंत्री शामिल, आठ के विभाग बदले

कैबिनेट विस्तार: तीन नए मंत्री शामिल, आठ के विभाग बदले

0
कैबिनेट विस्तार: तीन नए मंत्री शामिल, आठ के विभाग बदले

गजेंद्र को शिक्षा, खुशवंत को कौशल विकास और राजेश को पर्यटन की जिम्मेदारी   छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के 20 महीने बाद मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ। बुधवार सुबह राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव, आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब और अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही राज्य की कैबिनेट हरियाणा की तरह अब 14 मंत्रियों के साथ पूरी हो गई है।

शपथ के बाद दोपहर को विभागों का बंटवारा भी हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत आठ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल किया गया, जबकि ओपी चौधरी, दयालदास बघेल और लक्ष्मी राजवाड़े के विभागों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

नए मंत्रियों की जिम्मेदारी

  • गजेंद्र यादव – स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग और विधि-विधायी कार्य

  • गुरु खुशवंत साहेब – कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, अनुसूचित जाति विकास

  • राजेश अग्रवाल – पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व

गौरतलब है कि बृजमोहन अग्रवाल के सांसद बनने के बाद पर्यटन विभाग मुख्यमंत्री के पास था।

पुराने मंत्रियों में बड़े बदलाव

इस फेरबदल में लखनलाल देवांगन को सबसे बड़ा प्रमोशन मिला है। उन्हें आबकारी और सार्वजनिक उपक्रम का अतिरिक्त जिम्मा सौंपा गया है। वहीं, अरुण साव को खेल एवं युवा कल्याण विभाग दिया गया है। केदार कश्यप को परिवहन विभाग की जिम्मेदारी मिली है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से एक विभाग कम कर दिया गया है, लेकिन उन्हें नया विभाग नहीं दिया गया।

बदलाव का संदेश

भाजपा संगठन ने इस बार भी युवाओं और नए चेहरों पर भरोसा जताया है। तीनों नए मंत्री 50 वर्ष से कम उम्र के हैं। पहले भी विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री और पहली बार जीते विधायकों अरुण साव व विजय शर्मा को उपमुख्यमंत्री बनाकर यही संकेत दिया गया था कि संगठन पीढ़ी परिवर्तन चाहता है।

विभागों के फेरबदल का समीकरण

  • सीएम विष्णुदेव साय – आबकारी, शिक्षा और परिवहन छोड़कर सिंचाई विभाग अपने पास रखा। इसका मकसद बोधघाट व महानदी-इंद्रावती लिंक जैसी बड़ी सिंचाई परियोजनाओं को गति देना है।

  • अरुण साव – विधि-विधायी कार्य की जगह खेल एवं युवा कल्याण का जिम्मा मिला। नवा रायपुर में बड़े खेल प्रोजेक्ट्स आने वाले हैं, इसलिए इन्हें यह विभाग सौंपा गया।

  • केदार कश्यप – जल संसाधन की जगह परिवहन विभाग मिला। खनिज संपदा वाले राज्य में इसे बड़ा पोर्टफोलियो माना जा रहा है।

  • राम विचार नेताम – अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग व अल्पसंख्यक विकास विभाग उनसे लिया गया और इसके स्थान पर पशुधन व मछली पालन का जिम्मा दिया गया।

  • टंकराम वर्मा – खेल विभाग की जगह उच्च शिक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई।

इस फेरबदल से साफ है कि सरकार ने कामकाज के आधार पर कुछ मंत्रियों को इनाम और कुछ को संकेत दिए हैं।